बड़े बच्चे (5-8 वर्ष)

प्रकृति पर निबंध (Essay On Nature In Hindi)

प्रकृति हम मनुष्यों को दिया हुआ वो कीमती उपहार है जिसके अनेक फायदे हैं। जिस सुंदरता को हम प्रकृति में देख पाते हैं वैसी सुंदरता का वर्णन करना शायद संभव ही न हो सके। प्रकृति में जल, वायु, पेड़-पौधे, जानवर आदि सब शामिल होते हैं, जो अपने आप में एक करिश्मा है। मनुष्य को अपना जीवन जीने के लिए इन सभी चीजों की जरूरत होती है। हमारे चारों ओर जो भी मौजूद है और जिसे हम महसूस कर सकते हैं या फिर देख सकते हैं वो सभी चीजें प्रकृति में आती हैं। पानी, हवा, पहाड़, पेड़, फूल, आसमान आदि सब प्रकृति का हिस्सा हैं। हमने प्रकृति को अपने फायदे के लिए उपयोग से दुरूपयोग करना शुरू कर दिया। नतीजतन हमें प्राकृतिक आपदाओं का सामना पड़ता है और भारी नुकसान उठाना पड़ता है। आइए प्रकृति के इस हिंदी निबंध के जरिए हम प्रकृति को और नजदीक से जानते हैं।

प्रकृति पर निबंध लिखते समय ध्यान रखने वाली जरूरी बातें (Key Points To Remember When Writing Essay On Nature)

प्रकृति पर निबंध लिखते समय बच्चों को कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। नीचे उन जरूरी बातों को सरल तरीके से समझाया गया है।

  • एक निबंध में शुरुआत में भूमिका, मुख्य हिस्सा और अंत (निष्कर्ष) होता है।
  • निबंध की शुरुआत में प्रकृति क्या है, यह सरल शब्दों में लिखना चाहिए।
  • मुख्य भाग में प्रकृति की भूमिका और उसके महत्व को समझाना चाहिए।
  • निबंध के निष्कर्ष में यह बताना चाहिए कि हम प्रकृति की रक्षा के लिए क्या कर सकते हैं।
  • प्रकृति के महत्व को दिखाने के लिए आप कुछ प्रसिद्ध पंक्तियां या अच्छे विचार भी लिख सकते हैं।

प्रकृति पर 5 लाइन (5 Lines On Nature in Hindi)

बच्चे को प्रकृति पर 5 लाइन का निबंध सिखाने के लिए नीचे दिए गए आसान वाक्य आपकी मदद कर सकते हैं।

  1. प्रकृति ईश्वर द्वारा दिया गया सबसे अच्छा उपहार है।
  2. हमारे आसपास सब प्रकृति के अंतर्गत आता है।
  3. पृथ्वी ही एकमात्र ग्रह है जहाँ जीवन संभव है।
  4. प्रकृति हमें हवा, पानी आदि प्रदान करती है।
  5. प्रकृति से हमें ऐसी औषधियां मिलती हैं जो बीमारियों के इलाज करती हैं।

प्रकृति पर 10 लाइन (10 Lines On Nature In Hindi)

यहां बच्चों के लिए आसान वाक्यों में प्रकृति पर हिंदी निबंध दिया गया है, आप नीचे दी गई 10 लाइन के निबंध से बच्चों को प्रकृति पर हिंदी एस्से तैयार करा सकते हैं।

  1. हमारे आसपास मौजूद चीजें जिन्हें हम देख, सुन और महसूस करते हैं वो प्रकृति का हिस्सा हैं।
  2. हम मनुष्य प्रकृति का बहुत छोटा सा हिस्सा हैं।
  3. सांस लेना, भोजन, पानी व अन्य सभी चीजें हमें प्रकृति से मिलती हैं।
  4. प्रकृति जितनी मनुष्यों के लिए जरूरी है उतनी ही पशु-पक्षियों के लिए जरूरी है।
  5. प्रकृति हमारी माँ समान है जो निस्वार्थ भाव से हमें लाभ पहुँचाती है।
  6. प्रकृति से हमें जीने के साधन जैसे खाना, फल, फूल, पानी, लकड़ी आदि मिलते हैं।
  7. यह हमें जिंदा रखने के लिए शुद्ध हवा प्रदान करती है।
  8. हमारे चारों ओर मौजूद नदी, तालाब, पर्वत, मैदान, जंगल आदि भी प्रकृति की देन हैं।
  9. प्रकृति से जुड़े रहने से हमें तरोताजा महसूस होता है।
  10. प्रकृति के करीब रहने वाला व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से ज्यादा स्वस्थ रहता है।

प्रकृति पर एक अनुच्छेद (A Paragraph On Nature)

प्रकृति हमारी दुनिया की वह बड़ी और खूबसूरत तस्वीर है, जिस पर जीवन की हर कहानी बनी है। यह हमेशा से हमें प्रेरणा देती है और हमें आश्चर्य से भर देती है। इस छोटे से निबंध में हम प्रकृति की सुंदरता और उसके महत्व को सरल ढंग से समझेंगे।

प्रकृति हमारे चारों तरफ है और पेड़, फूल, नदियां, पहाड़ और तरह-तरह के जानवर मिलकर हमारी धरती को जीवंत और रंगीन बनाते हैं। वसंत ऋतु में फूल खिलते हैं और पक्षी खुशी से गाते हैं। गर्मियों में हम पार्क और बागों में धूप का मजा लेते हैं, जहां हरियाली और भिनभिनाती मधुमक्खियां माहौल को और भी सुन्दर बना देती हैं। शरद ऋतु में पेड़ों के पत्ते लाल, पीले और सुनहरे रंग में बदल जाते हैं। सर्दियों में बर्फ धरती को सफेद चादर की तरह ढक देती है। प्रकृति सिर्फ देखने में सुंदर नहीं होती, बल्कि हमें मन की शांति भी देती है। प्रकृति के बीच थोड़ा समय बिताने से मन खुश होता है और तनाव दूर होता है। इसलिए हमें प्रकृति का आनंद लेना चाहिए और उसकी रक्षा भी करनी चाहिए, क्योंकि वही हमारी जिंदगी को बेहतर बनाती है।

प्रकृति पर निबंध 200-300 शब्दों में (Short Essay on Nature in Hindi 200-300 Words)

अगर आपके बच्चे को प्रकृति पर छोटा निबंध लिखना है, तो नेचर पर दिया गया यह शार्ट पैराग्राफ एक अच्छा निबंध लिखने में मदद कर सकता है।

प्रकृति की खूबसूरती देखकर हर किसी का दिल और मन तरोताजा हो जाता है। जिस वातावरण में हम रहते हैं और हमारे चारों तरफ मौजूद हर चीज जिसे देखा जा सकता है, सुना जा सकता है और महसूस किया जाए वो प्रकृति कहलाती है। प्रकृति को आप जितना खूबसूरत रखेंगे वह आपको उतना ही खूबसूरत वातावरण बदले में देगी। हमारी धरती पर मौजूद प्राकृतिक चीजें इंसान के जीवन में कही न कहीं अहम भूमिका निभाती हैं। प्रकृति को माँ का दर्जा दिया गया है क्योंकि वह बिना किसी अपेक्षा के आपको प्यार, खुशी, खुशहाल जीवन देने का प्रयास करती है। प्रकृति कई रंगों का मेल है जिसको अच्छा रखने के लिए आप जितने अहम कदम उठाएंगे उतना ही सरल जीवन जी पाएंगे। इसकी खूबसूरती को देखकर हर कोई इसकी तरफ आकर्षित हो जाता है। यह हमें वह हर अहम चीज प्रदान करती है जिसके बिना जीवन संभव नहीं होता है। हवा, पानी, पेड़-पौधे, पहाड़, जानवर, पक्षी आदि सब प्रकृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इंसान अपने व्यस्त जीवन से कुछ समय निकालकर प्रकृति की खूबसूरती में खो जाता है ताकि वो दोबारा से अपना संघर्ष शुरू कर सके। जितना आप प्रकृति के करीब रहने की कोशिश करते हैं उतना ही अच्छा आपका स्वास्थ्य भी रहता है। प्रकृति में संतुलन बना रहे तो उससे इंसानों का जीवन आसान हो जाता है लेकिन आज के समय में मनुष्य ही प्रकृति को नुकसान पहुंचा रहा है। लोग अपने फायदे के लिए पेड़ों को काट रहे हैं ताकि ऊंची इमारतें बनाई जा सकें लेकिन इससे प्रकृति की सुंदरता बर्बाद हो रही है। इन्हीं कारणों की वजह से साफ पानी और हवा भी प्रदूषित हो रही। जो संसाधन धरती पर जीवन के लिए अहम हैं अगर उन्हें ही नष्ट कर दिया जाए तो जल्दी ही जिंदगियां विलुप्त हो जाएंगी। इसलिए हमें इसे बदतर करने के बजाय बेहतर करने पर अधिक ध्यान देना चाहिए। सरकार द्वारा नए नियम और योजनाएं बनाई जानी चाहिए जिससे प्रकृति को नुकसान होने से बचाया जा सके।

प्रकृति पर निबंध 400-600 शब्दों में (Essay on Nature in Hindi 400-600 Words)

इस लेख में यह जाना जा सकता है कि आखिर प्रकृति का मनुष्यों के जीवन में कितना महत्व है और साथ ही हर जीव-जंतु को जीवित रखने की नीति क्या अहम भूमिका निभाती है। आपका बच्चा भी प्रकृति पर निबंध लिखते समय इसमें दी गई जानकारी का इस्तेमाल कर सकता है। नीचे प्रकृति के बारे में विस्तार से बताया गया है:

प्रकृति क्या है? (What Is Nature?)

भगवान की सबसे सुंदर रचनाओं में प्रकृति एक है, जिसके अंदर मनुष्य का जीवन चलता है। इसको जीवन का आधार भी माना जाता है। पानी, हवा, पौधे और कई अन्य चीजें प्रकृति ने हमें दी हैं ताकि हम इस पृथ्वी पर जिंदा रह सकें। जिस इंसान को सुंदरता की कदर होगी और प्रकृति से प्यार, वह कभी भी रात में आसमान पर जगमगाते तारों और सुबह सूरज की पहली किरण को नजरअंदाज नहीं कर सकता है। इस प्रकृति के सुंदर स्वरूप को देखकर न जाने कितने लेखकों और कवियों ने अपने शब्दों में इसका उल्लेख किया है और साथ ही कई चित्रकारों ने इसे पेंट और ब्रश के साथ कागज पर उतारने की कोशिश भी की है। प्रकृति की इस खूबसूरती को आप अपने कैमरे में भी हमेशा के लिए कैद कर सकते हैं।

प्रकृति की भूमिका (Role Of  Nature)

प्रकृति ईश्वर का दिया गया वो तोहफा है जिसके बिना मनुष्य का जीवन अधूरा है। प्रकृति सभी चीजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह हमें रहने की जगह, खाने के लिए खाना, पीने के लिए पानी और हवा जिसमें हम खुलकर सांस लेते है सब प्रदान करती है। प्रकृति के समर्थन के बिना धरती पर जीव-जंतु एक पल भी जीवित नहीं रह सकते। प्रकृति में एक संतुलन बना हुआ है, जिसकी वजह से लोगों का जीवन संतुलित चलता है। लेकिन अगर इसमें जरा सा भी असंतुलन होता है तो बहुत नुकसान हो जाता है। प्रकृति अगर खूबसूरत और संतुलित रहती है तो हमारा स्वास्थ्य बेहतर रहता है। प्रकृति की वजह से हमें जीने का सलीका आता है और इसमें दखलंदाजी करने पर कितना बुरा प्रभाव हो सकता है उसका ज्ञान होता है। कई लेखक और कवि अपने लेख, कविताओं और शायरी में प्रकृति का बहुत ही खूबसूरत तरीके से वर्णन करते हैं और उनकी सुंदरता की व्याख्या करते हैं।

प्रकृति का महत्व (Significance of Environment)

प्रकृति से हमें वो सभी संसाधन हासिल होते हैं जो जीवन जीने के लिए महत्वपूर्ण है। यह न सिर्फ आपकी जिंदगी को बढ़ाती है बल्कि हमारे इकोसिस्टम का भी संतुलन बनाए रखने में मदद करती है। प्रकृति की मदद के बिना इंसान असहाय महसूस करता है और जिंदा रहना असंभव हो जाता है। यह हमें वायु प्रदान करती है, स्वास्थ बेहतर रखती है और जीवित रहने के लिए जरूरी है। हम अपने रोजाना जीवन में जिस भी चीज का इस्तेमाल करते हैं जैसे पीने का पानी, खाना, हवा में सांस लेना आदि सब हमें प्रकृति द्वारा हासिल होता है। ऐसा कहना गलत नहीं होगा कि हम पूरी तरह से प्रकृति पर निर्भर हैं और इसके बिना जीवन चलना नामुमकिन है। आप कभी-कभी अपने तनाव को दूर करने के लिए भी प्रकृति की सुंदरता जैसे पहाड़ों की वादियों, हरे-भरे पेड़ों की छांव आदि में खो जाते हैं, ऐसा करने से काफी फायदा भी होता है। जितना आप प्रकृति से प्यार करेंगे ये बदले में आपको उतना ही प्यार देगी और आप स्वस्थ और हमेशा खुश रहेंगे।

प्रकृति का संरक्षण कैसे करें (How to Preserve Nature)

प्रकृति द्वारा प्रदान किए गए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना बेहद जरूरी है। क्योंकि इसके बिना जीवन आसान नहीं है और हमारी आगे आने वाली पीढ़ियों को भी इसका सुख प्राप्त हो सकेगा। प्रकृति पर हो रहे लगातार नुकसान को रोकने के लिए हमें लोगों को जागरूक करना चाहिए और इसको रोकने के लिए हर संभव प्रयास की जरूरत है। यदि आपको देश का विकास करना है तो ऐसा रास्ता ढूंढें जिससे हमारे पर्यावरण पर बुरा प्रभाव न पड़े। आपको यह समझना जरूरी है कि ईश्वर द्वारा दिए गए इस कीमती उपहार का दुरुपयोग न किया जाए। कुछ उपाय मौजूद हैं जिनसे आप प्रकृति का संरक्षण कर सकते हैं।

  • प्राकृतिक संसाधन की खपत की मात्रा को कम करें, जिसका इस्तेमाल आप कर सकते हैं उसे दोबारा इस्तेमाल करें और फेंकने के बजाय रीसाइक्लिंग का विकल्प चुनें।
  • आगे बढ़कर खुद अपने समाज में सफाई रखें और दूसरों के लिए प्रेरणा बनें।
  • लोगों को प्राकृतिक संसाधनों की महत्वता को समझाएं और साथ ही उसकी अहमियत के बारे में शिक्षित करें।
  • पानी को जितना हो सके बचाएं और जरूरत पड़ने पर ही उपयोग करें।
  • बिजली की खपत कम रखें और कमरे के बाहर जाने पर लाइट और पंखे जरूर बंद कर दें।
  • सबसे अहम है जितना अधिक हो सके पेड़-पौधे लगाएं क्योंकि वे हमें खाना, ऑक्सीजन आदि प्रदान करते हैं और साथ ही हवा को साफ को रखते हैं।

प्रकृति के बारे में रोचक तथ्य (Interesting Facts about Nature in Hindi)

  1. ऐसा अनुमान है कि हर दिन कम से कम लगभग 27,000 पेड़ काटे जाते हैं।
  2. विश्व के सबसे ऊंचे पेड़ ‘रेड वुड’ कैलिफोर्निया में स्थित हैं, जिनकी ऊंचाई करीब 380 फीट होती है।
  3. सूरजमुखी ऐसा फूल है, जो सूरज की तरफ झुका होता है और उसकी दिशा बदलने के साथ वह अपनी भी दिशा बदल लेता है।
  4. समुद्र का पानी खारा होता है और उसे इंसान नहीं पी सकते लेकिन बिल्लियां उसे बड़े आराम से पीती हैं।
  5. समुद्र के कई जीव अपनी ऊर्जा से बिजली उत्पन्न कर सकते हैं, उनमें से एक है ‘इलेक्ट्रिक ईल’।
  6. शहद को 3000 साल भी इकठ्ठा रखें तो उसके बाद भी वह खाने लायक होता है।

प्रकृति के इस निबंध से हमें क्या सीख मिलती है? (What Will Your Child Learn from a Nature Essay?)

प्रकृति खूबसूरत तोहफा है उसे बेहतर बनाए रखना मनुष्य की जिम्मेदारी है। यदि प्रकृति संतुलित रहेगी तो उस पर रहने वाले जीवित लोग महफूज बने रहेंगे और इसलिए ही बच्चों को इसके महत्व के बारे में जानकारी होना जरूरी है। अगर आपके बच्चे को प्रकृति के संसाधनों के बारे में जानने में रुचि है या फिर आप चाहती हैं कि वो अपनी किसी प्रतियोगिता में इस पर निबंध लिखे या बोले, तो आप इस लेख का सहारा जरूर ले सकती हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

1. प्रकृति के कवि के रूप में किसे जाना जाता है?

अंग्रेजी भाषा के कवि विलियम वर्ड्सवर्थ प्रकृति के कवि के रूप में प्रसिद्ध हैं।

2. प्रकृति की उत्पत्ति कब हुई?

एक शोध के अनुसार प्रकृति में जो भी चीजें देखी जाती हैं वे सभी लगभग 3.5 अरब साल पहले अस्तित्व में आई थीं।

3. प्रकृति संरक्षण पर काम कर रहे खास संगठन कौन से हैं?

ग्लोबल ग्रीन ग्रोथ इंस्टीट्यूट (जीजीजीआई), अर्थ सिस्टम गवर्नेंस प्रोजेक्ट (ईएसजीपी), इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर (आईयूसीएन), आदि संगठन प्रकृति संरक्षण के लिए विश्व स्तर पर काम कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:

पेड़ पर निबंध
बाढ़ पर निबंध
मेरा घर पर निबंध

समर नक़वी

Recent Posts

प्रिय शिक्षक पर निबंध (Essay On Favourite Teacher In Hindi)

शिक्षक हमारे जीवन में अत्यधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वह केवल किताबों से ज्ञान नहीं…

1 week ago

मेरा देश पर निबंध (Essay On My Country For Classes 1, 2 And 3 In Hindi)

मेरा देश भारत बहुत सुंदर और प्यारा है। मेरे देश का इतिहास बहुत पुराना है…

1 week ago

शिक्षा का महत्व पर निबंध (Essay On The Importance Of Education In Hindi)

शिक्षा यानी ज्ञान अर्जित करने और दिमाग को सोचने व तर्क लगाकर समस्याओं को हल…

1 week ago

अच्छी आदतों पर निबंध (Essay On Good Habits in Hindi)

छोटे बच्चों के लिए निबंध लिखना एक बहुत उपयोगी काम है। इससे बच्चों में सोचने…

1 week ago

कक्षा 1 के बच्चों के लिए मेरा प्रिय मित्र पर निबंध (My Best Friend Essay For Class 1 in Hindi)

बच्चों के लिए निबंध लिखना बहुत उपयोगी होता है क्योंकि इससे वे अपने विचारों को…

1 week ago

मेरा प्रिय खेल पर निबंध (Essay On My Favourite Game In Hindi)

खेल हमारे जीवन में बहुत अहम भूमिका निभाते हैं। ये न सिर्फ मनोरंजन का साधन…

2 weeks ago