क्या गर्भावस्था के दौरान स्ट्रॉबेरी खाई जा सकती है?

प्रेगनेंसी के दौरान स्ट्रॉबेरी खाना

चूंकि गर्भावस्था के दौरान चीनी का सेवन कम करने की सलाह दी जाती है इसलिए ऐसे में कुछ मीठा खाने की क्रेविंग होने पर फ्रूट सलाद एक अच्छा ऑप्शन होता है। फ्रूट सलाद में डाले जाने वाले कई फलों में से खट्टी-मीठी स्ट्रॉबेरी लगभग सभी को पसंद होती है। हालांकि गर्भवती होने पर स्ट्रॉबेरी खाने के संबंध में कुछ सावधानियां रखनी जरूरी है। 

क्या गर्भवती महिलाएं स्ट्रॉबेरी खा सकती हैं?

जब यह तय करने की बात आती है कि क्या स्ट्रॉबेरी को गर्भवती महिला के आहार में शामिल किया जाना चाहिए, तो आपको पता होना चाहिए कि दरअसल स्ट्रॉबेरी खाने के कई फायदे हैं और इसे खाने से बिल्कुल भी परहेज नहीं करना चाहिए।

स्ट्रॉबेरी की न्यूट्रिशनल वैल्यू 

स्ट्रॉबेरी के एक कप में मौजूद पोषक तत्व काफी प्रभावी तरीके से गर्भवती महिला को लाभ पहुँचा सकते हैं।

पोषक तत्व  मात्रा
फोलेट 30 माइक्रोग्राम
सेलेनियम 1.2 मिलीग्राम
फास्फोरस 32 मिलीग्राम
फाइबर 4 ग्राम
कैल्शियम 25 मिलीग्राम
मैग्नीशियम 16.5 मिलीग्राम
आयरन 0.7 मिलीग्राम
विटामिन सी 95 मिलीग्राम
विटामिन ए 0.0135 मिलीग्राम
पोटैशियम 45 मिलीग्राम
कार्बोहाइड्रेट 11.7 ग्राम
प्रोटीन 1.2 ग्राम

गर्भावस्था में स्ट्रॉबेरी खाने से सेहत को होने वाले फायदे 

स्ट्रॉबेरी एक मौसमी फल है, और यह आवश्यक है कि जब इसका मौसम होता है तो आप उसे भरपूर खाएं।

1. हार्ट के लिए अच्छी है 

अलग-अलग स्टडीज से पता चला है कि स्ट्रॉबेरी में कुछ पदार्थ होते हैं जो शरीर के भीतर खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करते हैं और आर्टरीज (धमनियां) में प्लाक को कम करते हैं। इस प्रकार, स्ट्रॉबेरी का सेवन करने से दिल से जुड़ी किसी भी बीमारी से पीड़ित होने की संभावना कम हो जाती है और आपको सेहत अच्छी रखने में मदद मिलती है।

2. दृष्टि में सुधार करती है 

स्ट्रॉबेरी में प्रचुर मात्रा में विटामिन ए मौजूद होता है। यह आँखों के कॉर्निया और रेटिना पर काम करता है, उन्हें मजबूत बनाता है, और परिणामस्वरूप आँखों की सुरक्षा करता है, साथ ही उम्र से संबंधित अंधापन या यहाँ तक कि मोतियाबिंद होने की संभावना को भी कम करता है।

3. इम्युनिटी बढ़ाती है 

स्ट्रॉबेरी में विटामिन सी भी पर्याप्त रूप से पाया जाता है। यह शरीर की इम्युनिटी को मजबूत करने, कई इन्फेक्शन से बचाने में सहायक होता है।

4. बढ़ती उम्र का असर कम करती है 

शरीर में टॉक्सिन्स की वजह से अंदरूनी क्षति होती है और उम्र बढ़ने की गति तेज हो जाती है। स्ट्रॉबेरी में मिलने वाले विभिन्न न्यूट्रिएंट्स इस क्षति की मरम्मत में मदद करते हैं और इस प्रकार उम्र को तेजी से बढ़ने से रोकते हैं।

गर्भवती महिलाओं के लिए टेस्टी स्ट्रॉबेरी रेसिपीज 

स्ट्रॉबेरी को जल्दी और स्वादिष्ट तरीके से सेवन करने का सबसे बेहतरीन तरीका उसकी स्मूदी बनाना है। हमने यहाँ आपको स्मूदी बनाने की कुछ बढ़िया रेसिपीज बताई हैं।

1. बनाना स्ट्रॉबेरी स्मूदी

अपने नाश्ते के साथ यह स्मूदी पीना दिन की शुरुआत करने का एक बहुत शानदार तरीका हो सकता है।

सामग्री:

  • वैनिला योगर्ट – 1/2 कप
  • ओट्स – 1/2 कप
  • बादाम का दूध – 1/2 कप
  • केला – 1
  • स्ट्रॉबेरी – 1 कप

विधि:

  1. सभी सामग्रियों को एक साथ ब्लेंड करें।
  2. यदि आपको स्मूदी पतली पसंद है तो थोड़ा दूध डालें और मिलाएं।
  3. ऊपर से कुछ स्ट्रॉबेरी स्लाइस डालें या ठंडा पीना चाहती हों तो आइस क्यूब्स मिलाएं।

2. कीवी स्ट्रॉबेरी स्मूदी

यदि आपको पोषण के साथ-साथ चटपटा स्वाद चाहिए, तो यह स्मूदी आपको बहुत अच्छी लगेगी।

सामग्री:

  • नींबू का रस – 1 चम्मच
  • दूध – 1 कप
  • कीवी के टुकड़े – 1/2 कप
  • स्ट्रॉबेरी के टुकड़े – 1 कप

विधि:

  1. सभी सामग्रियों को एक साथ लेकर ब्लेंड करें।
  2. आप इसमें दूध डालकर थोड़ा गाढ़ा बना सकती हैं।
  3. कुछ कीवी के टुकड़ों, स्ट्रॉबेरी और आइस क्यूब्स के साथ गार्निश करें।

3. हेल्दी स्ट्रॉबेरी प्रिजर्व

स्ट्रॉबेरी सीजन के दौरान स्ट्रॉबेरी प्यूरी बनाई जा सकती है और आने वाले महीनों में उपयोग के लिए प्रिजर्व की जा सकती है। यह हेल्दी होती है और स्ट्रॉबेरी का मौसम जाने के बाद भी आपको इसका टेस्ट दे सकती है।

सामग्री:

स्ट्रॉबेरी – आप जितनी लेना चाहें

विधि:

  1. सारी स्ट्रॉबेरी को एक साथ ब्लेंड करें जब तक कि आपको एक चिकनी प्यूरी न मिल जाए। यदि आप इसे ज्यादा मात्रा में बनाना चाहती हैं तो थोड़ी-थोड़ी स्ट्रॉबेरी लेकर प्यूरी बना लें ।
  2. प्यूरी को एक एयरटाइट जिपलॉक बैग में फ्रीज करें, और जब जरूरत हो तो इस्तेमाल करें। एक बड़े बैग के बजाय, आप प्यूरी छोटे-छोटे कई बैग में स्टोर कर सकती हैं, जिससे जरूरत के समय सारी प्यूरी डीफ्रॉस्ट नहीं करनी पड़ेगी।
  3. डीफ्रॉस्ट करके इस स्ट्रॉबेरी प्यूरी को आप स्मूदी, मिल्कशेक आदि बनाने में उपयोग कर सकती हैं।
  4. टिप – ध्यान रहे कि स्ट्रॉबेरी को प्रिजर्व करते समय केवल पकी हुई स्ट्रॉबेरी का उपयोग करें, क्योंकि कच्ची स्ट्रॉबेरी लेने पर यह खट्टा हो सकता है।

गर्भावस्था में स्ट्रॉबेरी खाने के जोखिम

हालांकि स्ट्रॉबेरी आमतौर पर सुरक्षित होती है, लेकिन कभी-कभी ऐसी स्थितियाँ हो सकती हैं जब इसका सेवन गर्भवती महिला के लिए जोखिम भरा हो सकता है।

  • यदि आपके परिवार में स्ट्रॉबेरी से एलर्जी का इतिहास रहा है, तो संभावना है कि आपको भी ऐसा हो सकता है। गर्भावस्था के दौरान कोई भी एलर्जी गर्भ में पल रहे बच्चे को भी प्रभावित कर सकती है।
  • कच्चे फल और सब्जियां खाने से आपका ई.कोली बैक्टीरिया और अन्य पैरासाइट्स के संपर्क में आ सकता है। इससे होने वाला इन्फेक्शन प्लेसेंटा के माध्यम से बच्चे तक पहुँच सकता है और उसे नुकसान पहुँचा सकता है। अतः खाने से पहले स्ट्रॉबेरी को अच्छी तरह से जरूर धोएं।

स्ट्रॉबेरी खाने के टिप्स

स्ट्रॉबेरी का सेवन करना रॉकेट साइंस नहीं है। कुछ आसान टिप्स को ध्यान में रखकर आप सुरक्षित भी रहेंगी और इसका चटपटा टेस्ट भी ले सकेंगी।

  • उचित पोषण के लिए अन्य फलों और सब्जियों के साथ स्ट्रॉबेरी को संतुलित करें।
  • इस बात का पूरा प्रयत्न करें कि ताजा और धुली स्ट्रॉबेरी से घर पर स्ट्रॉबेरी स्मूदी बनाई जाए।
  • स्ट्रॉबेरी जैम या ऐसा कुछ न खाएं जिसमें प्रिजर्व्ड स्ट्रॉबेरी का इस्तेमाल किया गया हो।
  • रोज स्ट्रॉबेरी खाना शुरू करने से पहले जांच करें कि कहीं आपको इससे एलर्जी तो नहीं है।

गर्भावस्था के शुरूआती दिनों के दौरान स्ट्रॉबेरी का सेवन करने से बहुत सारे लाभ हो सकते हैं, लेकिन यदि खाने से पहले सावधानियां नहीं रखी गईं तो समस्या हो सकती है। सबसे जरूरी काम जो आपको करना है वह यह कि बुनियादी बातों का पालन करते हुए स्ट्रॉबेरी को अच्छी तरह धोकर इस्तेमाल करें।

यह भी पढ़ें:

प्रेगनेंसी के दौरान लीची
प्रेगनेंसी के दौरान आंवला खाना