गर्भावस्था की तीसरी तिमाही के दौरान व्हाइट डिस्चार्ज होना – क्या यह सामान्य है?

क्या प्रेगनेंसी की तीसरी तिमाही में व्हाइट डिस्चार्ज होना सामान्य है

गर्भावस्था आपके जीवन में उत्साह और बहुत सारे बदलाव लेकर आती है। जब आप गर्भवती होती हैं, तो उस दौरान आपका शरीर बहुत सारे परिवर्तनों से गुजर रहा होता है। आपके शरीर में होने वाले कुछ बदलावों के बारे में आप पहले से ही जानती हैं और आपको पता होता है कि आपको भी इन बदलावों से गुजरना होगा। हालांकि, कुछ शारीरिक परिवर्तन अनएक्सपेक्टेड होते हैं और कई बार यह परेशानी का कारण बन जाते हैं। हर महिला ने कभी न कभी योनि स्राव का अनुभव किया होता है और गर्भवती महिलाएं भी इसका अनुभव करती हैं। हालांकि, गर्भावस्था के दौरान, योनि स्राव बढ़ सकता है, जो सामान्य हो भी सकता है और नहीं भी। असामान्य रूप से डिस्चार्ज होना इन्फेक्शन होने का संकेत हो सकता है या फिर यह आपके लेबर से संबंधित भी हो सकता है।

योनि स्राव से जुड़े विषय पर अक्सर महिलाएं चर्चा करने में शर्म महसूस करती हैं, लेकिन गर्भवती महिलाओं को यह समझना चाहिए कि यदि आपको व्हाइट डिस्चार्ज असामान्य रूप से हो रहा है तो, आपको अपने डॉक्टर से परामर्श करने की जरूरत है। गर्भावस्था के दौरान होने वाले व्हाइट डिस्चार्ज के बारे में जानने के लिए लेख पढ़ना जारी रखें।

क्या गर्भावस्था के तीसरे तिमाही के दौरान व्हाइट डिस्चार्ज कॉमन है?

तीसरी तिमाही में योनि से व्हाइट डिस्चार्ज होना या मिल्की (दूधिया) डिस्चार्ज होना आम बात है और आपको इसे लेकर अधिक चिंता नहीं करनी चाहिए। जैसा कि गर्भावस्था के दौरान आपके शरीर में कई परिवर्तन होते हैं, ठीक उसी प्रकार आप अपनी गर्भावस्था की तीसरी तिमाही के दौरान व्हाइट डिस्चार्ज का अनुभव करती हैं, जो बिलकुल सामान्य है। लेकिन फिर भी एक बार आपको इस विषय पर अपने डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए, अगर आपको डिस्चार्ज का रंग, उसका टेक्सचर असामान्य नजर आ रहा है, या दुर्गंध महसूस हो रही हो। तीसरी तिमाही में आप अपनी डिलीवरी की तारीख के करीब खून के साथ गाढ़ा व्हाइट डिस्चार्ज महसूस कर सकती हैं। यह आपके लेबर में जाने का एक संकेत हो सकता है।

गर्भावस्था की तीसरी तिमाही के दौरान सामान्य डिस्चार्ज होना 

आपके शरीर में कुछ ऐसे बदलाव होते हैं जो आपको लेबर और डिलीवरी के लिए तैयार करने में मदद करते हैं। ऐसा ही बदलावों में से एक व्हाइट डिस्चार्ज भी है। सर्विक्स में ब्लड सप्लाई बढ़ने से आपके हार्मोन का स्तर बदल जाएगा, जिसके कारण डिस्चार्ज की मात्रा बढ़ जाएगी। अधिक डिस्चार्ज के कारण आपको पैंटी लाइनर और पैड पहनना पड़ सकता है। यहाँ आपको नॉर्मल डिस्चार्ज को पहचानने के संकेत बताए गए हैं:

  • यह सफेद, साफ, बहता हुआ होता है और हल्का पीलापन लिए होता है।
  • इसमें गंध नहीं होती है।
  • जैसे जैसे आपकी डिलीवरी डेट नजदीक आने लगती है तो, डिस्चार्ज का रंग हल्का गुलाबी हो जाता है।

हालांकि, यदि आपको डिस्चार्ज के कारण बेचैनी या असहज महसूस होता है, तो आपको अपने डॉक्टर के पास जाना चाहिए।

तीसरी तिमाही में असामान्य रूप से डिस्चार्ज होना  

एब्नॉर्मल डिस्चार्ज के दौरान इसका रंग पीला या हरापन लिए होता है और इसके अलावा इससे दुर्गंध आ भी सकती है और नहीं भी। इस तरह की स्थिति में, आपको तुरंत अपने डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। यह कई कारणों से हो सकता है और इससे पहले कि यह बच्चे को प्रभावित करे आपको इसका इलाज समय पर करा लेना चाहिए।

गर्भावस्था के दौरान एब्नॉर्मल डिस्चार्ज के सामान्य कारण नीचे दिए गए हैं:

  • बैक्टीरियल वैजिनोसिस एक ऐसी स्थिति है जो योनि या सर्विकल कैनाल में बैक्टीरिया के असंतुलित रूप से मौजूद होने के कारण होता है। इसकी वजह से योनि स्राव में पीलापन आ सकता है। आप इसके लक्षण के रूप में पेशाब के दौरान चुभन या जलन महसूस कर सकती हैं। यदि इसका समय पर इलाज न किया जाए, तो यह प्रीमैच्योर शिशु या शिशु के छोटे होने का कारण बन सकता है।
  • कैंडिडिएसिस एक यीस्ट इन्फेक्शन है, जिसके कारण योनि स्राव पीले या हरे रंग का हो सकता है। हार्मोनल स्तर में हो रहे परिवर्तन में वृद्धि के कारण इन्फेक्शन के साथ फंगस कैंडिडा बढ़ जाता है। इससे आपको खुजली और जलन का अनुभव होगा। 

  • क्लैमाइडिया एक यौन संचारित रोग (एसटीडी) है। इसके कारण होने वाला योनि स्राव गाढ़ा और पीलापन लिए होता है। यदि आप इससे या किसी अन्य एसटीडी से पीड़ित हैं, तो आपको तुरंत अपने डॉक्टर को सूचित करना चाहिए और इसका उपचार शुरू करना चाहिए, क्योंकि यह प्रीटर्म डिलीवरी का कारण बन सकता है या फिर यह इन्फेक्शन अजन्मे बच्चे में ट्रान्सफर हो सकता है।
  • ल्यूकोरिया गर्भावस्था के दौरान एस्ट्रोजन के स्तर में वृद्धि के कारण होता है। इसके कारण आपको गाढ़े पीले रंग का डिस्चार्ज होता है। यह डिस्चार्ज सर्विक्स में पाए जाने वाले नॉर्मल बैक्टीरिया फ्लोरा, पुरानी वजाइनल सेल्स योनि और सर्विक्स से होने वाले अन्य स्रावों का एक संयोजन होता है।

तीसरी तिमाही में व्हाइट डिस्चार्ज से कैसे निपटें 

योनि स्राव से निपटने के लिए आपको नीचे बताया गया है कि आप क्या करें और क्या न करें, जो आपकी इन्फेक्शन रोकने में मदद करेंगे:

क्या करें

नीचे बताई गई बातों को ध्यान में रखते हुए इसका पालन करें:

  • योनि क्षेत्र को दिन में दो बार पानी और आपके डॉक्टर द्वारा बताए गए मेडिकेटेड साबुन से धोएं। फिर इसे सुखाएं।
  • जब आप योनि क्षेत्र को पोछ रही हों तो उस समय, आपके हाथ का मूवमेंट कभी भी पीछे से आगे की ओर नहीं होना चाहिए, हमेशा आगे से पीछे की ओर होनी चाहिए।
  • एक साफ, सूती का पैंटी पहनें और दिन में कम से कम दो बार इसे बदलें।
  • रात में आरामदायक सूती कपड़े पहनें जो आपकी त्वचा को साँस लेने में मदद करे।
  • पैड और पैंटी लाइनर्स का उपयोग आपको सूखा रखने और आरामदायक महसूस करने में मदद करेगा।
  • यौन संचारित रोगों से बचने के लिए सेक्स करते समय सुरक्षा का उपयोग करें।
  • यदि आपको ऐसे कोई भी लक्षण दिखाई देते हैं जो सामान्य नहीं है, तो तुरंत अपने डॉक्टर को फोन करें और उन्हें इसके बारे में सूचित करें।
  • यदि आपकी डिलीवरी डेट से पहले आपका अंडरवियर लगातार गीला रहता है, तो अपने डॉक्टर को तुरंत बताएं।

क्या न करें  

हेल्दी प्रेगनेंसी के लिए इन चीजों को करने से बचें:

  • सुगंधित क्रीम और बबल बाथ के उपयोग से बचें।
  • टैम्पोन का प्रयोग करने से इन्फेक्शन हो सकता है और यह योनि में बैक्टीरिया का कारण बन सकता है, इसलिए इनका उपयोग करने से बचें।
  • यदि आपके योनि क्षेत्र से दुर्गंध आती है, तो इसे दूर करने के लिए किसी प्रकार की खुशबू, स्प्रे, या पाउडर का उपयोग करने से बचें।
  • खुद से कोई दवा न लें और खुजली, रेडनेस या सूजन को कम करने के लिए डॉक्टर से परामर्श करें।
  • किसी भी इन्फेक्शन को रोकने के लिए सार्वजनिक टॉयलेट का उपयोग करने से बचें।
  • योनि को बार-बार धोने से बचें क्योंकि इससे योनि में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया भी धुल सकते हैं।

डॉक्टर से कब परामर्श करें

यदि आप 37वें सप्ताह से पहले पानी जैसे डिस्चार्ज का अनुभव करती हैं या उन लक्षणों को नोटिस करती हैं जो सामान्य नहीं हैं, तो आपको डॉक्टर के पास जाना चाहिए। इसके अलावा, यदि आप नोटिस करती हैं कि आपकी पैंटी असामान्य रूप से डिस्चार्ज के कारण गीला है या आप किसी भी प्रकार की असुविधा का अनुभव करती हैं तो बेहतर होगा कि आप इस विषय पर अपने डॉक्टर से बात करें। 37वें सप्ताह से पहले पानीदार डिस्चार्ज खतरे का संकेत हो सकता है। आपको तुरंत अपने डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए, क्योंकि हो सकता है कि एमनियोटिक सैक फट गया हो और इसके कारण एमनियोटिक फ्लूइड लीक हो सकता है।

हालांकि, गर्भावस्था के दौरान व्हाइट डिस्चार्ज बहुत बड़ी चिंता का विषय नहीं है, अगर आपको कुछ भी असामान्य लगता है, तो आपको डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए। यदि आपको गर्भावस्था के नौ महीनों के दौरान बहुत अधिक व्हाइट डिस्चार्ज होता है, तो अपने डॉक्टर को इस बारे में बताएं और जैसा वह करने के लिए कहे वैसा करें।

यह भी पढ़ें:

प्रेगनेंसी के दौरान योनि से ब्राउन डिस्चार्ज होना
प्रेगनेंसी के दौरान योनि से हरा डिस्चार्ज: कारण और उपचार