भारत पर निबंध (Essay On India In Hindi)

Essay on India in hindi

दुनिया भर में कुल 195 देश हैं, लेकिन भारत की बात बाकी सबसे अलग है। यह अपनी विविधताओं के लिए पूरे विश्व में मशहूर है। भारत को प्राचीन समय में सोने की चिड़िया भी कहा जाता था लेकिन बाहरी देशों के कई हमलों और लूट-पाट की वजह से हिंदुस्तान ने अपनी मूल्यवान वस्तुएं और धरोहर खो दीं। इतना कुछ सहन करने के बाद भी विश्व भर में भारत अपनी संस्कृति, भाषाओं, प्राकृतिक सुंदरता, त्योहारों आदि से सबका ध्यान अपनी तरफ आकर्षित करता है। इस देश की आजादी के लिए कई महान क्रांतिकारियों और सैनिकों ने अपनी जान दी है और आज भी सच्चे देश भक्त यह करने के लिए हमेशा तैयार रहते है। भारत को ज्ञान का सागर भी कहा जाता है क्योंकि यहां पर कई आश्चर्यजनक विषयों के बारे में जानकारी मिलती है। भारत, दुनिया के पटल पर अपना एक अलग ही स्थान रखता है। यहाँ हर धर्म, जाति, संस्कृति को अहमियत दी जाती है। यहां के वासियों के बीच हमें एकता देखने को मिलती है। भारत दुनिया के सबसे बड़े महाद्वीप एशिया का हिस्सा है और क्षेत्रफल में सातवां सबसे बड़ा देश है। यहाँ कई भाषाओं का उपयोग होता है लेकिन हिंदी यहाँ की राजभाषा है। अगर आपको अपने बच्चे के लिए भारत पर निबंध की तलाश है तो इस लेख को जरूर पढ़ें।

भारत पर 10 लाइन (10 Lines On India In Hindi)

भारत जिसे हिन्दुस्तान भी कहा जाता रहा है, दुनिया के सबसे पुराने देशों में से एक है और यहाँ का इतिहास और विविधता से भरी संस्कृति और परंपराएं लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। यदि आपको भी इसके बारे में जानना है तो नीचे दी है 10 लाइनों को पढ़ें और इसकी महत्ता को समझें।

  1. भारत क्षेत्रफल में दुनिया का 7वां सबसे बड़ा देश है।
  2. भारत जनसंख्या के अनुसार विश्व का सबसे बड़ा है।
  3. भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहाँ हर धर्म, संस्कृति, जाति और भाषा का सम्मान होता है।
  4. यह अपनी विविध संस्कृति और इतिहास के लिए जाना जाता है।
  5. भारत की कुल आबादी लगभग 140 करोड़ के आस-पास है।
  6. इस देश में कई महान क्रांतिकारियों, नेताओं और कलाकारों ने जन्म लिया है।
  7. भारत अपने कई प्रकार के व्यंजनों, त्योहारों, नृत्यों आदि के लिए दुनिया भर में मशहूर है।
  8. 15 अगस्त 1947 को भारत को अंग्रेजों के राज से हमेशा के लिए आजादी हासिल हुई थी।
  9. यहाँ कुल 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेश हैं।
  10. भारत का राष्ट्रीय झंडा ‘तिरंगा’ केसरिया, सफेद और हरे रंगों से बना है जिसमें बीच में ‘अशोक चक्र’ है।

भारत पर निबंध 200-300 शब्दों में (Short Essay on India in Hindi 200-300 Words)

भारत एक विशाल देश है जिसमें आपको कई संस्कृतियों और परंपराओं का मिश्रण मिलेगा। यहाँ के लोगों की पहचान उनके कपड़ों से नहीं बल्कि संस्कारों से की जाती है। यदि भारत को और बेहतर तरीके से समझना चाहते हैं तो यह कम शब्दों का निबंध जरूर पढ़ें और अपने बच्चे को भी पढ़ाएं ताकि उसे भारत के इतिहास, भूगोल आदि का ज्ञान हो।

भारत दुनिया का एक महत्वपूर्ण देश है, जो कि क्षेत्रफल के अनुसार बड़े देशों में सातवें स्थान पर आता है। वहीं जनसंख्या के अनुसार विश्व में भारत का स्थान पहला है। भारत का इतिहास, भूगोल, संस्कृति इतनी पुरानी और विशिष्ट हैं कि इस वजह से पूरे विश्व में इसकी चर्चा बनी रहती है। सबसे पहले यह एक लोकतांत्रिक देश है, मतलब यहाँ की सरकार जनता द्वारा, जनता के लिए बनाई जाती है। बिना जनता के सरकार का निर्माण नामुमकिन है। देश की जनता अपना नेता खुद अपनी मर्जी से वोट देकर चुनती है। बात अगर इसकी संस्कृति और परंपराओं कि की जाए तो यहाँ कई प्रकार की चीजें आपको देखने को मिलेंगी। यह विभिन्न प्रकार के धर्म, परंपरा, संस्कृति और भाषाओं का देश है। यहाँ हर धर्म, समुदाय और जाति के लोग साथ मिलकर रहते हैं। आप जिस भी धर्म के हों, जो भाषा बोलते हों या फिर जो कपड़े पहनते हों, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। यहाँ तक कि लोग एक दूसरे के त्योहारों में शामिल होते हैं। यहाँ एक ही समाज में सभी लोग मिलजुल कर रहते हैं। इसकी आबादी लगभग 140 करोड़ तक पहुंच गई है। भारत जब अंग्रेजों के शासन में था, तो उसने कई तरह के संघर्ष देखे। लेकिन हमारे देश के बहादुर क्रांतिकारियों की मेहनत रंग लाई और उसे 15 अगस्त 1947 को आजादी मिली। आजादी के बाद भारत को अपना झंडा तिरंगा मिला जो कि केसरिया, सफेद और हरे रंग में रंगा है और उसके बीच में नीले रंग का अशोक चक्र है, जिसमें 24 तीलियां होती हैं। धीरे-धीरे देश का विकास होता गया है और लोग आधुनिक बन गए।

Bharat par nibandh

भारत पर निबंध 400-600 शब्दों में (Essay on India in Hindi 400-600 Words)

भारत अपनी विविधताओं के लिए जाना जाता है, जैसे कि अलग-अलग भाषाएं, संस्कृति, खाना, धर्म, जाति आदि। इसके बारे में जानने के लिए आपको इसकी गहराई तक जाना पड़ेगा क्योंकि अभी से नहीं बल्कि प्राचीन समय से भारत अपनी संस्कृति और मान्यताओं के लिए प्रसिद्ध है। नीचे भारत के बारे में एक लॉन्ग एस्से लिखा गया है, जिसकी मदद से आप इसके बारे में काफी अधिक जानकारी हासिल कर सकेंगे। यदि आपके बच्चे को अपने देश भारत पर एक निबंध लिखना है, तो ये काफी फायदेमंद साबित होगा।

भारत की कहानी

भारत प्राचीन समय में सोने की चिड़िया कहा जाता था। इसकी संपन्नता की कहानियां सुनकर कई विदेशी आक्रमणकारी इसे लूटने के उद्देश्य से यहां आए। शक, कुषाण, हूण, अरब, फारसी, यूनानी और अंग्रेज ऐसे ही लोग थे। इनमें से कइयों ने अलग-अलग समय पर देश के विभिन्न हिस्सों पर राज भी किया। भारत 200 सालों तक अंग्रेजी शासन का गुलाम रहा। 15 अगस्त 1947 को भारत को इस गुलामी से आजादी मिली थी। लेकिन यह स्वतंत्रता पाना इतना आसान नहीं था जितना इसे लिखना आसान है। इस आजादी की लड़ाई में कई संघर्ष और युद्ध शामिल हैं। अपनी भारत माँ को अंग्रेजों की कैद से आजाद करने के लिए कई महान क्रांतिकारियों ने बहुत मेहनत की है और कई सच्चे देश भक्त आजादी की इस लड़ाई में अपनी जान गवां बैठे हैं। जिस आजादी की खुशी आज देशवासी मनाते हैं, उसकी लड़ाई 100 सालों तक चली थी। इस लड़ाई में शामिल हर शख्स का बलिदान लोग आज भी याद करते हैं और उन शहीदों के सम्मान के लिए कई कहानियों, शायरी, कविताओं में उनका वर्णन करते हैं। कई महान और प्रसिद्ध लोगों जिनमें महात्मा गाँधी, सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद, लोकमान्य तिलक, उधम सिंह जैसे न जाने कितने ही क्रांतिकारी शामिल थे, जिनकी मिसालें आज भी दी जाती हैं।

भारत एक लोकतांत्रिक देश

हिंदुस्तान दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, यहाँ की सरकार देश की जनता द्वारा चुनी जाती है। यहाँ पर पूरी तरह से जनता का राज चलता है। क्योंकि इसका स्लोगन है, ‘सरकार लोगों की, लोगों द्वारा, लोगों के लिए। इसका मतलब बिना जनता के देश का चलना नामुमकिन है। दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव भारत में होता है और अन्य देशों में इसकी काफी प्रशंसा भी होती है। भारत में कुल 28 राज्य और 8 केंद्र-शासित प्रदेश है। हिंदुस्तान की सेना दुनिया दूसरी सबसे बड़ी सेना है। भारत के पड़ोसी देशों में पाकिस्तान, नेपाल, चीन, बांग्लादेश, भूटान, श्रीलंका, म्यांमार व अफगानिस्तान शामिल हैं।

भारतीय संस्कृति और परंपरा

दुनिया भर में भारत अपनी संस्कृति और परंपरा के लिए बेहद प्रसिद्ध है। यहां हर धर्म, जाति, कपड़ों, त्योहारों, भाषा, खाना आदि का अपना अलग मूल्य है। यह प्रथा आज से नहीं सालों से चली आ रही है। भारत एक शांति भरा देश है जहां अलग-अलग धर्म और जाति के लोग एक साथ मिलकर रहते हैं। चाहे आप किसी भी धर्म से हों लेकिन लोगों के बीच एकता साफ झलकती है। हिन्दू धर्म में दिवाली, होली का जितना महत्व होता है उतना ही इस्लाम में ईद, बकरीद, ईसाई धर्म में क्रिसमस, सिख में लोहड़ी आदि का महत्व रहता है, इसी तरह हर धर्म के भगवान का अपना अलग महत्व है। यदि यहाँ एक समाज में विभिन्न धर्म के लोग रहते हैं तो वे एक-दूसरे के साथ मिलकर एक दूसरे के त्योहारों को मनाते है। यहाँ के लोगों को मिलजुल कर रहना पसंद होता है। सिर्फ धर्म ही नहीं बल्कि हर जाति के लोग भी साथ में रहते हैं। यहाँ विभिन्न प्रकार की भाषा, खाने के व्यंजन, कपड़े आदि के साथ लोग दिखाई देंगे लेकिन सब एक ही समाज में बिना किसी मनमुटाव के खुशी-खुशी रहना पसंद करते हैं।

भारत की विशेषता

हिंदुस्तान की संस्कृति को विश्व में सबसे विविधता भरी और समृद्ध संस्कृति कहा जाता है। हम चाहे जिस भी धर्म, जाति के हों, अलग भाषा बोलते हों या अलग खाना खाते, अलग कपड़े पहनते हों, ये सभी चीजें हमारे बीच कभी भी मतभेद पैदा नहीं करती हैं। दुनिया में भारतीय पाक शैली और मसाले, साडी, घाघरा, धोती और पगड़ी जैसे पहनावे, योग, आयुर्वेद और शास्त्रीय संगीत व नृत्य परंपराएं कहीं और देखने को नहीं मिलतीं। इसके अलावा भारत प्राकृतिक रूप से भी एक खूबसूरत देश है। बर्फ से लदा हिमालय, लंबे समुद्र तट, घने जंगल, थार का रेगिस्तान और कच्छ का रण भारत को बाकी सबसे अलग बनाते हैं। इसके साथ ही यहाँ सैकड़ों सालों से अपना अस्तित्व दिखते विशाल किले, मंदिर और अन्य इमारतें विश्व भर में मशहूर हैं। इन सभी चीजों को देखने दुनिया भर से सैकड़ों पर्यटक आते हैं और भारत की विविधता में सुंदरता का दीदार करते हैं।

भारत के बारे में रोचक तथ्य (Interesting Facts About India in Hindi)

  1. भारत विश्व के 4 प्रमुख धर्मों की जन्मस्थली है – हिन्दू, बौद्ध, जैन और सिख।
  2. विश्व की ज्यादातर भाषाओं की जननी संस्कृत भारत में 5000 सालों से बोली जाती रही है।
  3. शतरंज, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, मार्शल आर्ट, पोलो, लूडो और सांप-सीढ़ी जैसे खेलों की शुरुआत भारत में ही हुई।
  4. हीरे की खोज करने वाला भारत पहला देश था।
  5. भारत में आधिकारिक रूप से कुल 22 भाषाओं को मान्यता मिली है।
  6. भारत में अधिकतर लोग चम्मच के बजाय हाथ से खाना खाना पसंद करते हैं।

भारत के इस निबंध से हमें क्या सीख मिलती है? (What Will Your Child Learn From India Essay?)

इस निबंध के माध्यम से हमने भारत की संस्कृति और विशेषताओं की चर्चा की है और यदि ये जानकारियां आपको पसंद आई या आपके बच्चे के लिए अच्छी हैं तो उसे यह निबंध एक बार जरूर पढ़ाएं।  इससे बच्चे को भारत के बारे में कई मूल्य जानकारियां हासिल होंगी।आप इस लेख को अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी साझा कर सकते हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

1. भारत में क्षेत्रफल के अनुसार सबसे बड़ा राज्य कौन सा है?

भारत में क्षेत्रफल के अनुसार सबसे बड़ा राज्य राजस्थान है।

2. विश्व में सबसे प्राचीन विश्वविद्यालय कौन से माने जाते हैं?

नालंदा और तक्षशिला विश्व में सबसे प्राचीन विश्वविद्यालय माने जाते हैं।

3. भारत में सबसे अधिक शिक्षित लोगों का राज्य कौन सा है?

केरल, भारत में सबसे अधिक शिक्षित लोगों का राज्य है। यहाँ के लगभग 91.58% लोग पढ़े-लिखे हैं।

यह भी पढ़ें:

मोर पर निबंध
बाघ पर निबंध
गाय पर निबंध