प्राकृतिक तरीके से स्तन का आकार कैसे कम करें – 10 आसान उपाय

प्राकृतिक तरीके से स्तन का आकार कैसे कम करें – 10 आसान उपाय

कुछ महिलाएं बड़े स्तन होने पर सहज महसूस करती हैं, जबकि कुछ महिलाओं के लिए यह एक समस्या बन जाती है। बड़े स्तन वाली महिलाओं के शारीरिक और मानसिक समस्याओं से पीड़ित होने की संभावना होती है । बड़े स्तनों की वजह से वक्ष, कंधे, पीठ और गर्दन में दर्द हो सकता है। यह भी माना जाता है कि भारी स्तन वाली महिलाओं में स्तन कैंसर का खतरा अधिक होता है। मनोवैज्ञानिक रूप से, बड़े स्तन वाली महिलाएं हीनभावना से पीड़ित हो सकती हैं जिसके परिणामस्वरूप, वे संकोची और अंतर्मुखी (इंट्रोवर्ट) हो जाती हैं, लोगों से मेलजोल कम कर देती हैं और हर तरह के कपड़े नहीं पहन पाती हैं । दौड़ने, चलने जैसे शारीरिक व्यायाम करते समय भी उन्हें काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। हालांकि, प्राकृतिक उपचार के माध्यम से स्तनों का आकार काफी हद तक कम किया जा सकता है।

स्तनों का आकार बढ़ने के कारण

कई महिलाएं आकर्षक दिखने के लिए स्तन के आकार को बढ़ाने वाली ब्रेस्ट इम्प्लांट सर्जरी करवाती हैं। हालांकि, कुछ महिलाओं के स्तन कुदरती रूप से बड़े होते हैं। ऐसा कई कारणों के अलावा किसी शारीरिक विषमता की वजह से भी हो सकता है, जिसकी चिकित्सकीय जांच आवश्यक है। स्तनों के आकार में बदलाव लाने वाले कुछ कारक नीचे सूचीबद्ध हैं।

१. हार्मोनल परिवर्तन

हार्मोनल परिवर्तन कुछ ऐसे सबसे महत्वपूर्ण कारकों में से एक हैं, जिसके परिणामस्वरूप स्तनों के आकार में वृद्धि होती है। यह वृद्धि तब शुरू होती है जब अंडाशय परिपक्व होते हैं और एस्ट्रोजेन का स्राव ज्यादा होता है। हार्मोनल अस्थिरता के कारण मासिक धर्म चक्र, गर्भावस्था और रजोनिवृत्ति के दौरान स्तनों के आकार में वृद्धि हो सकती है, या यदि आप महिलाओं से संबंधित समस्याओं जैसे पी.सी.ओ.एस. आदि से पीड़ित हों तो भी हो सकती है । एस्ट्रोजन युक्त गर्भ निरोधकों का नियमित सेवन भी, स्तनों के बड़े होने का एक कारण हो सकता है।

२. वजन बढ़ना

वजन बढ़ने से भी स्तनों के आकार में वृद्धि होती है क्योंकि स्तन केवल वसायुक्त ऊतकों से बने होते हैं। हालांकि, वजन बढ़ने के कारण स्तन के आकार में वृद्धि हर महिला में भिन्न होती है। स्तनों की वृद्धि को रोकने के लिए स्वस्थ आहार का सेवन करना चाहिए और नियमित रूप से व्यायाम करना चाहिए।

३. जेनेटिक कारक

ऐसी महिलाएं, जिनके पारिवारिक इतिहास में अन्य स्त्रियां बड़े स्तनों वाली रही हों, उनके स्तन बड़े हो सकते हैं, क्योंकि इन मामलों में जीन एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्तन का आकार माँ या पिता दोनों के ही तरफ से वंशानुगत हो सकता है।

४. गांठ

गांठ बनने पर स्तन सामान्य आकार से बड़े हो सकते हैं। ये गांठ हानिकारक अथवा हानिरहित दोनों हो सकती है। हालांकि, डॉक्टर से इसकी जांच करवाना आवश्यक है।

स्तनों के आकार को प्राकृतिक तरीके से कम करने के सरल उपाय

कई महिलाओं को बड़े स्तन पसंद होते हैं लेकिन अगर आप उनमें से एक नहीं हैं, तो आप अवश्य ही इन्हें प्राकृतिक तरीके से कम करने के उपाय तलाश रही होंगी, है ना? कुछ गोलियां हैं जो आकार को कम करने का दावा करती हैं। हालांकि, आपको यह समझना होगा कि केवल गोलियां लेने से या ब्रेस्ट रिडक्शन क्रीम का उपयोग करने भर से राहत नहीं मिलेगी। एक संतुलित आहार के साथ-साथ एक नियमित और स्वस्थ दिनचर्या बनाए रखना आवश्यक है।

नीचे कुछ प्राकृतिक और सरल उपाय दिए गए हैं जो इच्छित स्तन आकार प्राप्त करने में आपकी सहायता कर सकते हैं।

१. अदरक वाली चाय

अदरक की चाय खांसी और जुकाम ठीक करती है और यह आपने कई बार सुना होगा, लेकिन क्या आप जानती हैं कि यह आपके मेटाबॉलिक दर को भी तेज करती है? जो आपके स्तन के आकार को कम करने में मदद करता है।

अदरक वाली चाय

सामग्री

  • अदरक
  • पानी
  • शहद

विधि

  • अदरक का एक छोटा टुकड़ा पीस लें।
  • फिर इसे 1 कप पानी में उबालें।
  • इसे छानकर इसमें लगभग एक चम्मच शहद मिलाएं।
  • इसे गुनगुना ही पिएं।

कितनी बार पिएं 

इसे चाय की तरह दिन में दो या तीन बार लें।

फायदा 

  • अदरक आपके मेटाबॉलिक दर को बढ़ाने में मदद करती है जिसके परिणामस्वरूप फैट (वसा) कम होने लगता है। स्तन ज्यादातर वसायुक्त ऊतकों से ही बने होते हैं, इसलिए वसा के कम होने से स्तनों का आकार भी कम हो जाता है।

२. ग्रीन टी

ग्रीन टी में औषधीय गुण होते हैं और यह माना जाता है कि यह वजन घटाने में भी सहायक होती है।

सामग्री

  • ग्रीन टी
  • पानी

विधि

  • एक कप पानी उबालें।
  • फिर आंच बंद कर दें और एक चम्मच ग्रीन टी डालें।
  • 2-3 मिनट के लिए इसे ढक्कन के से ढंक दें।
  • इसे छानने के बाद इसमें एक चम्मच शहद मिलाएं।
  • इसे गर्मागर्म ही पिएं।

कितनी बार पिएं 

  • एक या दो महीने तक इसे दिन में तीन से चार बार पिएं। आप इसके बाद में भी इसका सेवन कर सकती हैं।

फायदा

  • ग्रीन टी में कैटेचिन होता है, जो कैलोरी को जलाकर शरीर के वजन को कम करने में मदद करता है, जिसके परिणामस्वरूप आपके स्तन का आकार भी घट जाता है।

३. अलसी के बीज

अलसी के बीज

अलसी के बीज भी स्तन के आकार को कम करने में मदद करते हैं । यह शरीर से हानिकारक तत्वों का बाहर निकालने में मदद करती हैं जिससे आपका वजन भी घटता है और साथ-साथ आपके स्तन के आकार को भी कम करता है।

सामग्री

  • अलसी या अलसी का तेल
  • पानी

विधि

  • एक चम्मच अलसी पीस लें।
  • एक गिलास पानी उबालें।
  • इसमें पिसी हुई अलसी मिलाएं।
  • इसे पी लें ।
  • आप चाहें तो आप पानी में 1-2 चम्मच अलसी तेल मिलाकर भी पी सकती हैं।

कितनी बार लें 

  • पिसी हुई अलसी या अलसी के तेल को रोज सुबह खाली पेट लिया जा सकता है।

फायदा

  • एस्ट्रोजन स्तर का बढ़ना, स्तन के आकार में वृद्धि के विभिन्न कारकों में से एक है। अलसी में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड एस्ट्रोजन के स्तर को कम करने में मदद करता है, जिसके परिणामस्वरूप स्तन का आकार भी घटता है।

४. नीम और हल्दी का काढ़ा

भारतीय घरों में, हल्दी और नीम को संक्रमण और संवेदनशील त्वचा का इलाज करने के लिए एक बढ़िया विकल्प माना जाता है। यह आपके स्तन के आकार को कम करने में भी उतना ही मददगार साबित होता है।

सामग्री

  • नीम की पत्तियां
  • हल्दी
  • पानी
  • शहद

विधि

  • नीम की पत्तियों को धोकर उन्हें 4-5 कप पानी में तब तक उबालें जब तक कि पानी आधा न हो जाए।
  • इसे छान लें और 2 चम्मच हल्दी पाउडर और 1 चम्मच शहद मिलाकर इसे पिएं।

कितनी बार पिएं 

  • इस काढ़े को 2-3 महीनों तक लगातार पिएं।

फायदा 

  • स्तनपान के दौरान आपके स्तनों में जलन हो सकती है जिससे वो सूज जाते हैं। यदि आप नीम और हल्दी के काढ़े का सेवन करती हैं, तो यह सूजन और स्तन के आकार को कम करेगा।

५. मेथी दाना

मेथी के बीज

मेथी में औषधीय गुण होने के अलावा, यह आपकी त्वचा को सुदृढ़ करने में भी मदद करता है।

सामग्री

  • मेथी दाना
  • पानी

विधि

  • मेथी के दानों को 5-6 घंटे के लिए भिगो दें, फिर इसे थोड़ा सा पानी मिलाकर पीस लें और इसका पेस्ट बना लें।
  • इस पेस्ट को अपने स्तनों पर लगाएं और इसे सूखने दें।
  • कुछ देर बाद इसे धो दें।

कितनी बार करें

  • इस पेस्ट को सप्ताह में 3-4 बार स्तनों पर लगाना चाहिए।

फायदे 

  • मेथी के बीजों में सुदृढ़कारी गुण होते हैं, जो स्तनों को सुदृढ़ बनाने, और इसके आकार को कम करने में मदद करते हैं। इस पेस्ट को लगाने से यह त्वचा के ढीलेपन को भी रोकता है।

६. गार्सिनिया कैंबोगिया

यह फल भारत में उपलब्ध नहीं होता है। इसलिए, हम इसके सप्लीमेंट का उपयोग कर सकते हैं जो बाजार में आसानी से उपलब्ध है।

सामग्री

  • गार्सिनिया कैंबोगिया के सप्लीमेंट

विधि

  • इसे बनाने के लिए किसी विधि की जरूरत नहीं है क्योंकि ये बाजार में बना-बनाया आता है।

कितनी बार लें

सप्लीमेंट को दिन में तीन बार लिया जाना चाहिए लेकिन केवल डॉक्टर के परामर्शानुसार।

फायदे 

  • यह हमारे शरीर के मेटाबॉलिक दर को बढ़ाता है और वसा को कम करने में सहायक होता है जिसके परिणामस्वरूप स्तन का आकार भी कम हो जाता है।

७. फिश ऑयल सप्लीमेंट

मछली के तेल का सप्लीमेंट बाजार में आसानी से उपलब्ध होता है और इसका उपयोग काफी लोकप्रिय है क्योंकि ये वजन कम करने के साथ आपकी त्वचा और लिवर के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है।

मछली के तेल का सप्लीमेंट

सामग्री

  • आप यह सप्लीमेंट कैप्सूल या तेल के रूप में बाजार से खरीद सकती हैं। यह आसानी से उपलब्ध होते हैं।

विधि

  • सप्लीमेंट अगर कैप्सूल है तो एक कैप्सूल और अगर तेल है तो एक छोटा चम्मच तेल लें।

कितनी बार लें

  • आप इसे दिन में एक बार ले सकती हैं और इसे कब तक लेना चाहिए यह सुनिश्चित करने के लिए आप डॉक्टर से परामर्श कर सकती हैं।

फायदा 

  • मछली के तेल में पाया जाने वाला ओमेगा-3 फैटी एसिड; शरीर में एस्ट्रोजन के स्तर को कम करता है जो शरीर के वजन को कम करने में मदद करता है और आपके स्तन आकार को भी कम करता है।

८. व्यायाम

हर दिन व्यायाम को अपने रूटीन में शामिल करने से बेहतर और कुछ नहीं हो सकता। यह आपके स्तनों को कम करने के आलावा आपके पूरे शरीर को चुस्त बनाता है।

पुश अप

पुश आप आपके स्तन के आकार को कम करने के लिए सर्वश्रेष्ठ व्यायामों में से एक है। यह स्तन के करीब मौजूद वसा को जलाने में मदद करता है, जिससे स्तन सुदृढ़ बनते हैं ।

जॉगिंग

30 मिनट की नियमित जॉगिंग न केवल आपके स्तनों के आकार को कम करने में मदद करेगी, बल्कि यह पूरे शरीर को चुस्ती प्रदान करेगी। इससे आप पूरे दिन तरोताजा और ऊर्जावान महसूस करेंगी।

तैराकी

ऐसा माना जाता है कि तैराकी व्यायाम के सर्वोत्तम रूपों में से एक है, क्योंकि तैरते समय आपको अपने हाथों को हिलाना-डुलाना पड़ता है। यह वक्षस्थल के चारों तरफ के  वसा को कम करने में मदद करता है, जिससे स्तन का आकार कम होता है।

योग

योग प्राचीन काल से ही व्यायाम के सर्वोत्तम रूपों में से एक माना जाता है। यह न केवल आपको शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी स्वस्थ बनाता है । अर्धचक्रासन, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, पश्चिमोत्तासन, मंडूकासन और वीरभद्रासन जैसी कुछ योग मुद्राएं हैं जो स्तन के आकार को कम करने में मदद करती हैं। हालांकि, सकारात्मक परिणाम प्राप्त करने के लिए आपको सही तरीके से इनका अभ्यास करना होगा।

९. मालिश

मालिश से वक्षस्थल में रक्त परिसंचरण ठीक होता है और फैट को कम करने में मदद मिलती है। इसके अलावा, इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं है और यह सभी उम्र की महिलाओं के लिए सुरक्षित है। हालांकि, इस विधि से स्तनों के आकार में कमी तुरंत नहीं आती है। इस प्रक्रिया में थोड़ा वक्त लग सकता है।

मालिश

सामग्री

  • जैतून का तेल, नारियल, बादाम का तेल या एक ब्रेस्ट रिडक्शन क्रीम

विधि

  • आप ऊपर बताए गए कोई भी तेल अथवा क्रीम का इस्तेमाल करके अपने स्तन के आकार को कम कर सकती हैं, उंगलियों  की मदद से तेल या क्रीम से अपने स्तनों पर गोलाकार में मालिश करें।
  • मालिश खत्म हो जाने के बाद इसे तब तक लगाकर छोड़ दें जब तक कि तेल या क्रीम आपकी त्वचा में पूरी तरह अवशोषित न हो जाए ।

कितनी बार करें 

आपको दिन में दो बार कम से कम तीन महीने तक या मनचाहा परिणाम प्राप्त होने तक मालिश करते रहनी चाहिए।

फायदा 

मजबूत हाथों से स्तनों की अच्छी तरह से मालिश करने से यह वसा के ऊतक को टोन करने में मदद करती है जिससे स्तन का आकार छोटा दिखता है। यह स्तनपान करा रही मांओं के ढीले स्तनों को कसावदार करने में मददगार है ।

१०.  आहार

संतुलित आहार लें और अपने मेटाबॉलिक दर को बढ़ाने के लिए दिन में 7-8 बार थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खाएं। इससे वजन में कमी आएगी और स्तन का आकार भी टोन होगा। नीचे कुछ तरीके दिए गए हैं। इन तरीकों से भोजन करके आप अपने स्तन के आकार को कम कर सकती हैं।

  • आपको प्रतिदिन कम से कम 2-3 तरह के फल खाने चाहिए। इनसे आपका पेट भर जाएगा, क्योंकि इनमें कैलोरी की तुलना में पानी की मात्रा अधिक होती है।
  • मछली का सेवन ज्यादा करें, क्योंकि इसमें कैलोरी कम होती है और ओमेगा 3 की मात्रा भी भरपूर होती है जो वजन कम करने में मदद करता है।
  • अपने मासिक धर्म चक्र के दौरान नमक के अत्यधिक सेवन से बचें। इस समय के दौरान एस्ट्रोजन हार्मोन का रिसाव अधिक होता है और कुछ महिलाओं के शरीर में जल प्रतिधारण (वॉटर रिटेंशन) की समस्या भी बढ़ जाती है, जिसके फलस्वरूप स्तनों सहित आपका पूरा शरीर सूज जाता है।
  • उन खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें जिनमें स्टार्च की मात्रा अधिक होती है या जो संसाधित होते हैं।

स्तनों के आकार को कम करने के लिए अतिरिक्त टिप्स

अब तक आप जान गई होंगी कि स्तन के आकार को कैसे कम किया जाए हालांकि, इनके अलावा कुछ अन्य युक्तियां हैं जिनका पालन करके आप एक कसावदार वक्षस्थल प्राप्त कर सकती हैं ।

  • शराब का सेवन करने से बचें क्योंकि शराब शरीर में पानी की मात्रा को बरकरार रखती है जो आपके स्तनों सहित आपके शरीर के कुल वजन को बढ़ा सकता है।
  • अच्छी गुणवत्ता और सही आकार वाली ब्रा का ही उपयोग करें, क्योंकि यह आपके स्तनों को ढीले पड़कर लटकने से रोने में मदद करती है।
  • यदि आपके स्तनों में सूजन है, तो ठंडी सिंकाई करें और तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

उम्मीद है अब आपके पास अपने स्तनों के बढ़े हुए आकार को कम करने के लिए बहुत सारे विकल्प हो गए होंगे, तो अपने लिए सर्वोपयुक्त विकल्प चुनें और अच्छी तरह से इसका पालन करें।