गर्भावस्था में सुबह का नास्ता – क्या खाएं और क्या न खाएं

प्रेगनेंसी ब्रेकफास्ट (सुबह का नास्ता)

डिनर के बाद रातभर एक लंबा गैप हो जाता है, इसलिए सुबह का ब्रेकफास्ट करना सबके लिए बहुत जरूरी है, खासकर एक गर्भवती महिला के लिए। गर्भावस्था के दौरान एक महिला द्वारा लिया गया डाइट उसके और गर्भ में पल रहे बच्चे की संपूर्ण विकास के लिए बेहद जरूरी है। इसलिए गर्भवती महिलाओं के लिए न्यूट्रिशियस ब्रेकफास्ट करना बहुत जरूरी है ताकि उनके बच्चे को सही पोषण मिल सके और उसका विकास हो सके। इस आर्टिकल में हमने यह चर्चा की है कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के लिए हेल्दी ब्रेकफास्ट लेना क्यों जरूरी है और इस समय वे कौन-कौन सी रेसिपीज बना सकती हैं। यहाँ हम आपको यह भी बताएंगे कि गर्भवती महिलाओं के लिए कौन सा खाद्य पदार्थ खाना अच्छा है और कौन सा नहीं।

गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को ब्रेकफास्ट में क्या खाना चाहिए?

यद्यपि हर किसी को अपना दिन हेल्दी ब्रेकफास्ट के साथ शुरू करना चाहिए पर गर्भवती महिलाओं के लिए इसे सही तरीके करना बहुत ज्यादा जरूरी है। गर्भावस्था के दौरान गर्भ में पल रहे बच्चे के विकास के लिए महिलाओं को अपने ब्रेकफास्ट में न्यूट्रिएंट्स शामिल करने की जरूरत है। यहाँ पर कुछ खाद्य पदार्थों की लिस्ट दी हुई है जिसे गर्भवती महिलाएं अपने ब्रेकफास्ट में शामिल कर सकती हैं, आइए जानें;

1. प्रोटीन-युक्त खाद्य पदार्थ 

प्रोटीन की मदद से शरीर में डी.एन.ए., टिश्यू और मासंपेशियों के निर्माण में मदद मिलती है। गर्भ में पल रहे बच्चे को भी विभिन्न सेल के विभाजन, टिश्यू और सेल व पूर्ण विकास के लिए प्रोटीन की आवश्यकता होती है। गर्भावस्था के दौरान आप अपने ब्रेकफास्ट में कुछ प्रोटीन-युक्त खाद्य पदार्थ शामिल कर सकती हैं, जैसे दही, अंडे, पनीर, दूध, स्प्राउट्स, दाल, नट्स और चीज़। 

2. कैल्शियम-युक्त खाद्य पदार्थ 

शरीर में हड्डियों के विकास के लिए कैल्शियम बहुत जरूरी होता है। एक गर्भवती महिला और उसके बच्चे की मजबूत हड्डियों के लिए इस न्यूट्रिएंट की ज्यादा जरूरत होती है। गर्भावस्था के दौरान महिला को अपने और अपने बच्चे की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए रोजाना 1000 एम.जी. कैल्शियम लेने की जरूरत है। गर्भावस्था में आप कुछ प्रकार के कैल्शियम-युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन कर सकती हैं, जैसे पनीर, चीज़, हरी सब्जियां, बादाम, राजगीरा, अंजीर, तिल, दूध और दही। 

3. फाइबर-युक्त खाद्य पदार्थ 

कब्ज और पाचन की समस्याओं से अक्सर महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान असुविधाएं हो सकती हैं। यद्यपि इससे बचा नहीं जा सकता है पर गर्भावस्था के दौरान आप अपने आहार में फाइबर-युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करके इससे राहत पा सकती हैं। एक गर्भवती महिला अपने आहार में कुछ प्रकार के खाद्य पदार्थ शामिल कर सकती है, जैसे व्होल ग्रेन्स (ब्रान और ओट्स), फ्लैक्स के बीज, चिया के बीज, ब्रोकोली, स्वीट कॉर्न, अंजीर, सेब, केले और नाशपाती। 

4. व्होल ग्रेन्स 

व्होल ग्रेन्स में विटामिन बी – कॉम्प्लेक्स, डायटरी फाइबर, कार्बोहाइड्रेट्स और मिनरल जैसे मैग्नीशियम, आयरन और सेलेनियम भरपूर होता है। यह न्यूट्रिएंट्स बच्चे के हेल्दी विकास और वृद्धि के लिए जरूरी हैं। व्होल ग्रेन्स के कुछ उदाहरण हैं, जैसे दलिया, ओट्स, कुटू, ज्वार, बाजरा और ब्राउन राइस। 

5. आयरन और फोलेट-युक्त खाद्य पदार्थ 

गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को अपने और बच्चे के शरीर में खून बनाने के लिए ज्यादा आयरन की जरूरत होती है। गर्भ में पल रहे बच्चे के मस्तिष्क व रीढ़ की हड्डी के उचित विकास के लिए फोलेट बहुत जरूरी है। इसलिए गर्भवती महिलाओं को अपने आहार में फोलेट-युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करना चाहिए, जैसे पालक, गोभी, शतावरी, ब्रोकोली, दाल, एवोकाडो, ब्रसल स्प्राउट। ज्यादातर हरी सब्जियों में आयरन और फोलेट होता है। अन्य खाद्य पदार्थ भी हैं जिसमें आयरन भरपूर होता है, जैसे व्होल ग्रेन्स, मीट, मछली, टोफू, लिवर, सोयाबीन, नट्स और बीज। 

गर्भावस्था के दौरान ब्रेकफास्ट में कौन से खाद्य पदार्थ शामिल नहीं करने चाहिए 

गर्भावस्था के दौरान सभी खाद्य पदार्थ हेल्दी नहीं होते हैं। कुछ ऐसे खाद्य पदार्थ भी होते हैं जिन्हें गर्भावस्था से पहले खाया जा सकता है पर गर्भावस्था के दौरान इन्हें खाने की सलाह नहीं दी जाती है। गर्भावस्था में कौन से खाद्य पदार्थ नहीं खाने चाहिए उनकी लिस्ट यहाँ दी गई है, आइए जानें;

1. कच्चे अंडे 

कच्चे अंडों में साल्मोनेला बैक्टीरिया होते हैं जिससे फूड पॉयजनिंग हो सकती है और यह गर्भ में पल रहे बच्चे के लिए भी हानिकारक होते हैं। इसलिए हमेशा पके हुए अंडे ही खाएं। 

2. अनपाश्चुरीकृत डेयरी प्रोडक्ट 

अनपाश्चुरीकृत डेयरी प्रोडक्ट, जैसे सॉफ्ट चीज़ या ब्लू चीज़ में लिस्टेरिया होता है जिससे फूड पॉइजनिंग हो सकती है या यह गर्भावस्था में गंभीर समस्या भी उत्पन्न कर सकता है, जैसे भ्रूण की मृत्यु। इसलिए गर्भावस्था के दौरान अनपाश्चुरीकृत डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन न करें। 

3. कच्चा मीट और सी फूड 

कच्चा मीट खाने से भी आपको फूड पॉयजनिंग हो सकती है। इसलिए इस बात का ध्यान रखें कि आप पूरी तरह से पका हुआ मीट ही खाएं। सी फूड, जैसे मछली में भी मरकरी बहुत ज्यादा होता है जिससे जन्म के समय बच्चे में विकार हो सकते हैं। गर्भावस्था के दौरान आपके लिए मछली खाने से बचना भी बेहतर है। 

4. कैफीन 

गर्भावस्था के दौरान कैफीन का सेवन करने से यह प्लेसेंटा तक पहुँच सकता है और भ्रूण के दिल की धड़कन बढ़ा सकता है। इसकी वजह से मिसकैरेज हो सकता है। इसलिए गर्भावस्था के दौरान आपको संयमित मात्रा में कॉफी या कोला पीनी चाहिए। 

गर्भवती महिलाओं के लिए ब्रेकफास्ट संबंधी कुछ सेफ्टी टिप्स 

1. सिर्फ फ्रेश आहार ही खाएं 

फ्रेश खाद्य पदार्थों में सबसे ज्यादा न्यूट्रिशन होता है। ब्रेकफास्ट में ताजा पका हुआ खाना आपके शरीर और बच्चे को आवश्यक न्यूट्रिशन प्रदान करता है। फ्रिज में कुछ दिनों तक रखे हुए या बासी भोजन से न्यूट्रिएंट नष्ट हो जाते हैं और इससे फूड पॉइजनिंग भी हो सकती है। 

2. खाने से पहले हाथ जरूर धोएं 

गर्भावस्था के दौरान हाइजीन रखने से आपको इन्फेक्शन होने की संभावना कम होती है। यह इन्फेक्शन आपके बच्चे को भी नुकसान पहुँचा सकता है। यदि आवश्यक हो तो आप सैनिटाइजर का उपयोग करती रहें। 

3. सब्जियों और फलों को अच्छी तरह से धोएं 

कच्ची सब्जियों व फलों में हमेशा गंदगी, कीटाणु और पेस्टिसाइड्स होते हैं इसलिए खाने से पहले इन्हें अच्छी तरह से धोना बहुत जरूरी है। सब्जियों को पकाते समय अक्सर उन्हें अच्छी तरह से धो लेना चाहिए ताकि उसमें किसी भी प्रकार के कीटाणु न रह जाएं और इससे आपके शरीर में कीटाणु जाने की संभावना कम होती है। सब्जियों और फलों को पहले नमक के पानी में भिगो कर अच्छी तरह से धोना चाहिए। नमक के पानी से कीटाणु जल्दी ही निकल जाते हैं। आप फलों और सब्जियों को खाने से पहले इन्हें धोने के लिए प्यूरीफायर का उपयोग भी कर सकती हैं। 

गर्भावस्था के दौरान ब्रेकफास्ट के लिए कुछ अच्छे टिप्स 

1. थोड़ा थोड़ा कर कई बार खाएं 

यदि आपको मॉर्निंग सिकनेस होती है और आप बहुत ज्यादा नाश्ता नहीं कर पाती हैं तो आपको दिन की शुरूआत तरल पदार्थ से करनी चाहिए। अदरक या नींबू से आपको मॉर्निंग सिकनेस की समस्या कम करने में मदद मिल सकती है। आप दिनभर में थोड़ा-थोड़ा खाएं। आप सबसे पहले एक टोस्ट, बिस्कुट या डोसा खा सकती हैं फिर एक छोटा सा ब्रेक लें और दोबारा खाएं। 

2. हाइड्रेटेड रहें 

गर्भावस्था के दौरान पूरा दिन हाइड्रेटेड रहना बहुत जरूरी है। आप सादा पानी, जूस, नारियल का पानी या सूप भी पी सकती हैं। इस बात का ध्यान रखें कि आप ब्रेकफास्ट के समय में भी पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ ले रही हैं। 

3. हेल्दी फैट्स का सेवन भी करें 

गर्भावस्था के दौरान आपके और बच्चे के लिए हेल्दी फैट्स का सेवन बहुत जरूरी है। आप अपने ब्रेकफास्ट को बनाने के लिए हेल्दी फैट्स भी शामिल कर सकती हैं, जैसे घी, बटर, नट्स, एवोकाडो, ऑलिव ऑयल, कोल्ड-प्रेस्ड कोकोनट ऑयल, इत्यादि। 

4. अपने आहार में फल और सब्जियां शामिल करें 

फल और सब्जियों में बहुत ज्यादा न्यूट्रिएंट्स होते हैं जो आपके बच्चे के विकास के लिए आवश्यक है। आप अपने ब्रेकफास्ट में कुछ ऐसी चीजें पकाएं जिसमें सब्जी का उपयोग किया जाता है और साथ ही आप फलों का भी सेवन कर सकती हैं जो आपको और आपके बच्चे को जरूरी न्यूट्रिशन प्रदान करता है। हालांकि गर्भावस्था के दौरान आप कच्चा पपीता, अनानास और अंगूर न खाएं। 

अब आप जानती हैं कि गर्भावस्था के दौरान आपको क्या खाना चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए। आइए अब जानते हैं कि आप अपने ब्रेकफास्ट में कौन सी टेस्टी और हेल्दी रेसिपीज शामिल कर सकती हैं। 

गर्भावस्था के दौरान ब्रेकफास्ट के लिए हेल्दी रेसिपीज 

गर्भावस्था के दौरान आप अपने ब्रेकफास्ट में निम्नलिखित रेसिपीज पका सकती हैं, आइए जानें;

1. मूंग दाल का डोसा

गर्भावस्था के दौरान नाश्ते में यदि आप कोई हेल्दी इंडियन डिश पकाने के बारे में सोच रही हैं तो मूंग की दाल का डोसा सबसे बेहतरी रेसिपी है। इसमें प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट होता है जो आपको पूरे दिन के लिए एनर्जी और न्यूट्रिशन प्रदान करता है। 

सामग्री

  • 1 कप मूंग की दाल 
  • 1 कप इडली राइस
  • नमक स्वाद अनुसार
  • तेल

विधि

  • सबसे पहले आप दाल और इडली राइस को 3 घंटे के लिए दें।
  • भिगोए हुए चावल और दाल में थोड़ा ज्यादा पानी डालकर ब्लेंडर में ब्लेंड करके पेस्ट बना लें। 
  • अब इसे एक कटोरे में निकाल कर रातभर फेर्मेंट होने के लिए रख दें। 
  • अगले दिन बैटर में नमक डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। 
  • अब एक नॉन स्टिक तवा गर्म करें और उसमें थोड़ा सा पानी छिड़ककर एक साफ कपड़े से पोंछ लें। 
  • अब गर्म पैन में बैटर डालें और इसे लगभग 6 इंच तक स्प्रेड कर लें। 
  • डोसे के चारों तरफ हल्का-हल्का तेल लगाएं और मध्यम आंच में हल्का भूरा व क्रिस्पी होने तक पकने दें। 
  • अब डोसे को पलट कर कुछ सेकंड्स के लिए पकाएं। 
  • पकने के बाद इसे आधा मोड़कर प्लेट पर रखें। 
  • अंत में कोकोनट चटनी और सांबर के साथ इसके स्वाद का आनंद लें। 

2. तुरई और गाजर का डोसा 

गर्भवती महिलाओं के लिए यह एक हेल्दी ब्रेकफास्ट है क्योंकि इसमें सब्जियां और दाल होती हैं जो महिलाओं व उनके बच्चे को पर्याप्त मात्रा में कार्बोहाइड्रेट और हेल्दी फैट्स देती हैं। 

सामग्री

  • ¾ कप कद्दूकस की हुई तुरई
  • ¼ कप कद्दूकस की हुई गाजर
  • ¼ कप बेसन
  • ½ कप चावल का आटा
  • बारीक कटा हुआ हरा धनिया
  • 1 या 2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
  • नमक और तेल
  • ½  कप पानी

विधि

  • सबसे पहले बेसन और चावल का आटा मिलाएं।
  • इसमें पानी डालें और हल्का गाढ़ा होने तक मिलाएं।
  • अब आप इसमें सब्जियां और मसाले डालकर और अच्छी तरह से मिलाएं।
  • एक नॉन-स्टिक पैन गर्म करें और उसमें थोड़ा सा तेल लगाएं।
  • अब पैन में बैटर को डालें और छोटे आकार के डोसा बनाने के लिए इसे स्प्रेड करें।
  • डोसे के चारों तरफ तेल लगाएं और मध्यम आंच में हल्का भूरा होने तक पकाएं।
  • एक तरफ पकने के बाद इसे कुछ सेकंड के लिए दूसरी तरफ से भी पकाएं।
  • इसे पुदीने की चटनी के साथ सर्व करें।

3. खजूर और केले का शेक 

गर्भावस्था की पहली तिमाही में यह ब्रेकफास्ट सबसे बेहतरीन है क्योंकि इस दौरान आपको मॉर्निंग सिकनेस की समस्या होती है। इस समय यदि आप सॉलिड ब्रेकफास्ट नहीं खा पा रही हैं तो आप हेल्दी मिल्कशेक ले सकती हैं। 

सामग्री

  • ¼ कप खजूर 
  • एक आधा केला
  • 1 कप दूध
  • 4 से 5 बर्फ के टुकड़े (वैकल्पिक)

विधि

  • सबसे पहले खजूर को एक कप गर्म दूध में कुछ देर के लिए भिगोएं। 
  • फिर इसे केले और बर्फ के साथ अच्छी तरह से ब्लेंड कर लें। 
  • आपका स्वादिष्ट शेक तैयार है। 

4. मल्टीग्रेन इडली

इस रेसिपी में व्होल ग्रेन होते हैं और इसलिए यह दिन की शुरूआत में ही पर्याप्त मात्रा में फाइबर, कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन प्रदान करती है। 

सामग्री

  • 1 छोटा चम्मच मेथी दाना
  • ½ कप रागी का आटा
  • ½ कप बाजरा आटा
  • ½ कप उड़द दाल
  • ½ कप ज्वार का आटा
  • ½ कप गेहूं का आटा
  • नमक और तेल

विधि

  • सबसे पहले उड़द की दाल और मेथी के दानों को 2 घंटे के लिए पानी में भिगो दें।
  • अब दोनों को पानी से निकाल ले और ब्लेंडर में अच्छी तरह मिक्स करें। 
  • इस मिश्रण को शेष पूरे अनाज के आटे और नमक के साथ मिलाएं। मिश्रण को गाढ़ा या पतला करने के लिए आप इसमें पानी मिला सकते है। 
  • अब इसे कवर करें और इसे रात भर फरमेंट होने के लिए रख दें ।
  • अगले दिन, इडली के सांचे को तेल से चिकना करें और प्रत्येक मोल्ड में एक चम्मच बैटर डालें।
  • इसे इडली स्टीमर या कुकर में 10 मिनट के लिए स्टीम करें।
  • इडली को सांबर के साथ खाएं।

5. दाल का डोसा

दाल में भरपूर प्रोटीन होता है जो आपके गर्भ में पल रहे बच्चे के विकास के लिए जरूरी हैं। दाल का डोसा हेल्दी होने के साथ-साथ टेस्टी भी होता है। 

सामग्री

  • 2 कप चावल (इडली राइस)
  • ¼  कप मूंग की दाल 
  • ¼  तूर की दाल 
  • ¼  उड़द की दाल 
  • ¼  चने की दाल 
  • 3 बड़े चम्मच चना 
  • 3 बड़े चम्मच राजमा 
  • 1 छोटा चम्मच मेथी 
  • 3 लाल मिर्च 
  • 1 चुटकी हींग 
  • नमक और तेल 

विधि

  • सबसे पहले आप हींग को छोड़ कर बाकी सभी सामग्रियों को अच्छी तरह से धोएं और 4 से 6 घंटे तक भिगो दें। 
  • भीगी हुई चीजों का पानी निकाल कर इसे एक साथ ब्लेंड करें। 
  • इस मिश्रण में हींग और नमक मिलाकर बैटर की कंसिस्टेंसी होने तक मिलाएं। 
  • आप इस मिश्रण को फेर्मेंट होने तक रातभर के लिए रख भी सकती हैं या इसे बिना फर्मेंटेशन के ही तैयार करें। 
  • एक नॉन स्टिक पैन गर्म करें और उसमें थोड़ा सा तेल लगाएं। 
  • पैन में एक चम्मच बैटर डालें और इसे गोलाई में लगभग 6-8 इंच तक स्प्रेड करें। 
  • इसमें तेल की कुछ बूंदें डालें और हल्का भूरा होने तक कम आंच में पकाएं। 
  • एक तरफ पकने के बाद इसे पलटें और दूसरी तरफ से भी कुछ सेकंड्स तक पकाएं। 
  • अंत में कोकोनट चटनी या सांबर के साथ इस स्वादिष्ट डोसे का आनंद लें। 

6. रागी इडली

रागी इडली एक और प्रोटीन-युक्त डिश है जो आपके ब्रेकफास्ट में शामिल हो सकती है। हर इडली को बनाने के लिए आपके पास उसका बैटर होना जरूरी है। 

सामग्री

  • 1 कप रवा, सूखा हुआ रोस्टेड और ठंडा किया हुआ 
  • 1 कप रागी 
  • 1 कप दही 
  • पानी 
  • नमक और तेल 

विधि

  • सबसे पहले आप रागी, रवा, नमक और दही को एक कटोरे में मिलाएं। 
  • अब इसमें पानी डालें और इसमें एक स्मूद कंसिस्टेंसी होने तक अच्छी तरह से मिलाएं। 
  • इस मिश्रण को लगभग 1/2 घंटे के लिए एक तरफ रख दें। 
  • अब इडली के मोल्ड को में थोड़ा तेल लगाएं और एक चम्मच बैटर हर एक मोल्ड में भर दें। 
  • इडली को कुकर या स्टीमर में लगभग 12 – 15 मिनट तक स्टीम करें। 
  • पकने के बाद इसे मोल्ड से निकालें और ठंडा होने दें। 
  • अंत में इडली को चटनी और सांबर के साथ खाएं। 

7. ओट्स का उपमा

गर्भवती महिलाओं के लिए यह रेसिपी बहुत ज्यादा न्यूट्रिशियस है क्योंकि इसमें सभी होल ग्रेन्स और सब्जियां हैं।

सामग्री

  • 1 कप कटी हुई सब्जियां, जैसे गाजर, फलियां, पत्ता गोभी और मटर 
  • 1 कप सूखा हुआ रोस्टेड ओट्स 
  • 1 कप कटी हुई हरी मिर्च 
  • 1 कप कटा हुआ प्याज 
  • ½ बड़ा चम्मच हल्दी का पाउडर 
  • ½ बड़ा चम्मच किसा हुआ अदरक 
  • 5-10 कड़ी पत्ता 
  • हरा धनिया 
  • 1 बड़ा चम्मच घी 
  • 1 बड़ा चम्मच तेल 
  • ½ बड़ा चम्मच सरसों के बीज 

विधि

  • सबसे पहले आप एक गहरे पैन को गर्म करें और इसमें घी व तेल डालें। 
  • मिश्रण गर्म होने के बाद इसमें सरसों के बीज डालें। 
  • इसमें कड़ी पत्ता, हरी मिर्च, अदरक और प्याज डालकर प्याज को हल्का भूरा होने तक फ्राई करें। 
  • अब इसमें कटी हुई सभी सब्जियां डालकर मिलाएं और ढककर लगभग 5 मिनट के लिए पकाएं। 
  • मिश्रण में नमक और हल्दी मिलाएं। 
  • अब इसमें एक कप पानी डालकर अच्छी तरह से मिलाएं और सभी चीजों को थोड़ी देर के लिए उबलने दें। 
  • होने के बाद सब्जियों में रोस्टेड ओट्स डालें और मिलाएं। इसके पानी को एब्सॉर्ब होने और इसे अच्छी तरह से पकने दें। 
  • अंत में उपमा को हरी धनिया से गार्निश करें। 
  • इसे चटनी के साथ खाएं। 

8. पालक का डोसा 

पालक में आयरन की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। यदि आप इस रेसिपी को अपने  ब्रेकफास्ट में शामिल करती हैं तो आपकी आयरन की आवश्यकता पूरी होगी। 

सामग्री

  • ¼ कप उड़द की दाल 
  • 1 कप गेहूं का आटा 
  • 1 कप पालक 
  • नमक स्वादानुसार 
  • तेल 
  • पानी 

विधि

  • सबसे पहले आप उड़द की दाल को लगभग 3 घंटे के लिए भिगोए। 
  • भीगी हुई दाल का पानी निकालें और इसे ब्लेंड कर लें। 
  • पालक धोएं और इसके पत्तों को भी ब्लेंड कर लें। 
  • पालक के पत्तों को स्मूद पेस्ट बनने तक ब्लेंड करें। 
  • पिसी हुई दाल में गेहूं का आटा डालें और अच्छी तरह से मिलाएं। 
  • इस मिश्रण में पालक का पेस्ट और नमक भी मिला लें। 
  • इसमें पानी मिलाकर डोसा के बैटर की कंसिस्टेंसी होने तक मिलाएं। 
  • एक तवा गर्म करें। 
  • डोसा के बैटर को तवा में डालें और इसे पैन केक की तरह ही स्प्रेड करें। 
  • इसके चारों ओर तेल डालें ताकि यह बिना चिपके अच्छी तरह से पक जाए। 
  • इसे पलटें और दूसरे तरफ से भी पकाएं। 
  • आपका डोसा तैयार है, इसे कोकोनट चटनी और सांबर के साथ खाएं। 

गर्भावस्था के दौरान इन रेसिपीज के अलावा आप ब्रेकफास्ट में अन्य हेल्दी खाद्य पदार्थ, जैसे सब्जियां और अंडे का ऑमलेट, ड्राई फ्रूट्स के साथ ओट्स, नट्स और शहद, उबले हुए अंडे और व्होल ग्रेन मफिन भी ले सकती हैं। आप अपने ब्रेकफस्ट में फ्रेश संतरे का जूस या कटे हुए फल भी शामिल कर सकती हैं। यदि आप न्यूट्रिशियस ब्रेकफास्ट का सेवन करती हैं तो आपको दिनभर एनर्जी मिलती रहेगी। इससे आपके गर्भ में पल रहे बच्चे को को हेल्दी विकास के लिए पोषण मिलता है। 

यह भी पढ़ें:

प्रेगनेंसी के दौरान उपवास रखना