टॉडलर (1-3 वर्ष)

23 महीने के बच्चे की वृद्धि और विकास

आपका नन्हा मुन्ना लगभग दो साल का हो गया है और आपको यह विश्वास करना मुश्किल हो सकता है कि आपका बच्चा प्रत्येक गुजरते दिन के साथ अधिक आत्मनिर्भर होता जा रहा है। क्या आप सोच रहे हैं कि आपके 23 महीने के बच्चे का विकास ठीक से हो रहा या नहीं? यदि हाँ, तो आप सही जगह पर हैं। इस लेख में, हम उन सभी विषयों पर चर्चा करेंगे जिन्हें आप अपने 23 महीने के बच्चे की बढ़त और विकास के मामले में जानना चाहते हैं।

23 महीने के बच्चे का विकास

आपका बच्चा अगले बड़े विकासात्मक उपलब्धियों को हासिल करने के लिए तैयार है और उसका जन्मदिन भी आने वाला है। आप देख पाएंगे कि आपका बच्चा अब अपने मन की करना चाहता है और विरोध भी करने लगा है। परेशान न हों ! आपके पालन-पोषण में कोई कमी नहीं आई है, बल्कि यह एक विकास का पड़ाव है, जो कुछ समय में पार हो जाएगा। लेकिन यह दौर आपकी भी परीक्षा की घड़ी है कि आप उनके उपद्रव को कैसे संभालते हैं। और याद रखें यही वह आपसे सीखने वाला है। आप उनके गुस्से और नखरे के बारे में कैसे प्रतिक्रिया देते हैं यह आपके बच्चे के लिए एक सबक है। माता-पिता के रूप में आपके लिए शांत रहना बहुत ही महत्वपूर्ण है। यहाँ कुछ विकासात्मक लक्ष्य या 23 महीने की उम्र के लक्ष्य दिए गए हैं जो इस समय तक आपका बच्चा प्राप्त कर सकता है:

शारीरिक विकास

जन्म के बाद पहले वर्ष में आपका बच्चा बहुत तेज गति से बढ़ता है और पहले वर्ष में ही आपके बच्चे का वजन उसके जन्म के वजन से दोगुना हो सकता है। हालांकि, 23 महीने के बच्चे का वजन 3 से 5 पाउंड तक बढ़ सकता है। यहाँ बच्चे में होने वाले कुछ शारीरिक परिवर्तन बताएं गए हैं:

  • आपका बच्चा सीढ़ियां चढ़ने और उतरने में सक्षम हो जाएगा, हालांकि उसे अभी भी हाथ पकड़ कर चढ़ाएं व उतारें।
  • आपका बच्चा खुद कपड़े पहन और उतार सकता है।
  • आपके बच्चे की पीठ और पैर की मांसपेशियाँ मजबूत हो गई हैं और इसलिए वह नीचे झुक सकता है और फर्श से वस्तुओं को उठा सकता है।
  • आपका बच्चा अपने पैर के पंजों पर भी खड़ा हो सकता है।
  • वह अब खुद से खा और पी सकता है। उसकी बांह की मांसपेशियां भी मजबूत हो गई हैं, जिसका मतलब है कि अब वह खाने और पीने के दौरान कम खाना फैलाएगा।

सामाजिक और भावनात्मक विकास

इस स्तर पर आपका बच्चा कई सामाजिक और भावनात्मक कौशल विकसित कर रहा है। यहाँ कुछ ऐसे कौशल दिए गए हैं जो आपके बच्चे ने हासिल किए होंगे :

  • अब आपका बच्चा अन्य बच्चों के साथ खेलना चाहेगा।
  • आपका बच्चा अन्य बच्चों की नकल भी कर सकता है।
  • अब वह जानता है कि स्नेह कैसे प्राप्त किया जा सकता है और इसलिए वह अपने खिलौने या खाने की चीज भाई/बहन या दोस्त को दे सकता है।
  • आपका बच्चा मजाकिया चेहरे बनाकर या मजाकिया हरकतें करके अन्य लोगों का मनोरंजन कर सकता है।
  • यदि आप उसके आसपास नहीं हैं तो आपका बच्चा चिंतित महसूस कर सकता है। यह वह समय है जब उसकी आप से अलग होने की चिंता चरम पर हो सकती है।

संज्ञानात्मक और भाषा विकास

यहाँ कुछ संज्ञानात्मक (कॉग्निटिव) और भाषा संबंधी कौशल दिए गए हैं जिसका विकास आपके बच्चे में इस उम्र तक हो सकता है :

  • इस उम्र तक आपके बच्चे का अपना स्वाद और पसंद होता है।
  • आपका बच्चा आपके दो-शब्द वाले सरल आदेशों को समझने और उनका पालन करने में सक्षम है जैसे, इधर आओ, बैठो, खाओ आदि।
  • आपके बच्चे को ड्राइंग और स्क्रिबलिंग करने में आनंद मिलता है और यहाँ तक कि वह सीधी रेखाएं और गोलाकार भी बना सकता है।
  • आपका बच्चा पूर्ण वाक्य बनाने में सक्षम है और सर्वनामों का उपयोग कर सकता है।
  • वह अपने करीबी लोगों के नाम याद रख सकता है।
  • वह आपके स्वर और बोलने के तरीके की नकल कर सकता है।
  • वह आपको बता सकता है कि क्या वह भूखा है, नींद महसूस कर रहा है या पेशाब करना चाहता है।

व्यवहार

आपका बच्चा अब लगातार एक से दूसरी जगह घूमता रहेगा, वह एक जगह बैठना पसंद नहीं करेगा और दिनभर दौड़ता रहेगा। पैदा होने के बाद से वह जो भी करने की कोशिश करता आ रहा है, वह अब मोटर कौशल के रूप में सब करने में सक्षम हो जाएगा। अब आपको अपने रोजमर्रा के काम जैसे कि खरीददारी, खाना बनाने या सफाई करने में कठिनाई हो सकती है, जिसे आप कुछ महीने पहले अपने बच्चे के साथ आराम से कर सकती थीं। ऐसा इसलिए है क्योंकि अब आप उसे लंबे समय तक एक जगह पर बैठाकर नहीं रख सकती हैं, वह इधर-उधर भागता रहेगा। वह अब अपनी नई मिली स्वतंत्रता और कौशल का आनंद लेगा।

जहाँ कुछ बच्चे इधर-उधर भागेंगे और चंचल व्यवहार दिखाएंगे, वहीं अन्य एक स्थान पर बैठना पसंद करेंगे। आपको यह समझना होगा कि आपके 23 महीने के बच्चे की बोली या शब्दावली सीमित है, लेकिन उसकी कल्पना बहुत बड़ी है। अगर आपका 23 महीने का बच्चा ज्यादा बात नहीं करता है या कम से कम पांच शब्द नहीं बोलता है, तो आपको इसके लिए चिकित्सीय सलाह लेनी चाहिए।

खाद्य और पोषण

आपके बढ़ते हुए बच्चे को पर्याप्त भोजन और पोषण की दैनिक खुराक की आवश्यकता होती है। हालांकि, आपको अपने बच्चे को खाना खिलाने के लिए मेहनत करनी पड़ सकती है लेकिन यह महत्वपूर्ण है कि आपका बच्चा विकास के इस स्तर पर ठीक से खाए। अपने बच्चे को उसके भोजन के लिए परिवार के बाकी सदस्यों के साथ बैठाना एक अच्छा विचार है। वह थोड़ा उत्सुक लग सकता है और इंतजार करना पसंद नहीं कर सकता है लेकिन फिर भी, घर के दूसरे बच्चों के साथ भोजन करना सिखाना एक अच्छी बात होगी। अगर आपका बच्चा इधर-उधर घूमता रहता है या भोजन में रुचि नहीं लेता है, तो आपको इसे इशारे के तौर पर लेना चाहिए और उसे खिलाना बंद कर देना चाहिए। अपने बच्चे को जबरदस्ती खिलाना कभी भी अच्छा नहीं है क्योंकि यह व्यवहार उसे खाने के प्रति नाराज कर सकता है। आप कोशिश करें कि उन्हें थोड़े-थोड़े अलग प्रकार के भोजन दें क्योंकि वह खाने से जल्द ही ऊब सकता है। आप उसे एक दिन में तीन मुख्य भोजन और दो से तीन स्नैक्स खिलाएं। अधिकांश बच्चों को दूध पीना बहुत पसंद होता है और हो सकता है कि वे कैल्शियम की अधिकांश आवश्यकताओं को दूध से ही पूरा कर लें। हालांकि, यदि आपका बच्चा दूध पसंद नहीं करता है तो आप उसे दही, पनीर या सोया मिल्क देने की कोशिश कर सकते हैं। कैल्शियम की आवश्यकताओं को पूर्ण करने के लिए आप बोनलेस मछली और अन्य हरी पत्तेदार सब्जियां देने का भी प्रयास कर सकते हैं।

नींद

आपका बच्चा हर समय दौड़ता भागता रहता है और इसलिए यह बहुत महत्वपूर्ण है कि उसे अच्छी नींद भी मिले। इस उम्र के आस-पास के अधिकांश बच्चों के सोने का समय निर्धारित है और वे रात में आराम से सोते हैं। लेकिन इस उम्र के बच्चों के लिए रात में जागना बहुत आम है। यदि वह उठता है और कुंकूनाता है, तो प्रतिक्रिया न दें क्योंकि वह फिर खुद से सो सकता है लेकिन कभी-कभी आपको भी उसकी मदद करने की जरुरत पड़ सकती है। अपने बच्चे को समय से सुलाने के नियम का पालन करना बहुत महत्वपूर्ण है। बच्चों को रात में 8 से 12 तक सबसे अच्छी नींद आती है, इसलिए आपको अपने बच्चे को जल्दी सोने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। बच्चों को देर रात में सुलाने की आदत नहीं डलवानी चाहिए, इससे बच्चा बेचैन और चिडचिडा बन सकता है। यदि बच्चा परेशान करता है और सोने के लिए मना करता है, तो उसे सोने के लिए मजबूर न करें। खुद को शांत रखें और समझने की कोशिश करें कि उसे क्या परेशानी हो सकती है। यह कभी-कभी किसी बीमारी के कारण भी हो सकता है या आपके बच्चे को आराम और ज्यादा ध्यान की आवश्यकता होती है।

खेल और गतिविधियां

अपने बच्चे के साथ मस्ती करने का यह सबसे अच्छा चरण है। आप अपने बच्चे को कई खेल और गतिविधियों में शामिल कर सकते हैं। यहाँ हम कुछ मजेदार और रोमांचक गतिविधियों पर चर्चा करेंगे, जिन्हें आप अपने छोटे बच्चे के साथ खेल सकते हैं :

  • मिट्टी के साथ खेलना : यह सुनने में गंदा लग सकता है लेकिन यह गतिविधि आपके बच्चे के लिए बढ़िया है। यह गतिविधि न केवल बच्चे को बेहतर मोटर कौशल विकसित करने में मदद करती है, बल्कि इससे उसे बेहतर इम्युनिटी विकसित करने में भी मदद मिलती है।
  • बुलबुलों के साथ खेलना : आप साबुन का पानी ले सकते हैं और इससे बुलबुले उड़ा सकते हैं। अपने बच्चे को बुलबुले को पकड़ने और उन्हें फोड़ने के लिए कहें। यह पानी के साथ एक मजेदार गतिविधि है जो आपके बच्चे को अपने पैर की मांसपेशियों पर काम करने में मदद कर सकती है।
  • फलों और सब्जियों के साथ चित्रकारी : अपने बच्चे को फल और सब्जियों के कटआउट जैसे कि नारंगी और भिंडी दें और उसे एक कागज पर विभिन्न पैटर्न और आकार पेंट करने में मदद करें। बच्चों को रंगों से खेलना पसंद है और कुछ भी चमकीला उनका ध्यान आकर्षित करता है। यह गतिविधि आपके बच्चे को लंबे समय तक व्यस्त रख सकती है।
  • रेंगने का मजा : आप फर्श पर अनेक बाधाएं बना सकते हैं और बच्चे को रेंगकर उसे पार करने के लिए कह सकते हैं। आपका बच्चा अब बड़ा हो गया है और रेंगने से उसकी बांह और पैर की मांसपेशियों पर जोर पड़ता है और इससे उसे पैर और हाथ की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद मिलती है।
  • गुंथा हुआ आटा : आप अपने बच्चे को आटे की एक गेंद दे सकते हैं और उसे विभिन्न आकृतियों को बनाने में मदद कर सकते हैं। यह थोड़ी गन्दगी करने वाली गतिविधि है लेकिन आपका बच्चा इसे पसंद करेगा।

माता-पिता के लिए सुझाव

हर माता-पिता अपने बच्चों की देखभाल करने की पूरी कोशिश करते हैं। माता-पिता को और मदद करने के कोशिश में, यहाँ हम कुछ सुझाव शेयर करेंगे जो आपके बच्चे को विकासात्मक उपलब्धियों को हासिल करने में मदद कर सकते हैं:

  • अपने बच्चे को उन गतिविधियों में शामिल करें, जिनमें वस्तुओं का समूह बनाने, जमाने या मिलान करने की आवश्यकता है।
  • अपने बच्चे को पढ़कर और गा कर सुनाएं, वह बात करना और समझना अभी सीख रहा है। इससे उसे अपनी शब्दावली बढ़ाने में मदद मिलेगी।
  • अपने बच्चे के आहार और पोषण पर उचित ध्यान दें।
  • आपका बच्चा अभी हर नए चीज का पता लगाना पसंद करता है और इधर-उधर घूमता रहता है। यह सलाह दी जाती है कि आप अपने घर को चाइल्ड प्रूफ बनाएं।
  • अपने बच्चे के लिए सोने का एक समय-सारणी बनाएं और उसका पालन करें।
  • बच्चों के सभी माँगों को पूरा न करें और उसे कभी-कभी किसी चीज के लिए ‘ना’ भी बोलें।
  • जब मौका मिले अपने बच्चे की सराहना करें।
  • जब भी आप घर से बाहर जाएं तो बच्चे को अपने करीब रहना सिखाएं । हालांकि, आप जो कहते हैं जरुरी नहीं की बच्चा उससे सहमत हो, लेकिन अगर वह नहीं समझता तो इस बात को दोहराएं ।
  • आपका बच्चा कई बार मजेदार बात कह सकता है या मजाकिया व्यवहार कर सकता है; अपने बच्चे की ऐसी सभी गतिविधियों का एक एल्बम बना कर रखें।

डॉक्टर से परामर्श कब करें

यह बहुत महत्वपूर्ण है कि आप अपने बच्चे को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए डॉक्टर के पास ले जाएं। कभी-कभी माता-पिता को आश्चर्य हो सकता है कि उनका बच्चा कुछ विकासात्मक लक्ष्य प्राप्त करने में पिछड़ रहा है, जैसे कि बच्चा

  • बिना सहारे के चलने में सक्षम नहीं है।
  • नियमित रूप से मिलने वाले लोगों को पहचानने में असमर्थ है।
  • मदद से भी सीढ़ियों पर चढ़ने में असमर्थ है।
  • उसकी शब्दावली में कुछ ही शब्द हैं।
  • दो-शब्द वाले सरल आदेशों को समझने में सक्षम नहीं है।

उपर्युक्त संकेत है कि आपके बच्चे के विकास में कुछ समस्याएं हैं। यह सुझाव दिया जाता है कि आप इस बारे में अपने डॉक्टर से संपर्क करें।

जया कुमारी

Recent Posts

जादुई हथौड़े की कहानी | Magical Hammer Story In Hindi

ये कहानी एक लोहार और जादुई हथौड़े की है। इसमें ये बताया गया है कि…

1 week ago

श्री कृष्ण और अरिष्टासुर वध की कहानी l The Story Of Shri Krishna And Arishtasura Vadh In Hindi

भगवान कृष्ण ने जन्म के बाद ही अपने अवतार के चमत्कार दिखाने शुरू कर दिए…

1 week ago

शेर और भालू की कहानी | Lion And Bear Story In Hindi

शेर और भालू की ये एक बहुत ही मजेदार कहानी है। इसमें बताया गया है…

1 week ago

भूखा राजा और गरीब किसान की कहानी | The Hungry King And Poor Farmer Story In Hindi

भूखा राजा और गरीब किसान की इस कहानी में बताया गया कि कैसे एक राजा…

1 week ago

मातृ दिवस पर भाषण (Mother’s Day Speech in Hindi)

मदर्स डे वो दिन है जो हर बच्चे के लिए खास होता है। यह आपको…

1 week ago

मोगली की कहानी | Mowgli Story In Hindi

मोगली की कहानी सालों से बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय रही है। सभी ने इस…

1 week ago