18 महीने के बच्चे की वृद्धि और विकास

18 महीने का बच्चा: वृद्धि, विकास, आहार, गतिविधियां

आपका नन्हा अब 18 महीने का हो चुका है! अब वह दिन भर घर में यहाँ से वहाँ घूमता और चीजों को इधर-उधर करता हुआ नजर आएगा । यह बच्चे और माता-पिता दोनों के लिए बहुत ही भ्रमित करने वाला समय हो सकता है क्योंकि आपके लिए आपका बच्चा अभी भी छोटा है, लेकिन जहाँ तक आपके बच्चे का सवाल है, वह खुद को स्वतंत्र और दुनिया की खोज करने के लिए तैयार समझता है। इस लेख में, हम आपके 18 महीने के बच्चे की वृद्धि और विकास के बारे में चर्चा करेंगे।

18 महीने के बच्चे का विकास

आपने देखा होगा कि आपका बच्चा अपने पहले वर्ष की तुलना में उतनी तेज गति से नहीं बढ़ रहा है। वास्तव में उसकी वृद्धि हो रही है, लेकिन धीमी गति से। यहाँ 18 महीने की आयु में बच्चे के विकास में होने वाली महत्वपूर्ण बातों के बारे में बताया गया है।

शारीरिक विकास

आपके शिशु के शरीर में कई बदलाव हो रहे हैं। 18 महीने की उम्र में लड़कों का वजन 22.4 से 26 पाउंड और लड़कियों में 20.8 से 24.5 पाउंड तक हो सकता है।

  • आपका बच्चा अब दौड़ सकता है।
  • वह अब गेंद को पकड़ने और फेंकने में भी सक्षम है।
  • बच्चा आपका हाथ पकड़कर सीढ़ियों से ऊपर और नीचे जाने में सक्षम है।
  • वह रंगों और क्रेयॉन के साथ आदि-तिरछी लाइन्स बनाने में सक्षम है।
  • बच्चा अपने कपड़े उतारने में भी सक्षम हो सकता है।
  • आपका बच्चा अपने कप से पीने में सक्षम है और यहाँ तक कि अपने हाथों से खाना भी खा सकता है।
  • वह यहाँ-वहाँ घूमते हुए खेलने के लिए खिलौने निकालने में सक्षम है।

सामाजिक और भावनात्मक विकास

आपका बच्चा इस उम्र में विभिन्न भावनाएं महसूस और अनुभव कर रहा है और यहाँ कुछ ऐसी कुशलताएं दी गई हैं जो उसने 18 महीने की उम्र में विकसित किए हों:

  • आपका बच्चा प्यार और स्नेह व्यक्त करने में सक्षम हो गया है।
  • परेशान या बेचैन होने पर वह नखरे कर सकता है।
  • बच्चा इस उम्र से बेहद उत्सुक हो जाता है और उसके चारों ओर की हर चीज को समझना चाहता है।
  • उसे आपसे बहुत ज्यादा लगाव हो सकता है और आपके दूर जाने पर उसे बैचेनी हो सकती है।
  • बच्चा अपनी चिढ़ और नाराजगी दिखा सकता है।
  • वह प्रतिक्रिया के रूप में हंस सकता है और खिलखिला सकता है।

संज्ञानात्मक और भाषा विकास

आप अपने 18 महीने के बच्चे में निम्न संज्ञानात्मक और भाषा विकासात्मक कौशल देखेंगी:

  • बच्चा एक शब्द के मौखिक आदेशों को समझता है और उसका जवाब देता है।
  • वह 10 से 20 शब्द बोलने में सक्षम है।
  • आपका शिशु अपने शरीर के अंग समझ सकता है और उन्हें नाम से पहचान सकता है।
  • बच्चे को अपने पसंदीदा खिलौने याद रहते है।
  • वह आपके कार्यों की नकल कर सकता है जैसे कि फोन पर बात करना आदि।
  • बच्चा समान वस्तुएं पहचान सकता है।
  • वह पिक्चर बुक में वस्तुओं की पहचान कर सकता है।

व्यवहार

बच्चा इस उम्र तक अधिक जागरूक और हठी होता है और वह जानता है कि वह किस तरह से अपना काम करवा सकता है। अब आपके बच्चे की इच्छाशक्ति दृढ़ होती है और यदि उसे जो चाहिए वह नहीं मिला, तो वह नखरे कर सकता है और हंगामा मचा सकता है। वह आपका ध्यान आकर्षित करना भी जानता है। शायद आप अभी भी अपने बच्चे के लिए डायपर का उपयोग कर रही हैं, लेकिन टॉयलेट ट्रेनिंग शुरू करने का यह सही समय है। वह पॉटी सीट पर बैठकर बड़े भाई-बहनों की नकल करना भी चाह सकता है।

TOILET TRAINING

आहार और पोषण

आपका बच्चा बढ़ रहा है और इसलिए उसकी पोषण संबंधी जरूरतें भी बढ़ रही हैं । आप उसे बेबी सीट पर बिठा सकती हैं और परिवार के बाकी सदस्यों के साथ भोजन करवा सकती हैं। भले ही  बच्चा परिवार के भोजन के समय अपने हाथों से ज्यादा नहीं खाता है या भोजन के साथ खेलता है, लेकिन समझिए कि वह सीख रहा है कि उसे बड़ा होने पर अंततः यह काम करना है। अगर वह परिवार के बाकी सदस्यों के साथ बैठकर खाना नहीं खा रहा है, तो कोशिश करें कि उसकी तरफ ज्यादा ध्यान न दें और जब वह अपना भोजन खत्म कर ले तो उसकी प्रशंसा करें। इस तरह उसे पता चल जाएगा कि उसे क्या करना अपेक्षित है।

सुनिश्चित करें कि आप बच्चे की आहार योजना में सभी फूड ग्रुप्स को शामिल करती हैं। इस उम्र तक, बच्चे को एक दिन में तीन मुख्य भोजन और दो से तीन स्नैक्स की आवश्यकता होती है। मस्तिष्क के बेहतर विकास के लिए होल फैट वाले दूध को शामिल करने की सलाह दी जाती है। यदि उसे कुछ खाद्य पदार्थ पसंद नहीं है, तो जबरदस्ती न खिलाएं । इसके उपाय में ऐसा करें कि आप कुछ दिनों के बाद वही खाद्य पदार्थ उसे दूसरे रूप में देकर देखें ।

यदि आपका बच्चा अभी भी बोतल से दूध पी रहा है, तो अब इसकी जगह सिपर कप का इस्तेमाल करने का समय है। यदि बच्चा लैक्टोज इंटॉलरेंट है, तो आप उसे सोया दूध देने की कोशिश कर सकती हैं। फूड एलर्जी से सावधान रहें और इसलिए एक समय में एक ही खाद्य पदार्थ देने की सलाह दी जाती है ताकि यदि उसे इससे एलर्जी हो, तो इसका पता लग सके।

नींद

कुछ माता-पिता के लिए अपने बच्चे को सुलाना बेहद मुश्किल होता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि वह अपने आस-पास की हर चीज को परखने में इतना उत्साहित होता है, कि वह सोना ही नहीं चाहता। बच्चा बेहद थका हुआ हुआ हो सकता है लेकिन फिर भी, सोने से इनकार कर सकता है। ऐसी परिस्थितियों में नींद के समय उसका ध्यान बटाने वाली चीजों को दूर करना या कम करना ही सबसे बेहतर उपाय है। इसके अलावा, सोने का एक समय निश्चित करें और उसका पालन करें, ताकि शिशु को पता रहे कि हर दिन उसे किस समय आराम करना और सोना है। नींद पर उसका ध्यान केंद्रित करने के लिए टीवी या जोर से गाने न लगाएं या अन्य भाई-बहनों को बच्चे से दूर रखें।

देखा जाए तो आपके बच्चे की नींद का पैटर्न उतना भी खराब नहीं है, बस इसे समझना और योजना बनाना जरूरी है। संभवत: वह रात में लगभग 10 से 11 घंटे तक सोता है और दिन के दौरान दो से तीन छोटी झपकी लेता है। सुनिश्चित करें कि बच्चे के सोने के समय का अच्छी तरह पालन किया जाता है ताकि उसे समय पर सोने की आदत पड़ जाए।

SLEEPING

खेल और गतिविधियां

इस उम्र में बच्चा दिन भर सिर्फ खेलना चाहता है। वह आपके साथ, उसके भाई-बहनों और यहाँ तक कि आपके पालतू जानवरों के साथ भी खेलना चाहता है लेकिन यहाँ चिंता की बात यह है कि वह जल्द ही ऊब जाता है और फिर उपद्रव मचाता है। आप बच्चे को किस तरीके से व्यस्त रख सकती हैं ताकि वह खुश और हंसमुख रहे? यहाँ हमारे पास कुछ रोमांचक और मजेदार उपाय हैं, जिनसे आप अपने बच्चे को व्यस्त रख सकती हैं:

  • लाइन पर बने रहें: फर्श पर डक्ट टेप या रंगीन खड़िया का उपयोग करके एक लाइन बनाएं और अपने बच्चे को उस पर सीधे चलने के लिए कहें। यदि वह चूकता है, तो उसका आत्मविश्वास बढ़ाएं । यह आपके बच्चे की मांसपेशियों के नियंत्रण और संतुलन में मदद करने के लिए एक बहुत अच्छा खेल है।
  • बाल्टी में गेंद: यह आपके बच्चे के फाइन मोटर स्किल सुधारने के लिए एक शानदार एक्टिविटी है और साथ ही उसे अच्छी तरह व्यस्त भी रखती है। आप यह खेल घर के अंदर या बाहर भी खेल सकते हैं। एक लाइन बनाएं और अपने बच्चे को लाइन के पीछे खड़ा करें। एक चौड़े मुँह की बाल्टी को बच्चे से लगभग 3 फीट दूर रखें और उसे बाल्टी में गेंद फेंकने में मदद करें।
  • पासिंग द बॉल: सभी आयु वर्ग के बच्चों को गेंद से खेलना पसंद होता है। बच्चा गेंद से खेलते हुए कभी भी ऊब या थक नहीं सकता है। आप उसके साथ फर्श पर बैठ सकती हैं और गेंद को एक-दूसरे को पास कर सकती हैं। आप इसे खेल में  विविधता ला सकती हैं, जैसे कि, फर्श पर गेंद को उछालना या विभिन्न ऊंचाइयों पर गेंद फेंकना।
  • ट्रेजर बॉक्स: यह आपके बच्चे की स्मरण शक्ति बढ़ाने में मदद करने के लिए एक बहुत ही रोमांचक खेल है। आप उसके पसंदीदा खिलौने को अन्य खिलौनों के साथ एक बॉक्स में रखकर उसे वह ढूँढने के लिए कह सकती हैं। यह खेल उसे बहुत एक्साइट करेगा।
  • संगीत: अपने बच्चे के लिए ड्रम, ज़ाइलोफोन, झुनझुना जैसे विभिन्न म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट खरीदें और उसके साथ बजाएं । यह विशेष करके तब अधिक मजेदार होगा जब पूरा परिवार एक साथ मिलकर इस एक्टिविटी का आनंद ले। आपका शिशु इस गतिविधि के साथ संगीत, तालमेल और लय के बारे में सीखेगा।

इस तरह के कई खेल और गतिविधियां हैं जो आप अपने बच्चे के लिए आजमा सकती हैं।

माता-पिता के लिए सुझाव

18 महीने के शिशुओं के माता-पिता के लिए कुछ सुझाव:

  • बच्चे की पोषण संबंधी आवश्यकताओं का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। यदि वह खाना खाते समय उधम मचाता है या उसका वजन नहीं बढ़ रहा है, तो अपने डॉक्टर से सलाह लें।
  • बच्चे के लिए एक आरामदायक और सुखद नींद की जगह बनाएं और ध्यान बटाने वाली सभी चीजों को दूर करें। आपका बच्चा दिनभर की गतिविधियों से बहुत थक जाता है, इसलिए उसे रात को शांतिपूर्ण नींद की आवश्यकता होती है ताकि अगला दिन वह नए सिरे से शुरू कर सके।
  • जब भी वह घर से बाहर निकले, तो उसे जूते पहनाएं ।
  • डॉक्टर के साथ बच्चे का एक भी रेगुलर चेकअप चूकें नहीं और समय पर उसके सभीवैक्सीनेशन करवाएं ।
  • इस उम्र तक बच्चे की टॉयलेट ट्रेनिंग करना बहुत महत्वपूर्ण है, लेकिन, उसे मजबूर या शर्मिंदा न करें।
  • यह महत्वपूर्ण है कि आप बच्चे को कुछ सरल नियम और अनुशासन सिखाने की कोशिश करें। उसकी सभी माँगों को मत मानिएऔर उसे किसी चीज के लिए कभी-कभार मना करें । यदि वह हंगामा करता है, तो कोशिश करें और उसे अनदेखा करें।
  • जब बच्चे के आसपास पालतू जानवर हों तो सावधान रहें। वह जानवरों को संभालने के लिए पर्याप्त बड़ा नहीं हुआ है और जानवर या खुद को नुकसान पहुँचा सकता है।
  • यदि आप अभी भी उसे स्तनपान करा रही हैं और आप और बच्चा दोनों सहज महसूस कर रहे हैं, तो इसे बंद करने का कोई कारण नहीं है।

डॉक्टर से कब संपर्क करें

CONSULT A DOCTOR

उपर्युक्त मापदंड इस उम्र के बच्चों द्वारा सामान्य रूप से पूरे किए गए मापदंड हैं। हालांकि, यह आवश्यक नहीं है कि प्रत्येक बच्चा एक ही समय और पैटर्न का पालन करे। बच्चे के लिए विकास के इस पड़ाव पर थोड़ा जल्द या बाद में पहुँचना, दोनों बिल्कुल सामान्य है। लेकिन कभी-कभी आपको लग सकता है कि आपका बच्चा पीछे रह गया है, जैसे कि जब:

  • बच्चा बोलने में सक्षम नहीं है या पाँच शब्दों से कम बोलता है।
  • वह चलने में असमर्थ है, यहाँ तक ​​कि सहारे के साथ भी।
  • बच्चा अभी आसान अनुरोधों और आदेशों को समझने में सक्षम नहीं है।
  • वह उदासीन लगता है और आँखों से संपर्क नहीं करता है।

यदि आपको अपने बच्चे में उपरोक्त लक्षण या कोई अन्य असामान्य लक्षण दिखते हैं, तो जल्द से जल्द डॉक्टर से परामर्श करने की सलाह दी जाती है।

यह भी पढ़ें:

19 महीने के बच्चे की वृद्धि और विकास
20 महीने के बच्चे की वृद्धि और विकास