मैगज़ीन

सबसे आसान मोदक रेसिपी सीखकर गणपति बाप्पा को करिए प्रसन्न

जब त्योहारों के दिन आते हैं तो मीठा खाने का जैसे मौसम ही शुरू हो जाता है। यह बहुत ही रोचक बात है कि हमारे देश में सभी त्योहारों व परंपराओं का किसी न किसी विशेष खाद्य पदार्थ से एक अटूट नाता अवश्य रहा है और आमतौर पर ये खाद्य पदार्थ मीठे ही होते हैं । ऐसा ही एक नाता है गणेश चतुर्थी के उत्सव और भगवान गणपति के प्रिय भोग ‘मोदक’ का। भारत में कई पर्व या त्योहार ऐसे रहे हैं जो कुछ वर्ष पहले तक किसी राज्य विशेष, संप्रदाय विशेष या धर्म विशेष तक ही सीमित हुआ करते थे। इसे तकनीकी प्रगति का असर कहें, मीडिया का प्रभाव कहें या कुछ और, पर अब हमारे देश के आम लोग लगभग सारे पर्व व त्योहार समान रूप से मनाने लगे हैं । गणेश चतुर्थी भी ऐसा ही एक उत्सव है। इसलिए जिन्होंने मोदक खाया तो है पर बनाया नहीं, उन्हें ये लेख अवश्य पढ़ना चाहिए।

मोदक क्या होता है

यह एक प्रकार की मिठाई है जिसे अन्य भाषाओं में मोदका, मोदकम, या कुदुमु भी कहा जाता है। आमतौर पर इसमें गुड़ व नारियल के मिश्रण को गेहूँ या चावल के आटे या मैदे की पूड़ी के अंदर भरकर बंद कमल के फूल के आकार में बनाया जाता है। लेकिन इसके अलावा मोदक की दूसरी बहुत सारी रेसिपीज भी हैं, जिनमें से कुछ हम आपको यहाँ बताने जा रहे हैं। ताकि जब इस बार गणपति उत्सव में आप तरह-तरह के मोदक बनाकर अपने आराध्य भगवान को प्रसाद चढाएं तो न केवल गणपति बाप्पा, बल्कि आपके घरवाले, रिश्तेदार और फ्रेंड्स भी खुश हो जाएं और आपकी ढेर सारी तारीफ करें।

1. स्टीम्ड मोदक (उकडीचे मोदक)

ये मोदक बनाने का सबसे पारंपरिक प्रकार है। इसे भाप में पकाया जाता है। 

सामग्री

फिलिंग के लिए:

  • कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल -1 कप
  • कद्दूकस किया हुआ गुड़ – 1 कप
  • जायफल – ½ छोटा चम्मच
  • खसखस – 1 बड़ा चम्मच

कवरिंग के लिए:

  • चावल का आटा – 1 कप
  • पानी – 1 कप
  • घी – 2 छोटा चम्मच
  • नमक – चुटकी भर

विधि

  1. एक पैन या कड़ाही में कद्दूकस किया नारियल और गुड़ डालकर गर्म करें। गुड़ पिघलने लगेगा।
  2. करीब पाँच मिनट तक इसे हिलाते रहें। इसके बाद इसमें जायफल और केसर डालें।
  3. पाँच मिनट के लिए इस मिश्रण को और पकाएं। आंच से इसे उतार कर साइड में रख दें।
  4. एक बर्तन में पानी और घी डालकर उबाल लें। फिर इसमें नमक और आटा डालें और इस प्रकार मिलाएं कि गांठें न बनें।
  5. 5 मिनट के लिए ढंक कर रख दीजिए।
  6. अब हल्के गर्म आटे को बड़े बर्तन में निकाल कर हाथ से नरम आटा गूंथ लें। यदि आटा सख्त लग रहा हो तो 1-2 चम्मच पानी और मिलाइए।
  7. हाथ पर थोड़ा सा घी लगाकर आटे की गोल छोटी-छोटी लोई बना लें। दूसरे हाथ के अंगूठे और उंगलियों से उसे किनारे पर पतला करते हुए बढ़ा लीजिए।
  8. अब उंगलियों से बीच में थोड़ा गड्ढा करें और इसमें 1 चम्मच भरवां मिश्रण भरें।
  9. अंगूठे और उंगलियों की सहायता से किनारों को मोड़ते हुए ऊपर की तरफ चोटी का आकार देकर बंद कर दीजिए।
  10. इसी पद्धति से सारे मोदक तैयार कीजिए।
  11. अब इन्हें राइस कुकर में या एक बर्तन में पानी लेकर मलमल के कपड़े और छन्नी की सहायता से 10 से 15 मिनट के लिए भाप में पकाएं।
  12. घी डालकर परोसें।

2. फ्राइड मोदक

ये मोदक बनाने में तुलनात्मक रूप से आसान हैं। जिन्हें फ्राइड चीजें पसंद होती हैं ये उनके लिए हैं। कुरकुरे होने के कारण बच्चे भी इन्हें चाव से खाते हैं। 

सामग्री

फिलिंग के लिए:

  • कद्दूकस किया हुआ नारियल -1 कप
  • चीनी – ½ कप
  • मावा (खोया) – 2½ बड़ा चम्मच
  • किशमिश – 15-20
  • चिरौंजी – 15-20 कुटी हुई
  • इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच

कवरिंग के लिए:

  • गेहूँ का आटा या मैदा- 1 कप
  • बारीक रवा – 1 बड़ा चम्मच
  • घी – 2 बड़ा चम्मच
  • नमक – चुटकी भर
  • तलने के लिए तेल

विधि

  1. एक पैन में नारियल, चीनी व खोया को एक साथ लेकर मध्यम आंच पर पकाएं, जब तक मिश्रण का रंग हल्का गुलाबी न हो जाए।
  2. इसमें किशमिश, चिरौंजी व इलायची पाउडर मिलाकर 1-2 मिनट और चलाएं।
  3. आंच से उतारकर ठंडा करने के लिए रख दें।
  4. आटे या मैदा में रवा मिलाएं और गरम घी व पानी मिलाकर मुलायम आटा गूथ लें।
  5. आटे की गोल छोटी लोई बनाएं। दूसरे हाथ के अंगूठे और उंगलियों से उसे किनारे पर पतला रखते हुए उसका आकार बड़ा कर लें।
  6. अब उंगलियों से बीच में थोड़ा गड्ढा करें और इसमें 1 चम्मच नारियल का मिश्रण भरें।
  7. अंगूठे और उंगलियों की सहायता से किनारों को मोड़ते हुए ऊपर की तरफ चोटी बनाते हुए मोदक का आकार दें।
  8. सारे मोदक बनाने के बाद धीमी आंच पर गुलाबी होने तक तलें।

3. चॉकलेट मोदक

स्रोत: flickr

बच्चों को ये मोदक विशेष रूप से पसंद आते हैं। ये बॉक्स में भरकर गिफ्ट भी किए जा सकते हैं। 

सामग्री

  • डार्क चॉकलेट – 2 कप
  • नारियल का बुरादा – 1 कप
  • कतरे हुए बादाम, काजू व पिस्ता – 2 बड़े चम्मच
  • कंडेंस्ड मिल्क – ½ कप
  • घी – 1 चम्मच

विधि

  1. एक पैन में डार्क चॉकलेट डालकर धीमी आंच पर पिघलने को रखें। जब चॉकलेट पिघल जाए तो आंच बंद कर दें।
  2. पैन में घी डालें फिर काजू, बादाम, पिस्ता और नारियल बूरा डालकर 2 से 4 मिनट तक भूनें।
    अब इसमें कंडेंस्ड मिल्क डालकर गाढ़ा मिश्रण तैयार कर लें।
  3. अंत में चॉकलेट का पेस्ट डालकर अच्छी तरह मिलाकर आंच बंद कर दें।
  4. मिश्रण को ठंडा होने दें।
  5. अब मोदक का सांचा लें और मिश्रण की लोइयां लेकर सांचे में रखकर दबाएं व मोदक का आकार दें।

4. ड्रायफ्रूट मोदक

ये मोदक उपवास वाले लोगों के लिए उपयुक्त हैं। इन्हें बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है। 

सामग्री

  • खजूर (डेट्स) कटे हुए – 1 कप
  • विभिन्न प्रकार के सूखे मेवे – 1 कप
  • नारियल का बुरादा – 1 कप
  • घी – 1-2 बड़े चम्मच

विधि

  1. एक पैन में घी डालकर सारे मेवे मिलाकर हल्का भूनें।
  2. इन्हें ठंडा होने के लिए रख दें।
  3. पैन में खजूर डालें और भूनें।
  4. नारियल का बुरादा मिलाएं।
  5. ठंडे हो चुके मेवों को मिक्सी में दरदरा पीस लें तथा पैन में डालें व अच्छी तरह मिलाएं।
  6. आंच बंद कर दें एवं मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें।
  7. मोदक का सांचा लें और तैयार मिश्रण से  मोदक बना लें।

5. खोया/मावा मोदक

दूध से बनी मिठाइयों के शौकीनों को ये मोदक खूब भाएंगे। 

सामग्री

  • मिल्क पाउडर – 2 कप
  • ताजा क्रीम – ½ कप
  • मक्खन – ½ कप
  • दूध – 1 कप
  • पिसी हुई चीनी – ½ कप
  • इलायची पाउडर – ½ चम्मच

विधि

  1. एक पैन में मक्खन पिघलाकर उसमें क्रीम मिलाइए।
  2. 3-5 मिनट तक पकने के बाद इसमें दूध डालिए और अच्छी तरह मिलाते हुए धीमी आंच पर पकने दीजिए।
  3. मिश्रण के एकसार होने पर धीरे-धीरे इसमें मिल्क पाउडर डालिए और अच्छी तरह से हिलाइए।
  4. जब मिश्रण गाढ़ा होकर मावे जैसा दिखने लगे तो आंच बंद करके ठंडा करने के लिए रख दीजिए।
  5. ठंडा होने पर इसमें पिसी हुई चीनी व इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाइए।
  6. सांचे की सहायता से इस मिश्रण के मोदक बनाइए।

6. पान गुलकंद मोदक

बड़ों की तरह कभीकभी बच्चों को भी पान खाना अच्छा लगता है पर हम उन्हें ऐसा करने तो नहीं दे सकते। फिर कितना ही अच्छा हो अगर पान का स्वाद मोदक में आ जाए।

सामग्री

फिलिंग के लिए:

  • गुलकंद – 7-8 चम्मच
  • ड्राई फ्रूट्स पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
  • सौंफ पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
  • टूटी फ्रूटी – 2 बड़े चम्मच

कवरिंग के लिए:

  • सूखा नारियल पाउडर (नारियल का बूरा) – 2 कप
  • कंडेंस्ड मिल्क – 1 कप
  • पान के पत्ते – 8
  • घी – 2 चम्मच
  • खाने का हरा रंग (वैकल्पिक)

विधि

  1. पान के 4 पत्तों को कंडेंस्ड दूध में तब तक फेंटें जब तक दोनों अच्छी तरह मिल न जाएं। बचे हुए 4 पान को बारीक काट कर इसमें मिलाएं और अच्छी तरह से मिक्स कर लें।

  2. एक पैन में घी गर्म करें व नारियल बूरा डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए 2-3 मिनट तक भून लें।

  3. अब पैन में पान का मिश्रण डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आप चाहें तो इसमें खाने का हरा रंग मिला सकती हैं।

  4. मिश्रण गाढ़ा हो जाए तो आंच से उतार लें और ठंडा होने के लिए रख दें।

  5. फिलिंग के लिए गुलकंद, ड्राई फ्रूट्स पाउडर, सौंफ पाउडर और टूटी फ्रूटी अच्छी तरह मिला लें।

  6. हथेलियों पर थोड़ा सा घी लगाकर पान का मिश्रण लें और मोदक के सांचे में डालें।

  7. इसके बीच में गुलकंद का मिश्रण भरें और इसी तरह सारे मोदक बना लें।

7. इंस्टेंट रवा मोदक

मोदक की झटपट बनने वाली रेसिपी में रवा मोदक शामिल हैं। ये भी बच्चों को बहुत पसंद आते हैं।

सामग्री

  • रवा – 1 कप
  • दूध – 2 कप
  • कंडेंस्ड मिल्क – 1 कप
  • पिसी हुई चीनी – ¾ कप
  • घी – 2 बड़े चम्मच
  • पिसी हुई इलायची – ½ चम्मच
  • काजूबादाम कतरे हुए – 2 चम्मच
  • केसर – 1 चुटकी

विधि

  1. पैन में घी गर्म करके रवा डालें और धीमी आंच पर भूनें।

  2. रवा हल्का ब्राउन होने और उसमें से खुशबू आने के बाद उसमें काजूबादाम और इलायची मिलाएं।

  3. गैस बंद कर दें और एक बर्तन में मिश्रण निकालकर थोड़ा ठंडा होने के लिए रख दें।

  4. अब एक पैन में चीनी और ½ कप पानी मिलाएं और केसर डाल कर उसे लगातार कलछी से चलाते हुए एक तार की चाशनी बना लें।

  5. इसमें रवा डाल कर मिक्स कर लें व उसे और ठंडा होने के लिए रख दें।

  6. अब दोनों हाथों से इस मिश्रण को मसल कर चिकना बना लें।

  7. अगर रवा का मिश्रण कठोर लगे तो उसमें थोड़ा सा गुनगुना दूध डाल कर मुलायम किया जा सकता है।

  8. अब मोदक के सांचे में घी लगाकर तैयार रवा मिश्रण डालें और मोदक का आकार दें और सारे मोदक इसी तरह बना लें।

8. मूंगफली मोदक

चौंकिए मत! मूंगफली का इस्तेमाल मीठा बनाने में भी हो सकता है। ये मोदक टेस्टी होने के साथ ही पौष्टिक भी होते हैं।

सामग्री

  • मूंगफली के दाने – 1 कप
  • गुड़ – ¾ कप
  • कसा हुआ नारियल – ½ कप
  • इलायची पाउडर – ½ चम्मच
  • घी – 2 चम्मच

विधि

  1. सबसे पहले मूंगफली के दानों को एक पैन में धीमी आंच पर धीरेधीरे भूनें।

  2. जब दाने हल्के ब्राउन दिखने लगें तो गैस बंद कर दें और इसे एक अलग बर्तन में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें।

  3. ठंडा होने के बाद मूंगफली के दानों को अपने हाथों से मसलें। इससे उनका छिलका उतरने लगेगा।

  4. एक बड़े छेद वाली छलनी में लेकर इन्हें छान लें। इससे दानों से छिलके अलग हो जाएंगे। इसे सुपली का इस्तेमाल करके भी किया जा सकता है।

  5. अब मिक्सी में इन दानों को दरदरा पीस लें।

  6. गुड़ को छोटे टुकड़ों में काट लें या अगर बहुत चिपचिपा न हो रहा हो तो कद्दूकस भी किया जा सकता है।

  7. अब मूंगफली पाउडर और कटे हुए गुड़ को मिक्स कर लें और घी डालकर एक बार फिर मिक्सी में घुमा लें। इससे दाने और गुड़ का एकसार मिश्रण बन जाएगा। आप चाहें तो अपने हाथों से भी इसे मिक्स कर सकती हैं।

  8. इस मिश्रण में इलायची पाउडर मिलाएं।

  9. अब मोदक के सांचे में मिश्रण रखकर एक आकार के सारे मोदक बना लें।

9. स्वीट कॉर्न मोदक

गणेश चतुर्थी के समय बारिश का मौसम होता है। ऐसे में कॉर्न यानी भुट्टे किसे नहीं भाएंगे? स्वीट कॉर्न की कई रेसिपी आप जानती होंगी, अब मोदक बनाना भी सीख लीजिए।

सामग्री

  • स्वीट कॉर्न के दाने – 2 कप
  • दूध – 1 कप
  • घी 2 चम्मच
  • चीनी ½ कप
  • इलायची पाउडर 1 चम्मच
  • काजूबादमा कतरे हुए – 1 चम्मच

विधि

  1. मिक्सी में स्वीट कॉर्न के दाने डालकर बारीक पेस्ट बना लें।

  2. एक पैन में घी गर्म करके उसमें कॉर्न का पेस्ट मिलाएं और कुछ देर धीमी आंच पर भूनें।

  3. फिर इसमें दूध मिलाकर धीरेधीरे चलाते हुए गाढ़ा होने तक पकने दें।

  4. मिश्रण गाढ़ा होने पर उसमें चीनी मिलाएं।

  5. कुछ देर तक पकने के बाद जब मिश्रण और गाढ़ा दिखने लगे तो इसमें इलायची पाउडर व कतरे हुए काजू, बादाम मिलाएं।

  6. गैस बंद कर दें और इस मिश्रण को एक बर्तन में निकाल कर ठंडा होने के लिए रख दें।

  7. मोदक के सांचे में घी लगाकर कॉर्न का मिश्रण भरें और हलके हाथों से दबाकर मोदक का आकार दें। इसी तरह सारे मोदक बना लें।

10. बेसन मोदक

गणेश जी को बेसन के लड्डू भी बहुत पसंद होते हैं। तो लड्डू और पारंपरिक मोदक का फ्यूजन बनाकर बेसन के मोदक भी बनाए जा सकते हैं।

सामग्री

  • बेसन 2 कप
  • पिसी हुई चीनी – ½ कप
  • घी ½ कप
  • इलायची पाउडर 1 छोटा चम्मच
  • केसर (गार्निशिंग के लिए)
  • पिस्ता (गार्निशिंग के लिए)

विधि

  1. एक पैन या कढ़ाई में घी गर्म करके उसमें बेसन डालिए।

  2. धीमी आंच पर बेसन को सुनहरा होने और इसकी खुशबू आने तक भूनें।

  3. बेसन में इलायची पाउडर मिलाएं और आंच बंद कर दें।

  4. अब बेसन को दूसरे बड़े बर्तन में निकाल लें और ठंडा होने के लिए रख दें।

  5. जब बेसन अच्छी तरह से ठंडा हो जाए तब उसमें पिसी हुई चीनी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें।

  6. मोदक का सांचा लें और इसमें थोड़ा घी लगाकर मिश्रण भर लें और एकएक करके सारे मोदक तैयार करें।

  7. अंत में गार्निशिंग के लिए मोदक पर ऊपर से केसर और पिस्ता लगा दें।

हमारे देश में भौगोलिक भिन्नताओं के साथ जितनी सांस्कृतिक भिन्नताएं हैं उतनी शायद दुनिया के किसी देश में नहीं होंगी। इसीलिए इसे ‘अतुल्य भारत’ कहा जाता है। यहाँ अनेक धर्म, संप्रदाय, जातियां व शाखाएं हैं और इन सभी के अपने त्योहार व अपनी परंपराएं हैं। यदि हम ‘वसुधैव कुटुंबकम’ में विश्वास करते हैं तो अपने ही देश के किसी अन्य राज्य का कोई स्वादिष्ट पकवान सीखने में भला क्यों पीछे रहें। यूँ तो मोदक एक मराठी डिश है। लेकिन जिस तरह समय के साथ गणेश उत्सव सिर्फ महाराष्ट्र तक सीमित न रहकर पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाने लगा है, उसी तरह पारंपरिक मोदक के साथ ही के नएनए मोदक भी खूब बनाए और खाए जाने लगे हैं। हमें यकीन है कि आपको ये रेसिपीज अच्छी लगी होंगी तो हमें कमेंट सेक्शन में जरूर बताइए कि आपने इस बार कौन से मोदक बनाए।

यह भी पढ़ें:

गणेश चतुर्थी पर कुछ इस तरह सजाएं अपना घर
गणेश चतुर्थी पर बच्चों के लिए बेहतरीन गेम और एक्टिविटीज
गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देने के लिए कोट्स, विशेस, मैसेज और स्टेटस

श्रेयसी चाफेकर

Recent Posts

गौरैया और घमंडी हाथी की कहानी | The Story Of Sparrow And Proud Elephant In Hindi

यह कहानी एक गौरैया चिड़िया और उसके पति की है, जो शांति से अपना जीवन…

1 week ago

गर्मी के मौसम पर निबंध (Essay On Summer Season In Hindi)

गर्मी का मौसम साल का सबसे गर्म मौसम होता है। बच्चों को ये मौसम बेहद…

1 week ago

दो लालची बिल्ली और बंदर की कहानी | The Two Cats And A Monkey Story In Hindi

दो लालची बिल्ली और एक बंदर की कहानी इस बारे में है कि दो लोगों…

2 weeks ago

रामायण की कहानी: क्या सीता मंदोदरी की बेटी थी? Ramayan Story: Was Sita Mandodari’s Daughter In Hindi

रामायण की अनेक कथाओं में से एक सीता जी के जन्म से जुड़ी हुई भी…

2 weeks ago

बदसूरत बत्तख की कहानी | Ugly Duckling Story In Hindi

यह कहानी एक ऐसे बत्तख के बारे में हैं, जिसकी बदसूरती की वजह से कोई…

2 weeks ago

रामायण की कहानी: रावण के दस सिर का रहस्य | Story of Ramayana: The Mystery of Ravana’s Ten Heads

यह प्रसिद्द कहानी लंका के राजा रावण की है, जो राक्षस वंश का था लेकिन…

2 weeks ago