भारत की 10 सबसे पावरफुल और प्रभावशाली महिलाएं

भारत की 10 सबसे पावरफुल और प्रभावशाली महिलाएं

किसी ने ठीक ही कहा है “महिलाएं समाज के निर्माण की आधार होती हैं!” आज पूरा विश्व इस बात की गवाही दे रहा है कि महिलाएं आज किसी से कम नहीं हैं। यह नारी शक्ति है; आज की नारी बाधाओं को चुनौती देती है और दुनिया जीत लेती है। हम जानते हैं कि एक औरत होना आसान नहीं है, लेकिन कुछ महिलाएं ऐसी भी हैं जो इसे अपनी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आसान बना देती हैं। हमें गर्व है इनपर। 

पुराणों में भी कहा गया है ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता’ अर्थात् जहाँ नारियों की पूजा की जाती है, उन्हें सम्मान दिया जाता है, देवता वहीं निवास करते हैं। आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर रही हैं। अभी 29 फरवरी’ 2020 की ही बात ले लें, मेजर जनरल डॉ. माधुरी कानिटकर ने भारतीय सेना में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्हें फोर्स की दूसरी सबसे बड़ी पोजीशन लेफ्टिनेंट जनरल का पद मिला है और वे बन गई हैं इस पद को हासिल करने वाली देश की तीसरी महिला लेफ्टिनेंट जनरल। बधाई  हो माधुरी!

आज हमारे देश की महिलाएं भारत की प्रगति में योगदान तो दे ही रही हैं, साथ ही साथ परिवार की आर्थिक समृद्धि में भी हाथ बढ़ा रही हैं। सच में एक नारी कुछ भी कर सकती है! अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर, हम आपके लिए पूरे भारत से उन महिलाओं की एक सूची लेकर आए हैं, जिन्होंने अपने संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम किया है और पूरे भारत को सम्मान दिलाया है! वैसे तो लिस्ट में ढेरों नाम आते हैं पर आज हम उनमें से 10 महिलाओं की बात करेंगे। 

भारत की 10 सबसे शक्तिशाली और प्रभावशाली महिलाओं की लिस्ट

1. निर्मला सीतारमण 

इनका नाम आज पूरे देश में गूँज रहा है, ये हैं भारत की सबसे शक्तिशाली महिलाओं में से एक। 60 वर्षीया, निर्मला सीतारमण ने फोर्ब्स लिस्ट में 34वां स्थान हासिल किया है। वे हैं भारत की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री जो हमारे देश के लिए बहुत गौरव की बात है। उन्होंने इस साल 2020 में यूनियन बजट पेश किया है और 2019 में अपना पहला बजट पेश किया था। वे 2017 में भारत की पहली महिला रक्षा मंत्री भी रह चुकी हैं। इनके रक्षा मंत्री के कार्यकाल में पुलवामा अटैक के 13 दिनों के भीतर पाकिस्तान के बालाकोट में आतकवादियों के ठिकानों पर हमला कर उन्हें मार गिराया गया था, यह भी बहुत सराहनीय था। सच में निर्मला सीतारमण ने महिला सशक्तिकरण की नई परिभाषा गढ़ी है।

2. जिया मोदी 

2019 में जिया मोदी को फॉर्च्यून इंडिया के लिस्ट में भारत की सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में पहला स्थान मिला है। वह फोर्ब्स इंडिया (2013, 2014 और 2015) द्वारा ‘भारत की 10 सबसे शक्तिशाली महिलाओं’ में से एक के रूप में लिस्टेड हैं। 

जिया मोदी AZB & Partners (भारत की एक लीडिंग लॉ फर्म) की फाउंडर व मैनेजिंग पार्टनर हैं व भारत की सबसे बड़ी कॉर्पोरेट अटॉर्नी हैं। जिया अपने नेगोटिएशन स्किल्स और एक कामयाब बिज10 नेस वूमेन के रूप में जानी जाती हैं। एक लीगल प्रोफेशन में खुद को स्थापित के लिए उन्होंने बेशक काफी संघर्ष किया है। वह वास्तव में उन सभी महिलाओं के लिए एक प्रेरणा हैं, जो लीगल प्रोफेशन में अपना कैरियर बनाना चाहती हैं और अपने दम पर नाम कमाना चाहती हैं।

3. किरण मजूमदार शॉ 

किरण मजूमदार शॉ भारत की सबसे बड़ी फार्मा कंपनी ‘बायोकॉन लिमिटेड’ की चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उनकी कंपनी आज एशिया की एक लीडिंग फार्मास्यूटिकल कंपनी है। उनकी कंपनी ने बड़े वैश्विक बाजारों में बायोसिमिलर्स के लॉन्च का बीड़ा उठाया है और इन बायोसिमिलर का उपयोग कैंसर और डायबिटीज जैसे विभिन्न बिमारियों के उपचार में किया जा रहा है। भारत की बायोटेक क्वीन, किरण मजूमदार एक समाज-सेविका भी हैं। उनकी एक पहल, ‘द मजूमदार शॉ मेडिकल सेंटर’ का उद्देश्य कम खर्च पर एक विश्व स्तरीय कैंसर ट्रीटमेंट सेंटर बनाना है। भारत सरकार ने उन्हें पद्म श्री और पद्म भूषण जैसे दो प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान से भी नवाजा है।

4. रोशनी नादर मल्होत्रा

फोर्ब्स द्वारा द वर्ल्ड्स मोस्ट पावरफुल वुमन 2019 की वार्षिक सूची में 54वें स्थान पर, रोशनी नादर मल्होत्रा ​​एचसीएल एंटरप्राइज की सीईओ और एक्सेक्यूटिव डायरेक्टर हैं। उन्होंने HCL के फाउंडर, अपने पिता शिव नादर से फॅमिली एम्पायर की बागडोर संभाली है। अपनी कंपनी की कमान संभालने के अलावा, वह कई सामाजिक कार्यों में भी शामिल हैं। वह ‘विद्याज्ञान स्कूल प्रोजेक्ट’ की इन चार्ज हैं। इस प्रोजेक्ट के तहत, उत्तर प्रदेश में समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के टैलेंटेड व इंटेलिजेंट बच्चों के लिए दो फ्री बोर्डिंग स्कूल का संचालन किया गया है।

5. नीता अंबानी 

नीता अंबानी – नाम ही काफी है! आज पूरे देश में इनकी पहचान है, इसलिए नहीं कि ये एक अरबपति रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी की पत्नी हैं बल्कि इन्होंने अपनी खुद की एक पहचान बनाई है। वह एक स्मार्ट बिजनेसवूमेन और एक समाजसेवी हैं। वह रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन हैं व साथ साथ एक इंटरनेशनल स्कूल, क्रिकेट टीम, चैरिटी और बहुत कुछ की बागडोर संभाली हुई हैं। उन्होंने रिलायंस फाउंडेशन के तहत और ग्रामीण विकास, सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं, माध्यमिक शिक्षा आदि लिए कार्य कर रही हैं। नीता का योगदान भारत की सभी महिलाओं के लिए एक प्रेरणा है!

6. एकता कपूर 

आज घर घर में महिलाओं के बीच एकता कपूर बहुत प्रचलित हैं। एकता टेलीविजन इंडस्ट्री की क्वीन होने के साथ साथ एक फिल्म प्रोडूसर व डायरेक्टर और बालाजी टेलीफिल्म्स की मैनेजिंग डायरेक्टर और क्रिएटिव हेड भी हैं। उन्हें इस साल पद्म श्री के अवार्ड से सम्मानित किया गया है जो भारत का चौथा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है। हालांकि कुछ लोग सोच सकते हैं कि यह उनके लिए आसान था, लेकिन ऐसा नहीं है। उन्हें अपने कार्य में तुरंत सफलता नहीं मिली थी, उन्होंने कड़ी मेहनत और पूरी लगन से पुरुष प्रधान इंडस्ट्री में कार्य किया और सबका नाम रोशन किया। आज उनके कुछ टेलीविजन शो भारत में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले शो हैं। उनके नेतृत्व में, बालाजी टेलीफिल्म्स ने 20.12 करोड़ रुपये के लाभ के साथ 465.12 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की।

7. प्रियंका चोपड़ा

प्रियंका चोपड़ा का नाम लिए बिना भारतीय प्रभावशाली महिलाओं की लिस्ट अधूरी सी लगती है, नहीं? पूर्व मिस इंडिया और मिस वर्ल्ड, प्रियंका अब एक इंटरनेशनल आइकन हैं। वह एक एक्टर, एक प्रोड्यूसर, एक सिंगर, एक इंटरप्रेन्योर और एक समाजसेवी भी हैं। उन्होंने अपने इंटरनेशनल टीवी शो और एक फिल्म के माध्यम से विदेश में भी लोकप्रियता हासिल की। वह यूएसए टुडे 2019 की 50 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में भी उनका नाम है। प्रियंका पूरी दुनिया में छा रही हैं और भारत सरकार ने इन्हें 2016 में पद्म श्री अवार्ड से सम्मानित भी किया है। सच में प्रियंका एक प्रेरणा हैं!

8. मिताली राज 

पावरफुल और प्रभावशाली भारतीय महिलाओं की सूची में एक महिला क्रिकेटर का नाम लेना एक गर्व की बात है। मिताली राज का भारतीय क्रिकेट में योगदान हर लड़कियों के लिए एक उम्मीद की किरण है कि अब यह खेल पुरुष-प्रधान क्षेत्र नहीं रह गया है। इंडियन वीमेन टीम की कैप्टन मिताली राज ने भारत को इंटरनेशनल लेवल पर सम्मान दिलाया है। मिताली वीमेन इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली और एकमात्र महिला क्रिकेटर है जिसने महिलाओं के वनडे में 6000 से अधिक रन बनाए हैं। उनकी कप्तानी में, भारत ने वर्ष 2017 में विश्व कप फाइनल में जगह बनाई। वह सही मायने में एक चैंपियन हैं – उनकी और उनकी पावरफुल टीम की जयजयकार!

9. मैरी कॉम

मैरी कॉम एक ऐसी व्यक्तित्व हैं जिन पर फिल्म बनाई जाती है। मैरी ने कुल 8 वर्ल्ड चैंपियनशिप मैडल जीतकर एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है और बन गई हैं दुनिया की सबसे महान बॉक्सर। यह रिकॉर्ड महिला और पुरुष दोनों में मैरी ने बनाया है और 8 मेडल्स में से 7 गोल्ड मैडल है और एक सिल्वर। इन्होंने इतने मेडल्स जीते हैं कि उसपर पूरी एक किताब लिखी जा सकती है। भारत सरकार ने मैरी को पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे सबसे सम्माननीय पुरस्कार से नवाजा है। उन्होंने एक इतिहास रच दिया है और एथलीट्स के लिए एक बहुत बड़ी प्रेरणा हैं। मैरी कॉम को नमन। 

10. हिमा दास 

हिमा दास जिन्हें ‘ढिंग एक्सप्रेस’ के नाम से जाना जाता है एक वर्ल्ड क्लास स्प्रिंटर हैं। इन्होंने 18 साल की उम्र में एशियन गेम्स 2018 में 50.79 सेकंड में 400 मीटर दौड़कर एक नेशनल रिकॉर्ड बनाया है और बन गई हैं गोल्ड मैडल जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट। जुलाई 2019 में हिमा ने 4 गोल्ड मेडल्स जीते हैं। अपनी लगातार जीत से हिमा ने पूरे देश का नाम रौशन किया है। भारत सरकार ने उन्हें अर्जुन अवार्ड से भी सम्मानित किया है। 

ये कुछ अमेजिंग भारतीय महिलाएं हैं जो हम सभी के लिए प्रेरणा हैं। वैसे ऐसी कोई लिस्ट नहीं है जो भारत देश की महिलाओं की उपलब्धियों को शामिल कर लें। हमारे देश में असंख्य श्रेष्ठ महिलाओं ने जन्म लिया है और अपने अपने क्षेत्र में वह उत्कृष्ट काम कर रही हैं। इस लिस्ट में विभिन्न क्षेत्रों से कुछ नाम लिए गए हैं जिन्होंने हमें प्रेरित किया है और अपने कार्यों के माध्यम से हमें प्रेरित करती हैं। आप हमें कमेंट सेक्शन बता सकते हैं कि आप किस महिला से ज्यादा प्रेरित होती हैं – जब एक महिला दूसरी महिला को सपोर्ट करती है और सराहना देती है, तो उस महिला को सफलता हासिल करने से कोई भी नहीं रोक सकता है। हैप्पी विमेंस डे, लेडीज!