टॉडलर (1-3 वर्ष)

टॉडलर्स के दांत ब्रश करवाने के 10 मजेदार तरीके

बच्चों को मुंह की अच्छी साफ-सफाई सिखाना बहुत जरूरी है और इसकी शुरुआत छोटी उम्र से ही कर देनी चाहिए। लेकिन सुबह और रात को सोने से पहले, बच्चे से अच्छी तरह दांत ब्रश करवाना एक मुश्किल काम हो सकता है। या तो उनका ध्यान बहुत जल्दी भटक जाता है या फिर उन्हें यह आदत नापसंद हो सकती है। लेकिन आप अपने बच्चों के लिए दांत ब्रश करने के काम को एक मजेदार एक्टिविटी बना सकते हैं, आइए देखते हैं कैसे। 

टॉडलर्स को दांत ब्रश करना नापसंद क्यों होता है?

बच्चों की परवरिश के दौरान जिस एक समस्या का सामना ज्यादातर पेरेंट्स को करना पड़ता है, वह होता है – बच्चों का अपने दांत ब्रश ना करना। खासकर टॉडलर्स अपने दांत ब्रश नहीं करना चाहते हैं, क्योंकि यह काम उन्हें बहुत ही बोरिंग और थकाने वाला लगता है। चाहे आप उन्हें दांतों की साफ-सफाई और कैविटी से बचने के लिए इसके महत्व के बारे में उन्हें कितना भी समझा लें, वे फिर भी नहीं समझते हैं और इसे एक बोरिंग एक्टिविटी ही मानते हैं। इसके अलावा जब आपका शिशु एक टॉडलर बन जाता है, तब उन सभी कामों छोड़ने की कोशिश करता है, जिन्हें वह पहले आसानी से किया करता था, जैसे खिलौनों की साफ-सफाई, तैयार होना या दांतो को ब्रश करना। वे सिर्फ ऐसा यह देखने के लिए करते हैं, कि इनसे बचा जा सकता है या नहीं या इसकी इजाजत मिलती है या नहीं। बच्चों को दांतों के अच्छे स्वास्थ्य और सफाई के महत्व के बारे में समझाने के अलावा इस एक्टिविटी को मजेदार बनाना भी जरूरी है, ताकि वे अपने दांतों को अच्छी तरह से ब्रश करें। 

एक टॉडलर के लिए दांतों को ब्रश करने को मजेदार काम कैसे बनाएं

ऐसे कई तरीके हैं, जिनके माध्यम से आप दांत ब्रश करने के काम को बच्चों के लिए एक खेल बना सकते हैं, जिसमें वे हिस्सा भी लेंगे और इसका आनंद भी उठाएंगे। यहां पर बच्चों से दांत ब्रश करवाने के कुछ मजेदार तरीके दिए गए हैं: 

1. एक इनाम तय करना

इसके लिए एक कैलेंडर बनाना या खरीदना एक मजेदार तरीका है। एक ऐसा स्टिकर सेट खरीदें, जो आपके बच्चे को पसंद आए। उसे बताएं, कि अगर वह अपने दांतो को हर रात और हर सुबह 2 मिनट के लिए अच्छी तरह से ब्रश करता है, तो उस दिन के लिए इनाम के रूप में कैलेंडर में एक खास स्टिकर लगाया जाएगा। हर दिन के स्टीकर को उसके लिए एक सरप्राइज के तौर पर रखें। बाद में जब यह कैलेंडर स्टिकर से भर जाए, तो उसे कुछ बड़ा इनाम दें, जैसे एक खिलौना या बाहर घूमना। 

2. एक अच्छा उदाहरण बनें

बच्चे के साथ आप भी अपने दांतों को ब्रश करें। उसे दिखाएं की मम्मा अपने दांत ब्रश करके कितना अच्छा काम कर रही है। इस बात का ध्यान रखें, कि उसे यह अच्छी तरह से दिखना चाहिए, कि आप अपने दांत कितनी अच्छी तरह से साफ कर रही हैं। दांतों के पीछे, अपनी जीभ और अपने मसूड़े भी। हर स्टेप को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाएं और अंत में आईने में देख कर मुस्कुराएं और बच्चे को दिखाएं, कि आपके दांत कितने सफेद हैं। इससे उसे उदाहरण के द्वारा इसे समझने में मदद मिलेगी। 

3. उसे अपने ऊपर प्रैक्टिस करने दें

हालांकि, यह थोड़ा थकावट भरा हो सकता है, लेकिन बच्चे को उसके दांत ब्रश करने में इंटरेस्ट जगाने के लिए यह एक अच्छा तरीका है। अपना मुंह खोलें और अपने बच्चे से कहें, कि एक टूथब्रश का इस्तेमाल करके आपके दांतों को ब्रश करने की प्रैक्टिस करें। मजेदार रिएक्शन दें और इस अच्छे काम के लिए अपने बच्चे की तारीफ करें। ऐसा दिखाएं, कि यह एक बहुत ही मजेदार एक्टिविटी है, ताकि बच्चे को भी ऐसा करने में मजा आए। आप एक नकली टूथब्रश के साथ उसके खिलौनों और टेडी बेयर के साथ प्रैक्टिस करने को भी कह सकते हैं। 

4. थोड़ा म्यूजिक

2 मिनट की ब्रशिंग के दौरान कुछ मजेदार म्यूजिक प्ले करें। बच्चे के साथ म्यूजिक पर डांस करें (सही ब्रशिंग को मेंटेन रखते हुए) और उसे बताएं, कि जब म्यूजिक बंद हो जाए, तो उसका मतलब है, कि दांत ब्रश हो चुके हैं। ऐसे कई एप्स उपलब्ध है, जिन्हें आप डाउनलोड कर सकती हैं, जो कि खास इसी उद्देश्य के लिए म्यूजिक प्ले करते हैं। 

5. अपने टूथपेस्ट को अक्सर बदलती रहें

बाजार में बच्चों के लिए कई तरह के इंटरेस्टिंग टूथपेस्ट उपलब्ध होते हैं। उन्हें जो फ्लेवर पसंद आएगा उसके स्वाद को चखने के लिए ही वे ब्रश करना शुरू कर देंगे। बच्चों को टूथपेस्ट के पैकेजिंग पर अपने पसंदीदा कैरेक्टर की तस्वीरें देखना भी बहुत पसंद होता है और वे इस तरह से अपने दांतों को ब्रश करने के लिए उत्साहित हो जाते हैं। 3 साल से कम उम्र के बच्चे के लिए आप एक फ्लोराइड फ्री टूथपेस्ट खरीद सकती हैं, ताकि गलती से थोड़ा बहुत टूथपेस्ट निगल जाने पर भी उसे कोई नुकसान न हो। 

6. इसे एक खेल में बदल दें

आपको इस बात का ध्यान रखना चाहिए, कि बच्चा पूरे 2 मिनट के लिए दांतों को अच्छी तरह से ब्रश करे, ताकि उनकी सही सफाई हो सके। इसलिए इसे एक रेस बना दें। एक टाइमर के इस्तेमाल से अपने बच्चों को आपस में या आपके साथ एक रेस करने दें और देखें कि लगातार लंबे समय तक कौन ब्रश कर सकता है। आप एक कहानी भी बना सकती हैं, जिसमें एक शुगर विलेन बच्चे के मुंह पर अटैक कर रहा है और उसके मुंह को साफ रखने का केवल एक तरीका है – टूथपेस्ट और टूथब्रश। आप बच्चे के गले के आसपास एक केप भी बांध सकती हैं, जिससे वह एक सुपर हीरो की तरह लगे, जो कि शुगर विलेन से लड़ रहा है। आपका बच्चा एक्साइटेड हो जाएगा और हर दिन एक सुपर हीरो बनने की कोशिश करेगा। पर इस बात पर इतना ज्यादा जोर न डालें कि उसका मुंह विलेन से भरा हुआ है। इससे वह डर भी सकता है। हल्की-फुल्की कहानी बताना ही अच्छा होगा। 

7. उसे आत्मनिर्भर बनाएं

बच्चों को बड़ों वाली चीजें करना पसंद होता है, जैसे खुद तैयार होना या बिना किसी मदद के खुद खाना या अपने कप से खुद पीना। उसे बताएं, कि दांत ब्रश करना भी बड़ों का एक काम है और आपको विश्वास है, कि वह इसे खुद कर सकता है। टूथपेस्ट लेना, उसका ढक्कन खोलना और उसे निकालकर अपने टूथब्रश पर लगाना, इससे उसका कॉन्फिडेंस बढ़ाने में मदद मिलेगी। वह स्वतंत्र होगा और मोटर स्किल्स को बढ़ावा भी मिलेगा। इससे एक वयस्क के बराबर समझे जाने पर, उसे खुद पर गर्व भी होगा और वह इसे करना जारी रखेगा, ताकि वह भी बड़ों की तरह लग सके। 

8. उसे शॉपिंग के लिए ले जाएं

उसे अपना टूथपेस्ट और टूथब्रश खुद चुनने के लिए खास शॉपिंग ट्रिप पर लेकर जाएं। इससे उन्हें लगेगा कि दांत ब्रश करना एक बहुत जरूरी एक्टिविटी है। लगन के इस एक्स्ट्रा लेवल से आपके बच्चे को दांत ब्रश करना एक बहुत ही सम्मानजनक काम लगेगा और और वह इसे निश्चित रूप से करना चाहेगा। 

9. अपने डेंटिस्ट की मदद लें

जब आप अपने बच्चे को ब्रश करने के महत्व के बारे में बताती हैं और अगर वह आपकी बात नहीं सुनता है, तो हो सकता है वह किसी और की बात सुने। बच्चे जिन वयस्कों से मिलते हैं, उन्हें इंप्रेस करने की कोशिश करते हैं। खासकर, अगर वह बड़ा आदमी कोई जरूरी लगने वाला डॉक्टर हो तो। अगर बच्चा डेंटिस्ट को पसंद करता है, तो उसे उसके पास लेकर जाएं और डेंटिस्ट को उसे दांत ब्रश करने के महत्व के बारे में समझाने दें। आप चाहें, तो बच्चे को एक ब्रश भी साथ लेने को कह सकती हैं, ताकि डेंटिस्ट उसे ब्रश करने का तरीका बता सके। इससे बच्चे के दिमाग में लंबे समय तक इसका प्रभाव बना रहेगा और वह डेंटिस्ट की नकल भी करना चाहेगा। 

10. इसे एक फैमिली टाइम बनाएं

पूरा परिवार एक साथ एक ही समय पर ब्रश करे, तो यह सुबह और शाम का एक खास फैमिली टाइम बन जाएगा। बच्चे इस एक्टिविटी का इंतजार करेंगे और उन्हें अपने दांत ब्रश करने के लिए प्रेरणा मिलेगी। आप ऐसा तब तक कर सकती हैं, जब तक आपका टॉडलर हर दिन दांत ब्रश करने के महत्व को समझ नहीं लेता। 

अगर बच्चा नियमित रूप से ब्रश करने की आदत नहीं अपना रहा है, तो यह आपके लिए परेशानी का कारण बन सकता है। लेकिन आपको अपना धैर्य या उम्मीद नहीं खोनी चाहिए। बच्चे को ब्रश करने की अच्छी आदत कभी भी पड़ सकती है। इस बात का ध्यान रखें, कि कभी भी बच्चे को ऐसे धमकी ना दें, कि अगर उसने ठीक से ब्रश नहीं किया, तो आप उसे डेंटिस्ट के पास ले जाएंगे वगैरह-वगैरह। बल्कि ऊपर दिए गए तरीकों को अपनाएं और बच्चे के द्वारा किए गए अच्छे काम की तारीफ करना ना भूलें। 

यह भी पढ़ें: 

बच्चों को दाँत साफ करना कैसे सिखाएं
टॉडलर के दाँत निकलने की प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी

पूजा ठाकुर

Recent Posts

गौरैया और घमंडी हाथी की कहानी | The Story Of Sparrow And Proud Elephant In Hindi

यह कहानी एक गौरैया चिड़िया और उसके पति की है, जो शांति से अपना जीवन…

3 days ago

गर्मी के मौसम पर निबंध (Essay On Summer Season In Hindi)

गर्मी का मौसम साल का सबसे गर्म मौसम होता है। बच्चों को ये मौसम बेहद…

3 days ago

दो लालची बिल्ली और बंदर की कहानी | The Two Cats And A Monkey Story In Hindi

दो लालची बिल्ली और एक बंदर की कहानी इस बारे में है कि दो लोगों…

1 week ago

रामायण की कहानी: क्या सीता मंदोदरी की बेटी थी? Ramayan Story: Was Sita Mandodari’s Daughter In Hindi

रामायण की अनेक कथाओं में से एक सीता जी के जन्म से जुड़ी हुई भी…

1 week ago

बदसूरत बत्तख की कहानी | Ugly Duckling Story In Hindi

यह कहानी एक ऐसे बत्तख के बारे में हैं, जिसकी बदसूरती की वजह से कोई…

1 week ago

रामायण की कहानी: रावण के दस सिर का रहस्य | Story of Ramayana: The Mystery of Ravana’s Ten Heads

यह प्रसिद्द कहानी लंका के राजा रावण की है, जो राक्षस वंश का था लेकिन…

1 week ago