रक्षाबंधन पर निबंध (Essay on Raksha Bandhan in Hindi)

रक्षाबंधन पर निबंध

हिन्दू धर्म में रक्षाबंधन एक महत्वपूर्ण त्यौहार होता है। श्रावण मास की पूर्णिमा को रक्षाबंधन मनाया जाता है। इस दिन बहन अपने भाई को राखी बांधती है और यह वचन लेती है कि भाई हमेशा उसकी रक्षा करेगा। साथ ही वह अपने भाई के अच्छे स्वास्थ्य और सफल जीवन की कामना करती है। भाई और बहन के प्यार के प्रतीक इस त्यौहार को बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। त्यौहार हो और घरों में पकवान न बने, ऐसा हो नहीं सकता। तरह-तरह की मिठाई और तोहफों के साथ यह त्यौहार पूरा होता है। ये सारी बातें आप और हम तो जानते ही हैं लेकिन अगर आपके बच्चे को स्कूल में रक्षाबंधन का निबंध लिखने को कहा जाए तो क्या उसे इसके बारे में पूरी जानकारी है? इस आर्टिकल में प्री प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को रक्षाबंधन या राखी पर निबंध लिखने के लिए कुछ टिप्स दिए गए हैं।

रक्षाबंधन पर 5 लाइन (5 Lines on Raksha Bandhan in Hindi)

छोटे बच्चों को अक्सर निबंध के रूप में किसी विषय पर बस कुछ पंक्तियाँ लिखनी होती हैं। सबसे पहले जानते हैं कि हिंदी में रक्षाबंधन पर 5 लाइन का निबंध कैसे लिखा जाए। जिन्हें क्लास 2 के लिए एस्से का फॉर्मेट जानना है, वे नीचे दिए गए पॉइंट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं:

  1. रक्षाबंधन भारत का एक प्रसिद्ध त्यौहार है।
  2. श्रावण पूर्णिमा के दिन रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जाता है।
  3. इस दिन बहन अपने भाई की कलाई पर राखी यानी रेशम का धागा बांधती है।
  4. भाई अपनी बहन की रक्षा का वचन देता है और बहन उसके लंबे जीवन की कामना करती है।
  5. यह त्यौहार भाई-बहन के बीच के स्नेह, प्यार, देखभाल और बंधन को दर्शाता है।

रक्षाबंधन पर 10 लाइन (10 Lines on Raksha Bandhan in Hindi)

छोटी उम्र के बच्चों के लिए रक्षाबंधन पर निबंध दो तरीके से लिखा जा सकता है। कई स्कूल एग्जाम में निबंध कुछ पक्तियों या वाक्यों में लिखने को कहते हैं। अगर रक्षाबंधन का निबंध 100 शब्दों में या 10 लाइन में लिखना है नीचे दिए पॉइंट्स को ध्यान से पढ़ें। यह क्लास 3 के लिए हिंदी में रक्षाबंधन एस्से हो सकता है। अगर बच्चे को रक्षाबंधन पर अनुच्छेद लिखने को कहा जाए तो इन्हीं पॉइंट्स को पैराग्राफ के रूप में लिखकर भी प्रस्तुत किया जा सकता है।

  1. रक्षाबंधन भाई और बहन के पवित्र प्रेम का त्यौहार है।
  2. यह दो शब्दों से मिलकर बना है जिसमें रक्षा का अर्थ है सुरक्षा और बंधन यानी आपसी स्नेह।
  3. रक्षाबंधन का पर्व श्रावण महीने की पूर्णिमा को मनाया जाता है।
  4. बहन अपने भाई की कलाई पर रेशम के सुंदर धागे के रूप में राखी बांधती है।
  5. वह भाई के माथे पर तिलक लगाती है और मिठाई भी खिलाती हैं।
  6. भाई बहन को उपहार में कपड़े, चॉकलेट या पैसे देता है।
  7. भाई अपनी बहन की हमेशा रक्षा करने का वादा करता है।
  8. बहन भी अपने भाई की लंबी उम्र की कामना करती है।
  9. इस दिन सभी नए कपड़े पहनते हैं।
  10. यह त्यौहार भाई और बहन के बीच के गहरे रिश्ते, प्रेम और महत्व को बताता है।

रक्षाबंधन पर निबंध 200-300 शब्दों में (Short Essay on Raksha Bandhan in Hindi in 200-300 Words)

क्लास 4 और कभी-कभी क्लास 3 में पढ़ने वाले बच्चों को निबंध लेखन छोटे पैराग्राफ के रूप में सिखाया जाता है। रक्षाबंधन पर कुछ लाइन हिंदी में लिखनी हों या छोटा निबंध लिखना हो, महत्वपूर्ण बातें और तथ्य लिखना हमेशा जरूरी होता है। नीचे 200 से 300 शब्दों में रक्षाबंधन पर निबंध कैसे लिखा जा सकता है, इसका एक सैंपल दिया गया है। आइए देखते हैं:

हमारे देश में कई पर्व और त्यौहार मनाए जाते हैं। इनमें राखी या रक्षाबंधन का त्यौहार भी काफी खास होता है।  रक्षाबंधन एक ऐसा विशेष दिन है जब भाइयों और बहनों के बीच के प्यार के बंधन का उत्सव होता है। इस शुभ दिन पर, बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र, बेहतर भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करती हैं। वे उन्हें माथे पर तिलक लगाकर और उनकी कलाई पर सुंदर रेशमी धागा यानी राखी बांधती हैं और मिठाई खिलाती हैं। बदले में भाई अपनी प्यारी बहनों को प्यार और दुलार के साथ जीवन भर उनकी रक्षा करने देते हैं और किसी भी स्थिति में उनकी अच्छी देखभाल करने का वादा करते हैं। रक्षाबंधन के दिन पूरा घर खुशियों और उत्साह से भर जाता है। हर कोई सुबह जल्दी उठता है, नए कपड़े पहनता है और दिन भर अच्छे-अच्छे पकवान का आनंद लेता है। इस त्यौहार को ‘राखी’ के नाम से भी जाना जाता है। हिन्दू पंचांग के अनुसार रक्षाबंधन श्रावण महीने की पूर्णिमा को मनाया जाता है, जो अंग्रेजी कैलेंडर के हिसाब से ज्यादातर जुलाई या अगस्त के महीने में आती है। ‘रक्षाबंधन’ दो शब्दों से मिलाकर बना है। ‘रक्षा’ का अर्थ है सुरक्षा, और ‘बंधन’ का अर्थ है अटूट रिश्ता। इसलिए रक्षाबंधन एक ऐसा त्यौहार है जिसमें भाई और बहन के आपसी रिश्ते को प्यार और खुशियों के साथ मनाया जाता है।

भाई के हाथ पर राखी बांधती बहन

रक्षाबंधन पर निबंध 400-600 शब्दों में (Essay on Raksha Bandhan in Hindi in 400-600 Words)

किसी भी भाषा में निबंध लेखन का अपना स्थान होता है। बच्चों को स्कूल के शुरुआती सालों में ही कुछ मुख्य विषयों पर एस्से लिखने को कहा जाता है ताकि आगे चलकर वे उस भाषा पर अपनी पकड़ अच्छी कर सकें और यह सीख सकें कि किसी भी विषय को तथ्यों के साथ कैसे प्रभावित तरीके से पेश करना है। रक्षाबंधन के बारे में हिंदी में निबंध को विस्तृत तरीके से कैसे लिखें इसके लिए आगे पढ़िए।

भारत एक ऐसा देश है जहाँ लोग साल भर में कई तरह के त्यौहार मनाते हैं। उनमें से राखी का त्यौहार लोगों के दिलों में बहुत खास जगह रखता है। बाकी सभी पर्व और त्यौहारों के मुकाबले रक्षाबंधन एक अलग रिश्ते के महत्व को जताने और दिखाने का उत्सव होता है। बच्चे हों या बुजुर्ग, अपने भाई या बहन के साथ के खास रिश्ते के लिए सभी साल दर साल इसे यादगार तरीके से मनाते रहते हैं।

रक्षाबंधन का क्या महत्व है? (What is the Importance of Raksha Bandhan?)

रक्षाबंधन के दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर प्रेम का धागा बांधती हैं प्रार्थना करती है कि उनका भाई सलामत रहे और खूब सफलता हासिल करे। रक्षाबंधन के बारे में यह कहा जाता है कि इसे मनाने के पीछे का उद्देश्य यह दर्शाना है कि भाई-बहन में कितना नि:स्वार्थ प्रेम होता है और वो एक-दूसरे की हर तरह की मुश्किलों में रक्षा करने का वादा भी करते हैं।

रक्षाबंधन का इतिहास (History of Raksha Bandhan)

रक्षाबंधन को मनाने के पीछे का इतिहास काफी पुराना यानी महाभारत के समय का है। एक बार श्रीकृष्ण के फुफेरे भाई शिशुपाल भरी सभा में उनका घोर अपमान करने लगे। जब शिशुपाल ने इसकी सीमा पार कर दी तो परिणामस्वरूप कृष्ण जी ने अपने सुदर्शन चक्र से शिशुपाल का वध कर दिया, जिससे श्रीकृष्ण की अंगुली चोटिल हो गई और रक्त निकलने लगा। यह देखकर वहां उपस्थित द्रौपदी ने जल्दी से अपनी साड़ी के पल्लू को फाड़कर कृष्ण जी की अंगुली पर बांध दिया जिससे रक्त का प्रवाह रुक गया। ऐसा देख श्रीकृष्ण ने द्रौपदी को हमेशा उसकी रक्षा करने का वचन दिया।

रक्षाबंधन कैसे मनाया जाता है? (How is Raksha Bandhan Celebrated?)

रक्षाबंधन के दिन भाई-बहन सुबह जल्दी उठकर, नहाकर, नए कपड़े पहनकर तैयार होते हैं। साथ ही घर में कई तरह के पकवान बनाए जाते हैं। फिर बहन अपने भाई की कलाई पर सुंदर राखी बांधती है और बदले में भाई उसको उपहार के तौर पर चॉकलेट, कपड़े, पैसे आदि देता है। दोनों इस दिन एक दूसरे की रक्षा करने का वचन देते हैं।

रक्षाबंधन से जुड़ी कहानियां (Stories Related to Raksha Bandhan in Hindi)

  1. राक्षसों के राजा बलि से देवताओं को उनका राज्य वापस दिलाने के लिए देवी लक्ष्मी ने में राजा बलि को राखी बांधी थी।
  2. चित्तौड़ के राणा सांगा की विधवा कर्णावती ने बहादुर शाह से अपने देश और अपने मान की रक्षा के लिए मुगल शासक हुमांयू को राखी भेजी थी।
  3. महाभारत युद्ध के दौरान युधिष्ठिर ने भगवान कृष्ण के कहने पर अपने सभी सैनिकों को रक्षा सूत्र बांधें थे।
  4. जब सिकंदर ने राजा पुरु के राज्य पर हमला करने वाला था तब उसकी पत्नी ने राजा पुरु के शौर्य के बारे में सुनकर उन्हें राखी बांधी थी और अपने पति सिकंदर को न मारने का वचन लिया था।
  5. कहा जाता है कि भगवान गणेश के पुत्र शुभ-लाभ ने रक्षाबंधन मनाने के लिए अपने पिता से बहन की माँग की थी, जिसके फलस्वरूप संतोषी माँ का जन्म हुआ था।

स्कूल में राखी कैसे मनाएं? (How to Celebrate Rakhi in School?)

स्कूल में रक्षाबंधन इस तरह से मनाया जा सकता है-

  • बच्चे रक्षाबंधन के लिए रंग-बिरंगे कपड़े पहनकर स्कूल जा सकते हैं।
  • स्कूल बोर्ड को सजाने या राखी बनाने की प्रतियोगिता रखी जा सकती है।
  • आज के विचार में रक्षाबंधन में कोट्स लिखे जा सकते हैं।
  • स्कूल में लड़कियों को अपने भाइयों के लिए पूजा की थाली सजाने के लिए भी कहा जा सकता है।

रक्षाबंधन पर कोट्स (Quotes on Raksha Bandhan in Hindi)

  1. इस रक्षाबंधन में आपको दुनिया की सारी खुशियां और प्यार मिले। आपको राखी की बहुत-बहुत शुभकामनाएं!
  2. इस दिन भाई-बहन जो प्यार आपस में बांटते हैं वह हमेशा ऐसा ही बना रहे। रक्षाबंधन की ढेर सारी शुभकामनाएं!
  3. बहन-भाई के प्यार का बंधन है वरदान, नहीं मिलेगा इसके जैसा रिश्ता, ढूंढ लो सारा जहान।
  4. आप हमेशा अच्छे और बुरे वक्त में एक-दूसरे के साथ रहें। आपको रक्षाबंधन की ढेरों बधाई!
  5. कच्चे धागों की डोर राखी, प्यार की होड़ राखी, भाई की लंबी उम्र और बहन के प्यार का प्रतीक राखी।

रक्षाबंधन के बारे में रोचक तथ्य (Interesting Facts About Raksha Bandhan in Hindi)

  1. हिंदू कैलेंडर के अनुसार रक्षाबंधन का त्यौहार श्रावण मास की पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है।
  2. 1905 में हुए बंगाल बंटवारे के दौरान, रवींद्रनाथ टैगोर ने सामूहिक रक्षाबंधन समारोह की शुरुआत की थी।
  3. राखी हमेशा दाहिनी कलाई पर बांधी जाती है।
  4. रक्षाबंधन को हिंदू गुरु और शिष्य परंपरा का प्रतीक भी माना जाता है।
  5. रक्षाबंधन हमारे देश भारत के साथ नेपाल और मॉरिशस में भी मनाया जाता है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

रक्षाबंधन से जुड़े ऐसे बहुत से सवाल होते हैं जो बच्चों के मन में आते हैं। तो आइए उन्हीं सवालों के जवाब नीचे जानते हैं।

1. रक्षाबंधन 2023 में कब मनाया जाएगा?

2023 में रक्षाबंधन 30 अगस्त को मनाया जाएगा।

2. रक्षाबंधन का दूसरा नाम क्या है?

रक्षाबंधन को ज्यादा जगहों पर राखी और सलूनो, राकरी, सिलोनो भी कहा जाता है।

रक्षाबंधन के इस निबंध से हमें क्या सीख मिलती है? (What Will Your Child Learn from Raksha Bandhan Essay?)

आपका बच्चा रक्षाबंधन पर निबंध लिखने से अपने देश के इस महत्वपूर्ण त्यौहार और संस्कृति के बारे में सीखेगा। साथ ही, जब राखी का त्यौहार आएगा तब वो बेहतर रूप से इसका अर्थ समझेगा कि हम रक्षाबंधन क्यों मानते हैं और अपने साथ के दूसरे बच्चों को भी बता सकेगा।

यह भी पढ़ें:

गाय पर निबंध (Essay On Cow In Hindi)
क्रिकेट पर निबंध (Essay On Cricket In Hindi)