गणतंत्र दिवस पर भाषण (Speech on Republic Day in Hindi)

बच्चों के लिए गणतंत्र दिवस पर स्पीच तैयार करने के टिप्स

26 जनवरी को मनाया जाने वाला गणतंत्र दिवस हर भारतीय के लिए गौरव का दिन होता है। इसी दिन, साल 1950 में भारत का संविधान लागू हुआ था। 26 जनवरी के उत्सव में स्कूल, कॉलेज, सरकारी ऑफिस आदि जगहों पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं पर इसमें दी जाने वाली स्पीच यानी भाषण का एक अलग ही महत्व है क्योंकि भाषण से ही इस भव्य आयोजन की शुरुआत होती है। स्कूल में अक्सर बच्चों को रिपब्लिक डे के लिए प्रेरणादायक भाषण तैयार करने के लिए कहा जाता है। गणतंत्र दिवस पर भाषण में बताई जाने वाली जानकारियां सटीक होनी चाहिए, इसमें प्रेरक बातें होनी चाहिए और साथ ही यह भाषण श्रोताओं को देशभक्ति की भावना से भरने वाली भी होनी चाहिए। बच्चों के लिए 26 जनवरी की ऐसी ही स्पीच तैयार करने के लिए कुछ महत्वपूर्ण बातें और भाषण के सैंपल हमने इस लेख में दिए हैं।

बच्चों के लिए गणतंत्र दिवस पर स्पीच सैंपल – 1

नमस्कार!

ADVERTISEMENTS

आदरणीय अतिथिगण, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और मेरे प्यारे साथियों, आप सभी का इस भव्य आयोजन में स्वागत है। मैं अपने शिक्षकों का धन्यवाद देना चाहूंगा कि उन्होंने मुझे इस विशेष दिन पर अपने विचार व्यक्त करने का मौका दिया है। आज हम सभी भारतीय हमारे इतिहास के मुख्य दिन, गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर को मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं।

भारत में पहली बार गणतंत्र दिवस 26 जनवरी, 1950 को तब मनाया गया था जब डॉ. बी आर अंबेडकर द्वारा लिखित संविधान आधिकारिक रूप से लागू किया गया था। इस दिन हमारे देश के पहले राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद ने राजपथ, नई दिल्ली में हजारों लोगों के सामने तिरंगा लहराया था।

ADVERTISEMENTS

तब से आज तक भारत में गणतंत्र दिवस मनाने की प्रथा चली आ रही है और राजपथ, नई दिल्ली में आज भी देश के राष्ट्रपति द्वारा तिरंगा लहराया जाता है व सभी मिलकर राष्ट्रगान गाते हैं। तिरंगा लहराने का समारोह व राष्ट्रगान पूरा होने के बाद गणतंत्र दिवस की मुख्य परेड होती है और साथ ही भारत के विभिन्न राज्यों की ऐतिहासिक परंपराओं का प्रदर्शन किया जाता है जिससे राजपथ की भव्यता अधिक बढ़ती है।

हालांकि, इस दिवस का वास्तविक आकर्षण भारतीय सेना का साहसिक और सुंदर प्रदर्शन होता है जिससे मेरा दिल गर्व से भर जाता है।

ADVERTISEMENTS

इस भव्य आयोजन में पदक समारोह भी होता है जो सच में हम सभी के दिल को प्रशंसा व प्रेरणाओं से भर देता है। आज के दिन बहादुरी के लिए परमवीर चक्र, वीर चक्र और महावीर चक्र जैसे पदकों से उन साहसी सेनानियों को सम्मानित किया जाता है जिन्होंने हमारी सुरक्षा के लिए अपनी जान को जोखिम में डाला था।

इस दिन बच्चों की बहादुरी को भी प्रोत्साहित किया जाता है और साहस व नि:स्वार्थ त्याग के लिए उन्हें भी राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है।

ADVERTISEMENTS

आज हम सब भी कुछ पलों के लिए स्वतंत्रता सेनानियों के उन त्यागों को याद करते हैं जिनकी वजह से हमारी पहचान बनी हुई है। ऐसे वीर जवानों को मेरा शत-शत नमन।

अंत में एक बार फिर से मैं शुक्रिया अदा करना चाहूंगा कि आप सभी ने मुझे अपने देश के बारे में कुछ शब्द कहने का मौका दिया है।जय हिन्द! जय भारत!

ADVERTISEMENTS

बच्चों के लिए गणतंत्र दिवस पर स्पीच सैंपल – 2

आदरणीय शिक्षकों और प्रिय साथियों, आप सभी को मेरी तरफ से सुप्रभात। मैं आप सभी को धन्यवाद देना चाहता/चाहती हूं कि आपने मुझे अपने समक्ष बोलने का मौका दिया।

जैसा कि आप जानते हैं, आज हम सभी अपने देश के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक ‘गणतंत्र दिवस’ का जश्न मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। इस साल 26 जनवरी, 2025 को भारत का 76वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है, जो पहली बार 26 जनवरी, 1950 को मनाया गया था जब देश का संविधान लागू हुआ था।

ADVERTISEMENTS

1947 में जब भारत आजाद हुआ उस दौरान हमारा अपना कोई संविधान नहीं था, बल्कि अंग्रेजों की सरकार द्वारा बनाए गए नियम और कानून का पालन होता था। 26 नवंबर, 1949 को डॉ. बी.आर. अंबेडकर की अध्यक्षता वाली समिति ने भारतीय संविधान प्रस्तुत किया, जो आधिकारिक तौर पर 26 जनवरी, 1950 को लागू हुआ।

यह दिन हमें सत्याग्रह आंदोलन से लेकर भारत छोड़ो आंदोलन तक देश की आजादी के लिए हुई लड़ाईयों और कठिनाइयों की याद दिलाता है। इस दौरान हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने कभी उम्मीद नहीं हारी और हमें पूर्ण स्वराज दिलाने के लिए अपनी जान का बलिदान दिया। उन्हीं वीर सेनानियों के कारण हमारे पास लोकतांत्रिक सरकार, मौलिक अधिकार और सर्वोच्च राज्य है और यह आज स्वतंत्र भारत कहलाता है। हमारा संविधान जिस विविधता, समानता और भाईचारे की बात करता है, वही हमें भारत का हिस्सा बनाता है।

ADVERTISEMENTS

हर साल राजपथ पर जश्न मनाया जाता है। इस भव्य उत्सव में भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और सम्मानित विदेशी अतिथियों सहित देश के सम्मानित लोग भाग लेते हैं। इस दिन की बड़ी खासियत औपचारिक परेड होती है जो राष्ट्रपति भवन से शुरू होकर इंडिया गेट तक जाती है। इस प्रतिष्ठित दिन पर, हमारे सुरक्षाबलों की रेजिमेंट अपनी आधिकारिक वेशभूषा में मार्च करती हैं, भारतीय वायु सेना अपनी संपत्ति और सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा का प्रदर्शन करती है और अपने देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले शहीदों को पुरस्कार दिए जाते हैं।

मैं अपना भाषण उन शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देकर समाप्त करना चाहूंगा/चाहूंगी जिन्होंने इस लोकतांत्रिक राष्ट्र के खड़े होने के लिए अपना बलिदान दिया। एक और चीज जो हम सब मिलकर अपने देश के लिए कर सकते हैं वह यह है कि हम सभी जिम्मेदार नागरिक बनें ताकि हम अपने देश को एक बेहतर जगह बना सकें।

ADVERTISEMENTS

जय हिन्द।

धन्यवाद।

ADVERTISEMENTS

बच्चों के लिए गणतंत्र दिवस पर स्पीच सैंपल – 3

यहां मौजूद सभी लोगों को मेरा नमस्कार!

आज, गणतंत्र दिवस के इस महत्वपूर्ण अवसर पर इसकी महत्ता के बारे में बताते हुए मुझे बेहद गर्व महसूस हो रहा है। 26 जनवरी, 1950 को भारत ने अपना संविधान अपनाया था जो देश के एक गणराज्य में परिवर्तन का प्रतीक था। यह दिन एक लोकतांत्रिक और प्रगतिशील देश बनने की दिशा में हमारी यात्रा का अहम प्रतीक है।

ADVERTISEMENTS

हमारा संविधान एक सम्मानित और पावन दस्तावेज है जो हमारे देश के शासन की रूपरेखा तैयार करता है। हमारे देश के संविधान में हर एक नागरिक के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों का उल्लेख किया गया है। गणतंत्र दिवस हमें आजादी दिलाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किए गए बलिदानों की याद दिलाता है। उनकी बहादुरी और बुद्धिमत्ता ने हमारे देश की नियति को एक बेहतर आकार दिया है।

आइए राजपथ पर भव्य परेड देखते हुए हम हमारे देश की विविधता में एकता और इससे देश को मिलने वाली ताकत को याद करें। आज हम सभी अपने संविधान में लिखे मूल्यों को बनाए रखने और राष्ट्र की वृद्धि और विकास में योगदान देने की प्रतिज्ञा करते है।

ADVERTISEMENTS

आइए इस दिन को गर्व और सम्मान के साथ मनाएं।

जय हिन्द!

ADVERTISEMENTS

बच्चों के लिए गणतंत्र दिवस पर स्पीच सैंपल – 4

आदरणीय प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और मेरे प्रिय मित्रों,

आप सभी को मेरी तरफ से सुप्रभात। आज, मैं गणतंत्र दिवस पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए यहां खड़ा/खड़ी हूं। यह एक ऐसा अवसर जो हर भारतीय के दिल को गर्व और देशभक्ति से भर देता है। इसी दिन 1950 में भारत अपने संविधान के साथ एक गणतंत्र राज्य बना था।

ADVERTISEMENTS

डॉ. बी.आर. अंबेडकर जैसे महान और दूरदर्शी व्यक्ति द्वारा तैयार किया गया हमारा संविधान लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और समानता के आदर्शों का एक प्रमाण है। यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और बेहतर भविष्य की अपेक्षाओं को दर्शाता है। गणतंत्र दिवस केवल परेड और समारोह का दिन नहीं है बल्कि यह हमारे देश के वीरों की विरासत को याद करने और उन्हें सम्मान देने का दिन है।

हम, भारत के युवा, इस महान राष्ट्र का आने वाला भविष्य हैं। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने संविधान के सिद्धांतों को कायम रखें और भारत को वैश्विक स्तर पर सबसे आगे ले जाने की दिशा में काम करें। आइए, देश की प्रगति में योगदान देकर हम एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लें।

ADVERTISEMENTS

आइए हम सभी एक साथ इस दिन को पूरे उत्साह के साथ मनाएं और मातृभूमि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साबित करें।

जय हिन्द!

ADVERTISEMENTS

बच्चों के लिए गणतंत्र दिवस पर स्पीच सैंपल – 5

माननीय मुख्य अतिथि, आदरणीय प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और मेरे प्रिय साथियों

आज हम सभी गणतंत्र दिवस मनाने के लिए एक साथ एकत्रित हुए हैं, ये दिन हमें उन सभी लोगों की याद दिलाता है जिन्होंने देश के संविधान को बनाने के लिए अपने आप को पूरी तरह से समर्पित किया। इस दिन हमने संविधान को अपनाया था, जिसकी वजह से आज हमारा देश एक बेहतर भविष्य की ओर बढ़ रहा रहा है।

ADVERTISEMENTS

गणतंत्र दिवस हमारे समृद्ध इतिहास और हमारे पूर्वजों द्वारा किए गए संघर्षों की याद दिलाता है। इस दिन हमें  उन सभी व्यक्तियों को याद करना चाहिए जिन्होंने देश के संविधान को बनाने के लिए दिन रात मेहनत की ताकि हमारे देश के नागरिक उनके मौलिक अधिकारों से वंचित न रहें। हमारा संविधान न केवल देशवासियों के अधिकारों की रूपरेखा बताता है बल्कि लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और समानता के आदर्शों को भी जीवित रखता है। यह हम नागरिकों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के साथ सशक्त बनाता है और देशभक्ति व भाईचारे की भावना को बढ़ावा देता है।

आइए इस महत्वपूर्ण दिन को मनाते हुए हम उन बहादुर सैनिकों के त्याग को भी याद करें जो देश और हमारी सुरक्षा के लिए दिन-रात सीमाओं पर डटे रहते हैं। उनका अटूट समर्पण और साहस हमें देश के विकास और कल्याण में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है।

ADVERTISEMENTS

इसके साथ ही, गणतंत्र दिवस हम जैसे युवाओं के लिए एक भेंट है। यह दिन हमें हर वक्त यह अहसास दिलाता है कि देश का आने वाला भविष्य हमारे हाथों में है। हमें एक जिम्मेदार नागरिक बनने, देश के कानूनों का पालन करने और देश की विविधता को संजोने प्रयास करना चाहिए जिसकी वजह से हमारा भारत हर मायने में  खास बन सके। हमें अपने देश के नायकों से प्रेरणा लेनी चाहिए और भारत को आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर स्थान बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।

अंत में, आइए हम अपने संविधान में लिखे मूल्यों के प्रति खुद को फिर से समर्पित करते हुए इस गणतंत्र दिवस को गर्व और खुशी के साथ मनाएं। आइए मिलकर एक ऐसे भारत का निर्माण करें जो मजबूत, समावेशी और समृद्ध हो और साथ ही हमारे दिलों में एकता और भाईचारे की भावना को जीवित रखे।

ADVERTISEMENTS

जय हिन्द!

तो ये थे हिंदी में गणतंत्र दिवस पर भाषण के कुछ सैंपल जिनसे आप बच्चों को स्पीच तैयार करते समय मदद ले सकते हैं। ये भाषण न केवल बच्चे को इस अवसर पर सबके सामने अच्छा बोलने में मदद करेंगे बल्कि भारत के प्रति गर्व का अहसास दिलाएंगे।

ADVERTISEMENTS

गणतंत्र दिवस पर बेहतरीन भाषण तैयार करने के टिप्स – Republic Day Par Behtareen Bhashan Taiyar Karne Ke Tips

बच्चों को भाषण याद करते समय कुछ महत्वपूर्ण बातें याद रखना जरूरी है। माता-पिता के रूप में यह आपका काम है कि बच्चे को अपने देश के प्रति सम्मान और प्रेम की भावना के साथ भाषण देने में गर्व महसूस हो। नीचे बताए गए टिप्स इसमें आपकी मदद कर सकते हैं।

1. सटीक जानकारी

यद्यपि आपको गणतंत्र दिवस के बारे में सब कुछ पता है पर फिर भी भाषण लिखना शुरू करते समय बच्चो को इसकी सटीक जानकारी देनी होगी। यदि बच्चा कंप्यूटर चलाना जानता है तो आप उसे खुद से रिसर्च करने दें और भाषण लिखने में उसकी मदद करें।

ADVERTISEMENTS

2. समय पर ध्यान

भाषण कितना लंबा होना चाहिए यह इस बात पर निर्भर करता है कि स्पीकर को बोलने के लिए कितना समय दिया गया है। समय के अनुसार ही स्पीच तैयार करें।

3. भाषण का फॉर्मेट

श्रोता और जगह पर निर्भर करता है कि भाषण कैसा होना चाहिए। निम्नलिखित जानकारी से आपको भाषण का फॉर्मेट बनाने में काफी मदद मिलेगी, आइए जानें;

  • यदि बच्चे को स्कूल में भाषण देना है तो सबसे पहले कुछ पंक्तियों में आए हुए सभी लोगों, प्रिंसिपल, टीचर, माता-पिता और छात्रों के सम्मान में कुछ अच्छी बातें होनी चाहिए।
  • यदि भाषण किसी सोसाइटी में दिया जा रहा है तो इसमें सबसे पहले चेयरमैन, सेक्रेटरी, मुख्य अतिथि और श्रोताओं के सम्मान में कुछ विशेष शब्द होने चाहिए।
  • आपको यह भाषण देने का मौका मिल रहा है जिसका गौरव और आभार आप बोलकर व्यक्त करें।
  • संविधान का अर्थ बताएं और साथ ही यह भी बताएं कि यह किस प्रकार लागू हुआ।
  • पूरे देश में यह दिन कैसे मनाया जाता है अपने भाषण में इसका वर्णन करें।
  • वीर और बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दें।
  • अपने भाषण को पूरा करते हुए आभार प्रकट करें।
  • अंत में स्टेज छोड़ते समय जय हिंद या वन्दे मातरम जरूर बोलें।

4. बच्चे को भाषण लिखने दें

बच्चे को भाषण लिखने दें, उसे खुद ही उपयोगी और महत्वपूर्ण बातों पर निशान लगाने दें। इससे बच्चे को पता होगा कि भाषण देते समय उसे किस चीज पर ध्यान देना है और वह सहज रहेगा।

5. बच्चे को भाषण याद करने में मदद करें

भाषण के कुछ तथ्य बच्चे स्टेज पर भूल सकते हैं या गड़बड़ भी कर सकते हैं। इसलिए आप भाषण में दिए गए तथ्य व नाम याद करने में बच्चे की मदद करें। उसे तथ्यों से संबंधित पूरा इतिहास बताएं क्योंकि पूरी कहानी बताने से बच्चे के लिए यह भाषण रोचक होगा और उसे याद रखने में भी आसान होगा।

6. भाषण का डेमो

यदि बच्चा ठीक से भाषण नहीं दे पा रहा है तो आप बच्चे को यह खुद बोलकर सुनाएं व उसकी मदद करें। उसे बताएं कि स्पीच कैसे दी जाती है, कहाँ पर उसे रुकना है और आवाज में किस प्रकार से उतार-चढ़ाव करना चाहिए आदि।

7. प्रैक्टिस

लोगों के सामने भाषण देने से पहले बच्चे को कई बार इसकी प्रैक्टिस कराएं। जब बच्चा भाषण के लिए जानकारी ढूंढ रहा हो तो आप परिवार से किसी को उसकी मदद करने के लिए कह सकते हैं। भाषण देने से बच्चे में पब्लिक स्पीकिंग का डर खत्म होता है और उसमें आत्मविश्वास बढ़ता है।

8. दृश्यों की सहायता लेना

यदि बच्चे को अनुमति मिलती है तो उसे पोस्टर या स्लाइड आदि का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें। ऐसा करने से उसकी स्पीच और भी आकर्षक बन सकती है, और अहम बिंदुओं पर जोर डालने में मदद मिल सकती है।

9. कोट्स और कहानियों का प्रयोग

अपने बच्चे को भाषण में गणतंत्र दिवस से जुड़े महापुरुषों के उद्धरण यानी कोट्स या किस्से-कहानी का उपयोग करने का सुझाव दें। इनकी मदद से उसका भाषण अधिक प्रभावशाली और यादगार बन सकता है।

10. आत्मचिंतन के लिए प्रोत्साहन

अपने बच्चे को यह व्यक्त करने के लिए कहें कि गणतंत्र दिवस के बारे में उसकी अपनी क्या भावनाएं हैं और उसके लिए यह क्या मायने रखता है। ये व्यक्तिगत विचार भाषण को प्रभावशाली और दर्शकों से जुड़ाव बनाने में काम आ सकते हैं।

गणतंत्र दिवस पर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs On Republic Day)

1. गणतंत्र दिवस पर भाषण देना क्यों महत्वपूर्ण है?

गणतंत्र दिवस पर भाषण देना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि उसके द्वारा हम देश के संविधान को सम्मान देते हैं, स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हैं और राष्ट्र की प्रगति और आकांक्षाओं को प्रस्तुत करते हैं।

2. गणतंत्र दिवस के भाषण में शामिल किए जाने वाले प्रमुख तथ्य क्या होने चाहिए?

आमतौर पर गणतंत्र दिवस के भाषण में उस दिन का संक्षिप्त इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों की वीरता, संविधान का महत्व और देश की एकता, प्रगति और देशभक्ति का संदेश होना चाहिए।

3. बच्चे गणतंत्र दिवस समारोह में कैसे भाग ले सकते हैं?

बच्चे भाषण देकर, स्कूल के कार्यक्रमों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर और इस खास दिन के इतिहास के महत्व को जानकर गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हो सकते हैं।

4. गणतंत्र दिवस का भाषण कितने समय का होना चाहिए?

गणतंत्र दिवस के भाषण की लंबाई अलग-अलग हो सकती है, लेकिन स्कूल के कार्यक्रमों या औपचारिक समारोहों के लिए, यह आमतौर पर कुछ मिनटों से लेकर लगभग 5-10 या अधिकतम 15 मिनट तक होती है। एक छोटा भाषण लगभग 10 पंक्तियों का हो सकता है।

हम आशा करते हैं कि ऊपर बताए हुए टिप्स से रिपब्लिक डे पर स्पीच तैयार करने में आपके बच्चे को मदद मिलेगी और वह आत्मविश्वास के साथ यह पूरा भी करेगा। एक अच्छी लिखी हुई स्पीच को ठीक से बोलने पर ऑडियंस के अंदर भी देशभक्ति की भावना जागृत होती है। और जब आपने पूरे दिल से स्पीच तैयार करने में बच्चे की मदद की है तो वह जरूर अच्छा परफॉर्म कर पाएगा व उसे गर्व भी होगा और साथ ही पूरी ऑडियंस तालियों से उसका हौसला बढ़ाएगी।

यह भी पढ़ें:

बच्चों के लिए गणतंत्र दिवस पर निबन्ध
बच्चों के लिए गणतंत्र दिवस से जुड़ी जानकारियां
बच्चों के लिए गणतंत्र दिवस के मौके पर तीन रंगों वाली डिश