बच्चों के लिए ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन से जुड़े तथ्य

बच्चों के लिए ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन से जुड़े तथ्य

मानव ने विकास का एक लंबा सफर तय किया है। आज से 200 साल पहले जो मानव जीवन था वह आज 21वीं सदी में पुूरी तरह से बदल चुका है। 20वीं सदी और 21वीं सदी में तकनीक का जिस तरह से विकास हुआ है उसने मानव जीवन में अहम भूमिका अदा की है। विज्ञान की खोजों से कई हैरान कर देने वाले बदलाव हुए हैं, इसी के साथ कई क्षेत्रों में विकास भी तेजी से होता गया, मगर हर चीज के दो पहलू होते हैं। जहां तकनीक के विकास का हम इंसानों ने फायदा उठाया है तो इससे हमें कुछ नुकसान भी झेलने पड़ रहे हैं। इनमें से एक सबसे बड़ा खतरा बनकर सामने आया है ग्लोबल वार्मिंग के रूप में। विश्व भर के वैज्ञानिक काफी लंबे समय से ग्लोबल वार्मिंग और क्लाइमेट चेंज यानी जलवायु परिवर्तन पर को लेकर चेतावनी दे रहे हैं क्योंकि यह हमारे जीवन पर सीधे तौर पर प्रभाव डालता है। बच्चों को भी जलवायु परिवर्तन और इसके प्रभावों के बारे में जागरूक होने की आवश्यकता है क्योंकि निकट भविष्य में उनकी पीढ़ी इससे सबसे अधिक प्रभावित होगी।

ग्लोबल वार्मिंग क्या है? 

ग्लोबल वार्मिंग के खतरे के पीछे कुछ प्राकृतिक कारण और मनुष्य निर्मित कारण हैं। ग्लोबल वार्मिंग की वजह से लगातार धरती का तापमान बढ़ रहा है। ग्लोबल वार्मिंग के खतरे का सबसे बड़ा कारण ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन है। लगातार जंगलों को खत्म किया जा रहा है और फॉसिल फ्यूल यानी जीवाश्म ईंधन को जलाया जा रहा है। इस वजह से धरती का तापमान लगातार बढ़ रहा है। रिसर्च से सामने आया है कि साल 1901 से लेकर साल 2012 के बीच धरती का तापमान 0.89 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। आपको भले ही यह तापमान ज्यादा न लगे लेकिन यह बढ़ता तापमान धरती के मौसम और समुद्र की सतह पर बड़ा असर डाल सकता है और डाल भी रहा है। आपको जानकर हैरानी होगी कि पिछले 100 सालों में धरती पर जो वर्ष सबसे गर्म हुए हैं वो 1995 के बाद के हैं। यह हमारी बढ़ती इंडस्ट्रियल एक्टिविटी और ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन के कारण है।

ग्लोबल वार्मिंग का क्या कारण है? 

ऐसी बहुत सी वजह हैं जिनसे पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ रहा है और ग्लोबल वार्मिंग का खतरा हमारे सामने आ खड़ा हुआ है:

1. नेचुरल वार्मिंग और कूलिंग साइकिल

पृथ्वी काफी समय से लेकर नेचुरल वार्मिंग और कूलिंग साइकिल के फेज से गुजर रही है और यह हजारों साल से ऐसे बनी हुई है। अभी, यह अपने प्राकृतिक वार्मिंग चक्र में से एक के बीच में है। दुर्भाग्य से, बीते कुछ समय और वर्तमान में जारी मानव गतिविधि ने केवल वार्मिंग प्रक्रिया को तेज ही किया है।

2. एयरोसोल स्प्रे

आप मानें या न मानें लेकिन अगर आप अगली बार हेयर स्प्रे या रूम फ्रेशनर का इस्तेमाल करते हैं तो आप ग्लोबल वार्मिंग के खतरों को बढ़ावा दे रहे हैं। पहले इनमें ऐसे ओजोन रिड्यूसिंग कंपाउंड मिले होते थे, जो धरती के सुरक्षा कवच के रूप में जानी जाने वाली ओजोन की परत को कम करते थे। अब इनमें ऐसे तत्वों का इस्तेमाल बहुत कम हो रहा है लेकिन अभी भी इनमें ऐसे हानिकारक केमिकल उपयोग होते हैं जो ग्लोबल वार्मिंग के खतरों को बढ़ाते हैं।

3. जीवाश्म ईंधन (फॉसिल फ्यूल) 

जीवाश्म ईंधन (फॉसिल फ्यूल) 

ग्रीनहाउस गैसों और ग्लोबल वार्मिंग के खतरों के सबसे बड़े कारणों में से एक है जीवाश्म ईंधन यानी फॉसिल फ्यूल। हम इस पर काफी निर्भर भी हैं। करोड़ों साल पहले मरे हुए जीवों और पेड़-पौधों से जीवाश्म ईंधन बनता है। औद्योगिक जगत जीवाश्म ईंधन पर बहुत निर्भर होता है। जीवाश्म ईंधन के जलने से कार्बन डाइऑक्साइड पैदा होती है जो एक ग्रीनहाउस गैस है। इस वजह से जीवाश्म ईंधन ग्लोबल वार्मिंग के खतरे को बढ़ाने में काफी योगदान देता है।

4. वनों की कटाई

जैसे-जैसे जनसंख्या बढ़ रही है उसी हिसाब से जरूरतें भी बढ़ रही है। घरेलू और औद्योगिक मांगों को पूरा करने के लिए लगातार जंगलों-पेड़ों को काटा जा रहा है। पेड़ों की हद से ज्यादा कटाई पर्यावरण के लिए भी बेहद नुकसानदायक है। जंगलों और पेड़ों की कटाई से कार्बन डाइऑक्साइड में काफी इजाफा होता है जिससे धरती का तापमान भी बढ़ता है।

ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव

ग्लोबल वार्मिंग धरती की हर एक चीज को पूरी तरह से प्रभावित करती है। यह हमारे मौसम और पर्यावरण पर विनाशकारी प्रभाव डालती है। ग्लोबल वार्मिंग के कुछ प्रभाव इस प्रकार हैं-

1. वैश्विक मौसम पैटर्न में भारी बदलाव 

मौसम वैसे तो महासागरों, वातावरण, लैंड मास में मौजूद गर्मी आदि से संचालित होता है लेकिन ग्लोबल वार्मिंग से पूरी दूनिया के मौसम पैटर्न में भी भारी बदलाव का आना शुरू हो चुका है। ग्रीनहाउस गैसों और बढ़ते तापमान की वजह से मौसम के पैटर्न में भी भारी बदलाव आ रहा है। कभी भी तूफान का आना, बिना मौसम के बारिश हो जाना या लंबे समय तक सूखा पड़ना इसमें शामिल हैं। 

2. जानवरों और पर्यावरण के लिए खतरा

क्लाइमेट चेंज से जानवरों के जीवन से लेकर हमारा पर्यावरण भी प्रभावित हुआ है। इसके असर से कई जानवरों के आवास का नुकसान हुआ है। जो जानवर रेगिस्तान, वर्षा वनों या ध्रुवीय इलाकों में रहते हैं उन्हें क्लाइमेट चेंज से काफी संकटों का सामना करना पड़ रहा है। जलवायु परिवर्तन उनके प्रवासी रास्तों से लेकर उनके भोजन तक पर विनाशकारी असर डाल रहा है। हाल ऐसा हो गया है कि आज कई जानवर लुप्त होने की कगार पर पहुँच चुके हैं। 

3. महासागरों में एसिड का बढ़ना

मानवी गतिविधियों के कारण वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड का अधिक मात्रा में रिलीज होना और सागर, नदी और झीलों में घुल जाना कई बायोलॉजिकल प्रक्रिया के तहत एसिडिफिकेशन प्रभाव को बढ़ाता है जिससे समुद्र में रहने वाले जीवों के लिए खतरा बढ़ता जा रहा है।

4. ध्रुवीय बर्फ का लगातार पिघलना

ध्रुवीय बर्फ का लगातार पिघलना

बर्फ के पहाड़ों पर ज्यादातर ताजा पानी जमा होता है। जब ये बर्फ पिघलती है तो इनका ताजा पानी समुद्र में भारी मात्रा में चला जाता है जो समुद्र को प्रभावित करता है। इससे समुद्री जीवन से लेकर समुद्री लहरों तक में परिवर्तन होता है। सैटेलाइट से मिली तस्वीरों में ये देखा गया है कि ग्रीनलैंड आइस शेल्फ 2002 से 2006 के बीच में अब तक लगभग 250 क्यूबिक किलोमीटर बर्फ खो चुका है। वहीं अंटार्कटिका में 2002 से 2005 के बीच 152 क्यूबिक किलोमीटर बर्फ खत्म हो चुकी है। 

5. समुद्र का जलस्तर बढ़ना

जिस तेजी के साथ चोटियों से बर्फ पिघल रही है और उसका पानी समुद्र में जमा हो रहा है, उस हिसाब से अगले कुछ सालों में समुद्र का जलस्तर कई फुट बढ़ सकता है। इसका असर भी देखने को मिल रहा है। समुद्र के किनारे बसे शहरों में लगातार बाढ़ आ रही है जिससे हजारों-लाखों लोगों को अपनी जगह और घर छोड़ना पड़ रहा है। 

ग्लोबल वार्मिंग को कम करने या रोकने के लिए क्या किया जा सकता है? 

ग्रीन हाउस गैस का उत्पादन कम करके जलवायु परिवर्तन को काफी कम किया जा सकता है। बच्चों के लिए ग्लोबल वार्मिंग को कैसे रोका जा सकता है, इसके लिए नीचे कुछ सुझाव दिए गए हैं –

  • ग्लोबल वार्मिंग को रोकने के लिए जितना हो सके पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करना चाहिए। निजी परिवहन का इस्तेमाल न करके आप कार्बन डाइऑक्साइड और नाइट्रस ऑक्साइड के उत्सर्जन में काफी हद तक कमी कर सकते हैं। 
  • एनर्जी बचाने वाले इलेक्ट्रिक उपकरणों का इस्तेमाल करना चाहिए। एलईडी लाइट का इस्तेमाल करना चाहिए क्योंकि यह कम बिजली की खपत करती है। गर्मी का मौसम होने पर एसी का इस्तेमाल कम करें और हवा के लिए अपने घर की खिड़की खोलें तो वहीं सर्दियों का मौसम होने पर हीटर का कम से कम इस्तेमाल करें। 
  • इस्तेमाल न होने पर बच्चों को बिजली की चीजों को बंद करना सिखाएं। इससे एनर्जी और पैसे, दोनों की बचत होगी। 
  • संगठनों या कम्युनिटी द्वारा शुरू किए जा रहे वनीकरण या अफॉरेस्टेशन प्रोग्राम में अपने बच्चों के साथ हिस्सा ले। ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की कोशिश करें। बच्चों को घर और स्कूल के आस-पास पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित करें। 
  • तीन ‘आर’ याद रखें: रियूज, रिड्यूस, रीसायकल यानी पुन: उपयोग, बचत और रीसायकल करें। जिन चीजों का पुन: उपयोग और पुनर्नवीनीकरण किया जा सकता है, वे विनिर्माण प्रक्रियाओं में कम ऊर्जा खपत में मदद करते हैं। इससे ग्रीनहाउस गैसों में कटौती होती है।

बच्चों के लिए ग्लोबल वार्मिंग के बारे में रोचक तथ्य

यहाँ हम बच्चों के लिए ग्लोबल वार्मिंग से जुड़ी कुछ रोचक जानकारी दे रहे हैं, जिससे बच्चों को ये याद रहे –

  • धरती पर जीवन के लिए ग्रीनहाउस प्रभाव जरूरी है क्योंकि यह धरती का तापमान कंट्रोल करने में मदद करता है। ग्लोबल वार्मिंग की बहस इस बात के ऊपर है कि धरती को गर्म या नुकसान पहुँचाने से पहले हम कितनी मात्रा में ग्रीनहाउस गैसों को वायुमंडल में छोड़ सकते हैं।
  • साल 1700 से औद्योगिक क्रांति यानि इंडस्ट्रियल रेवोल्यूशन शुरू हुआ। आपको जानकर हैरानी होगी कि तब से लेकर अब तक कार्बन डाइऑक्साइड का स्तर करीब 41 प्रतिशत तक बढ़ा है जिसमें ज्यादातर 1960 के बाद से बढ़ना शुरू हुआ है।
  • हाल के दशकों में करीब 6 लाख लोग मौसम संबंधित आपदाओं में अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें से करीब 95 प्रतिशत से ज्यादा मौतें सिर्फ विकासशील देशों में ही होती हैं। बर्फ के ग्लेशियरों को हम लगातार खोते जा रहे हैं जिसका प्रभाव हमारे मौसम और समुद्र पर पड़ रहा है। 
  • अमेरिका के ग्लेशियर नेशनल पार्क से वर्ष 1910 से कई ग्लेशियर खत्म हो चुके हैं। वर्ष 1850 में जहां ग्लेशियर की संख्या 150 थी वहीं अब यह घटकर 25 रह गई है।
  • ऑटोमोबाइल और ट्रांसपोर्टेशन, वातावरण में ग्रीनहाउस गैसों के उत्पादन में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके बाद उद्योगों (इंडस्ट्री)और व्यावसायिक खेती (कमर्शियल फार्मिंग) का स्थान आता है।
  • जिस हिसाब से बर्फ की चोटियां पिघल रही हैं उस हिसाब से देखा जाए तो अगर समुद्र का जलस्तर 3 फीट तक बढ़ जाए तो करीब 1करोड़ लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ सकता है और ये एक गंभीर समस्या की बात है।
  • कोयला उद्योग लगातार इस पर काम कर रहा है कि कैसे कार्बन डाइऑक्साइड को समुद्र तल के नीचे जमा किया जाए। 
  • कम ऊर्जा की खपत और इसकी क्षमता में सुधार करने से हम पृथ्वी पर कार्बन फुटप्रिंट को कम कर सकते हैं।

जलवायु परिवर्तन क्या है? 

क्लाइमेट चेंज यानी जलवायु परिवर्तन का अर्थ मौसम की उस संरचना से है जो किसी एक खास क्षेत्र में दशकों तक अनुभव की जाती है। इसमें उस क्षेत्र की बारिश, गर्मी, सर्दी, धूप और सूखे जैसी मौसम शामिल होते हैं। क्लाइमेट चेंज नया नहीं है। यह मौसम परिवर्तन है जो सदियों से होता आ रहा है। आप में से ज्यादातर लोग हिमयुग या आइस एज शब्द से परिचित होंगे। यह काल पृथ्वी को ठंडा रखने का समय था। अभी हम जिस जलवायु परिवर्तन के बारे में चिंता कर रहे हैं वह धरती का तेजी से गर्म होना है। यह मानव की गतिविधियों की वजह से हो रहा है।

जलवायु परिवर्तन का क्या कारण है? 

जलवायु परिवर्तन का क्या कारण है? 

मौसम और जलवायु, धरती को सूर्य से मिलने वाली गर्मी से प्रभावित होते हैं। जो गर्मी, भूमि, समुद्र और वातावरण द्वारा अब्सॉर्ब होती है। इन तीनों के बीच गर्मी का आदान-प्रदान, हवा, नमी और समुद्री धाराओं का कारण बनता है जो मौसम को संचालित करता है। मौसम का मिजाज अचानक काफी बदल सकता है। जैसे-जैसे वातारवण में ग्रीनहाउस गैसे बढ़ती हैं वैसे वैसे धरती का तापमान भी बढ़ने लगता है। इस वजह से धरती के मौसम में भी काफी परिवर्तन आ जाता है। अल-नीनो और ला-नीना जैसे मौसम पैटर्न में ऐसे बदलाव पहले से ही देखे जा रहे हैं जो कई क्षेत्रों पर एक ही समय में ज्यादा बारिश या सूखे की समस्या का कारण बन रहे हैं। यह अनुमान लगाया जाता है कि ऑटोमोबाइल, उद्योगों और अन्य मानवीय गतिविधियों द्वारा ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन के कारण वातावरण में अधिक गर्मी बनी रहती है।

वातावरण पर जलवायु परिवर्तन का प्रभाव

बच्चों को क्लाइमेट चेंज के बारे में जरूर बताना चाहिए। उन्हें बताना चाहिए कि हमारे पर्यावरण पर जलवायु परिवर्तन का क्या प्रभाव पड़ता है। बच्चों को समझाना अहम है कि हमारा भविष्य, हमारे पर्यावरण से जुड़ा हुआ है। पृथ्वी के मौसम के पैटर्न में किसी भी तरह का परिवर्तन जब आता है तब उसका असर जानवरों और जंगलों पर भी पड़ता है। उदाहरण के तौर पर कम बारिश होने पर सूखा पड़ सकता है या अधिक गर्मी पड़ सकती है। जिसका असर जानवरों पर पड़ सकता है। ज्यादा गर्मी होने पर पेड़ों के विकास में परेशानी हो सकती है जिससे जानवरों पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है। कई पक्षियों, कीड़ों और जानवरों का दूसरे इलाकों और देशों में प्रवास मौसम और मौसम के बदलाव पर निर्भर करता है। जलवायु परिवर्तन से यह चक्र, उनके प्राकृतिक घरों, प्रवासी और संभोग व्यवहार को बदलकर उनको नुकसान और परेशानी पहुँचा सकता है। रिसर्च कहती हैं कि कुछ पक्षियों के लगभग 50 प्रतिशत प्रजनन आवास खत्म हो सकते हैं। गर्म महासागर जो एसिडिक होते हैं, वे कोरल रीफ्स और विशाल समुद्री जीवन को भी मार सकते हैं। कहा जाता है कि आने वाले समय में जलवायु परिवर्तन धरती से 30 से 40 प्रतिशत तक प्रजातियों का सफाया कर सकता है। 

लोगों पर जलवायु परिवर्तन का प्रभाव

जलवायु परिवर्तन से मानव जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। अल-नीनो के लंबे समय तक चलने से दुनिया के एक हिस्से में भयंकर सूखा पड़ सकता है और दूसरी तरफ भयंकर तूफान और बाढ़ आ सकती है। विकासशील देश, जो मुख्य रूप से मानसून जैसे मौसमी बारिश पर निर्भर होते हैं, वर्षा में बदलाव से प्रभावित होंगे। गर्म तापमान बीमारियों को तेजी से फैलाएगा और पानी के स्तर में बढ़ोतरी के कारण 10-20 करोड़ लोग बेघर हो जाएंगे।

बच्चों के लिए जलवायु परिवर्तन से जुड़े तथ्य 

इन बातों की जानकारी बच्चों को देकर उन्हें ग्लोबल वार्मिंग के खतरे के बारे में बताया जा सकता है-

  • पिछली सदी से बर्फ की चोटियों से बर्फ पिघलने के कारण समुद्र का स्तर 8 इंच बढ़ गया है। पिछले दो दशकों में यह दर दोगुनी हो गई है। समुद्र का जल स्तर बढ़ने से समुद्र के पास बसे शहरों के सामने बड़ा खतरा पैदा हो गया है।
  • क्लाइमेट चेंज पर रिसर्च करने वाले करीब 97 प्रतिशत वैज्ञानिक इस बात को मानते हैं कि तापमान में मौजूदा तेजी के पीछे का कारण इंसान है।
  • दुनिया के महासागरों में 30 प्रतिशत तक अम्लता (एसिडिटी) बढ़ गई है।  
  • पृथ्वी एक हिमयुग में है जो 25 लाख वर्ष पहले शुरू हुआ था और हम एक इंटर ग्लेशियल पीरियड में हैं, जिसे होलोसीन कहा जाता है।
  • हर 40,000 वर्षों में पृथ्वी के अक्ष (एक्सिस) का अभिविन्यास (ओरिएंटेशन) बदलता है जो जलवायु परिवर्तन का कारण बनता है।

ग्लोबल वार्मिंग को कम करने के लिए हम जो भी कदम उठाते हैं, वह बहुत छोटे हैं। लेकिन हम अपने प्रयासों से ग्लोबल वार्मिंग की रफ्तार को कम कर सकते हैं या उसे रोक सकते हैं।

यह भी पढ़ें:

बच्चों के लिए हैरान कर देने वाले 50 साइंस फैक्ट्स
बच्चों के लिए पेड़-पौधों से संबंधित 50 इंट्रेस्टिंग फैक्ट्स
बच्चों के लिए वायु प्रदूषण से जुड़े कुछ तथ्य और जानकारियां