22 महीने के बच्चे की वृद्धि और विकास

22 महीने के बच्चे की वृद्धि और विकास

बच्चे के जीवन के शुरूआती वर्ष अधिक महत्वपूर्ण होते हैं क्योंकि इन वर्षों में बच्चे का वह विकास होता है जिसमें उसके आगे के जीवन का निर्माण निहित है। बच्चे के पहले वर्ष को विकासक्रम में उतना शामिल नहीं किया जाता है क्योंकि इस वर्ष में वह बात करना और अपने नन्हे कदमों से चलना ही शुरू करता है। किन्तु जब वह अपने जीवन के 22 महीने पूर्ण करता है तब पर्यावरण व वातावरण के प्रति अधिक सचेत होने लगता है। यह वह समय है जब बच्चा अपने आस-पास के लोगों को पहचानने लगता है और कुछ शब्दों को स्पष्ट रूप से कहने में सक्षम हो जाता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि 22 महीने का बच्चा अपने भावों को पहले से अधिक स्पष्टता से व्यक्त करना सीखता है।

22 महीने के बच्चे का विकास

जब बच्चे के नाजुक हाथ आपकी उंगलियों को छूते हैं, तो यह दुनिया का सबसे खूबसूरत एहसास होता है। उन नाजुक हाथों को विकसित होता हुआ देखना और अधिक खूबसूरत एहसास है। यह तथ्य स्पष्ट होना चाहिए कि प्रत्येक बच्चा अद्वितीय है और वह शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अपना समय लेता है। लेकिन अगर सामान्य रुप से कहा जाए तो आपको 22 महीने के बच्चे की वृद्धि व विकास के बारे में ज्ञात होना चाहिए जिसमें आपका बच्चा पूरी तरह सक्षम होने के बहुत करीब है।

22 महीने का बच्चा सरल वाक्य, जैसे ‘यह सोने का समय है’ या ‘यह खेलने का समय है’ समझना शुरू कर सकता है। इससे भी अधिक महत्वपूर्ण बात यह है कि आपका बच्चा अपने शुरुआती कदम स्थिरता से उठाना शुरू कर देगा और बिना किसी की मदद के घर में घूमेगा। इसके साथ ही आपका बच्चा बोलना भी शुरु कर देगा, उसके छोटे-छोटे शब्दों से लेकर टूटे हुए वाक्य बोलने तक आप उसमें धीरे-धीरे हो रहे परिवर्तन को देख सकती हैं।

22 महीने का बच्चा मुख्य रूप से अपने आसपास के लोगों के व्यवहार की नकल करने, सरल पज़ल को हल करने और शरीर के विभिन्न अंगों को पहचानने में सक्षम हो जाता है। दिलचस्प बात यह है कि वह अब तक यह सीख जाता है की बिस्तर गीला नहीं करना है।

शारीरिक विकास

बच्चे की वृद्धि में शारीरिक विकास मुख्य भूमिका निभाता है। यह विकास सुनिश्चित करता है कि बच्चा आंतरिक रूप से स्वस्थ है और उसका शरीर सामान्य रूप से कार्य कर रहा है। 22 महीने के बच्चे में निम्नलिखित विकासक्रम को देखा जा सकता है, आइए जानते हैं;

  • बेहतर भोजन: 22 महीने का बच्चा चम्मच से खाना खा सकता है और गिलास से तरल पदार्थ पी सकता है। हालांकि, भोजन करते समय आपका नन्हा बच्चा ये चीजें गिराएगा, लेकिन उसे खुद खाते हुए देखकर आपको खुशी होगी।
  • दाँतों का विकास: 22 महीने की आयु तक बच्चे के 16 दाँत निकल आते हैं। इसका मतलब यह है कि वह बेहतर तरीके से खा और चबा सकेगा और उसका पाचन भी ठीक से होगा।
  • बेहतर शारीरिक संतुलन: 22 महीने के बच्चे का वजन उसे सीधे नियंत्रित खड़े रहने के लिए काफी है। बच्चे को पकड़ने या उसे एक पराम् में रखने की कोई आवश्यकता नहीं होगी क्योंकि वह अपनी मर्जी से घूमने-फिरने में सक्षम होगा।
  • दौड़ना शुरू करता है: 22 महीने का बच्चा न केवल चलने में बल्कि दौड़ने में भी सक्षम होता है। जैसे ही एक बच्चा चलना शुरू करता है, वह और अधिक चलने की इच्छा रखता है और इस समय दौड़ने की इच्छा पहले से कहीं अधिक होती है। हालांकि जब बच्चा अच्छे मू़ड में इधर-उधर भागता है, तो सावधान रहें।

शारीरिक विकास

सामाजिक और भावनात्मक विकास

यद्यपि 22 महीने का बच्चा तेज गति से बढ़ रहा है, फिर भी वह आपके साथ अधिक रहेगा। माता-पिता सबसे परिचित चेहरे होते हैं जिन्हे एक बच्चा अपने पास देखना पसंद करता है। इसलिए कदाचित आपका बच्चा आसपास के लोगों से बातचीत करने में दिलचस्पी लेने के बजाय आपसे चिपके रहना पसंद करे। आसपास परिचित चेहरों के होने से आपके बच्चे के अधिक सहज होने की संभावना है।

22 महीने के बच्चे में होने वाले निम्नलिखित भावनात्मक व सामाजिक विकास आपको अपने बच्चे को अच्छी तरह से समझने में मदद कर सकते हैं, आइए जानते हैं;

  • अधिक स्वतंत्र होता है: स्वतंत्र होने का यह मतलब नहीं है कि आपका बच्चा अपनी दिनचर्या का पालन खुद करना शुरू कर देगा। बल्कि उसकी समझ में आने लगेगा कि उसे क्या करना है। अवलोकन की क्षमता में वृद्धि के कारण आपका बच्चा जान जाएगा कि उसे आगे क्या करना है और क्या नहीं करना है। आप यह देखकर आश्चर्य चकित हो सकती हैं कि इससे पहले कि आप उसे इसमें शामिल करें, वह खुद ही समय से खेलना शुरू कर सकता है।
  • दोस्तों के साथ बेहतर बातचीत करता है: आप देखेंगी कि आपका नन्हा मुन्ना अपने आसपास के परिचित लोगों से अच्छी तरह से बातचीत करता है। 22 महीने का बच्चा, यदि अपनी उम्र के बच्चों को कुछ समय से जानता है तो वह उनके साथ घूमना शुरू कर देगा। अपने पसंदीदा लोगों को पीड़ा में देखकर वह उनके प्रति सहानुभूति भी दिखाएगा। हालांकि, यदि आपका बच्चा किसी व्यक्ति को नहीं जानता है, तो वह शुरुआत में झिझक सकता है किंतु समय रहते वह घुल-मिल जाएगा।
  • नकल करता है: 22 महीने के बच्चे में आसपास के लोगों की नकल करने की क्षमता विकसित हो सकती है। इस तरह, उसके चारों ओर की चीजों को देखकर आदतें विकसित होती हैं। इस दौरान माता-पिता के लिए महत्वपूर्ण है कि वे जिम्मेदारी से और सावधानीपूर्वक कार्य करें क्योंकि बच्चे इस आयु में जो भी देखते हैं उससे विकसित होते हैं।
  • पसंद और नापसंद को व्यक्त करता है: अब तक आपका बच्चा नखरे दिखाने जितना बड़ा हो गया है। चाहे वह उसके द्वारा खाए गए भोजन का स्वाद हो या कोई विशेष व्यक्ति, संभावना है कि आपका बच्चा अपने शब्दों या भावों के माध्यम से खुलकर व्यक्त करे कि वह अपने आसपास किस तरह की चीजों को पसंद या नापसंद करता है।
  • व्यक्तित्व का विकास: 22 महीने का बच्चा अब तक अपना नाम जान लेगा और यह जानने में सक्षम होगा कि कोई उससे या उसके बारे में बात कर रहा है। इस दौरान बच्चा विशिष्ट लक्षण भी विकसित करने में सक्षम होता है और अपने खुद के तरीके से खुशी, क्रोध व दुःख व्यक्त करता है।आपका 22 महीने का बच्चा अपने तरीके से या अपनी शैली में ऐसी चीजें भी करना शुरू कर सकता है जो आपको आश्चर्यचकित कर सकती हैं।

सामाजिक और भावनात्मक विकास

संज्ञानात्मक और भाषा विकास

बच्चा अपनी 22 महीने की आयु में बुद्धि, निर्णय लेने की क्षमताओं के बारे में बात करना और सही व गलत के बीच के अंतर करना सीखता है।

क्या आप यह सोच रही हैं कि आप अपने बच्चे के किन बदलावों पर ध्यान दे सकती हैं जिससे आपको उसके संज्ञानात्मक कौशल पर ध्यान देने में मदद मिल सकती है? पता लगाने के लिए निम्नलिखित विकासक्रम को पढ़ें;

  • भाषा और वाणी में सुधार: 22 महीने के बच्चे की वाक् क्षमता विकसित हो जाती है, जैसे कि, वह सरल शब्द या छोटे टूटे हुए वाक्य भी बोल सकता है। यही नहीं, वह आपके द्वारा किए गए छोटे अनुरोधों या निर्देशों को आसानी से पहचान सकता है।
  • स्मरण शक्ति में वृद्धि: बच्चा अपने आसपास के परिचित चेहरों को पहचानने में सक्षम होगा और उन स्थानों को भी पहचानने में सक्षम होगा जहाँ वह अक्सर जाता है। इसके अलावा, वह रंगों और पालतू जानवरों को पहचानना शुरू कर सकेगा, जिन्हें वह घर के आसपास देखता है। शायद आपका ध्यान इस पर न जा पाए लेकिन इस आयु में बच्चा बिंदुओं को जोड़ना तथा दो घटनाओं को जोड़ना शुरु कर देगा। वह अपने अतीत की घटनाओं को अधिक स्पष्ट रूप से याद कर सकेगा ।
  • अवलोकन और सीखने के कौशल में सुधार: जब आप अपने बच्चे को एक उल्टी पुस्तक देती हैं तो इस आयु में उसे पता होता है कि यह गलत तरीके से पकड़ी गई है। यदि आप उसे सिखाती हैं कि एक दरवाजे की कुंडी को किस दिशा में व कैसे खोले तो वह उपयुक्त रूप से इसे करने का प्रयास करता है।
  • एकाग्रता में वृद्धि: यदि आपका बच्चा पज़ल को हल करना पसंद करता है, तो जब तक वह कोई रास्ता नहीं निकाल लेगा तब तक वह अपना ध्यान नहीं हटाएगा। इसके अलावा यदि आप उसे खेलने के लिए कहती हैं, तो वह अन्य गतिविधियों की ओर आकर्षित हुए बिना एकाग्रता के साथ खेलता है।
  • ‘क्या करना है और क्या नहीं’ की समझ: उदाहरण के लिए, आपके पास घर पर एक गर्म बर्तन है। एक बार जब आप अपने 22 महीने के बच्चे को यह बता देते हैं कि इसे छूना नहीअन्यथा इससे चोट लग सकती है तो वह निर्देशों का पालन करता है। ठंडी वस्तुओं के साथ भी समान रूप से यही होता है। इसका मतलब है कि साधारणतः वह अब तक जान लेगा कि क्या करना उचित है और क्या नहीं।

व्यवहार

22 महीने के बच्चे का व्यवहार बहुत कुछ बता सकता है। वह सामान्य तरह से कार्य करता है या अजीब तरह से, ये जानने के लिए आपको अपने बच्चे के व्यवहार में अचानक होने वाले किसी भी बदलाव पर नजर रखने की आवश्यकता है। 22 महीने का बच्चा अपने पुराने नखरों को करना दोबारा शुरू कर सकता है और उसके व्यवहार में अचानक बदलाव से आपको आश्चर्य होगा। आप देख सकती हैं कि आपका बच्चा छोटी से छोटी चीज पर भी चिढ़ जाता है, हालांकि इसके बारे में चिंता करने की कोई बात नहीं है। यह आयु में वृद्धि और हार्मोनल परिवर्तन का हिस्सा है जो तब हो सकता है जब शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार से विकास होता है।

आहार और पोषण

22 महीने का होने तक बच्चा स्वाद विकसित करना शुरू कर देता है, इसलिए उसे सुबह का नाश्ता बिलकुल भी छोड़ने न दें। सुबह का नाश्ता बहुत महत्वपूर्ण होता है क्योंकि इस समय कुछ खाने से बच्चा थकान व कुपोषण का शिकार नहीं होगा और उसे दिनभर की ऊर्जा प्राप्त होगी ।

आहार और पोषण

22 महीने के बच्चे के नाश्ते में दाल, दूध, उबले अंडे, सब्जियां, ताजे फल, दही और यहाँ तक कि टोस्ट शामिल करें। इस तरह से आप यह भी जान सकती हैं कि आपका नन्हा शैतान क्या खाना पसंद करता है और क्या नापसंद। इसके अलावा, अपने बच्चे को जंक फूड से दूर रखने को प्राथमिकता दें क्योंकि इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, जो बदले में उसके समग्र विकास में बाधा बन सकती हैं।

नींद

स्वस्थ नींद न केवल बड़ों बल्कि बच्चों के लिए भी आवश्यक है। 22 महीने के बच्चे को समय से बिस्तर पर लिटाएं और सुबह जल्दी जगाएं। जैसा कि कहा जाता है, जल्दी सोना और जल्दी उठना व्यक्ति को स्वस्थ और बुद्धिमान बनाता है।नियमित रूप से इसका पालन करें और आप देखेंगी कि आपके बच्चे में जल्दी सोने व जल्दी उठने की आदत विकसित होगी और यह आदत उसे जीवन में अधिक सहायता कर सकती है।

इसके अलावा 22 महीने की आयु में आप अपने बच्चे को बिस्तर गीला न करने की शिक्षा भी दे सकती हैं। उसे निर्देश दें या संकेत सिखाएं कि जब वह टॉयलेट या पॉटी जाना चाहे तो वह कौन से संकेत उपयोग कर सकता है। यह शुरुआत में ही बच्चे की अच्छी आदतों को विकसित करने और घर के आसपास अच्छी स्वच्छता बनाए रखने में मदद करेगा।

खेल और गतिविधियां

22 महीने के बच्चे की गतिविधियों या खेल में घर के भीतर या बाहर के खेल भी शामिल हो सकते हैं। आप बच्चे को पज़ल हल करने के लिए दे सकती हैं, यह उसके बौद्धिक विकास में मदद करेगा। इसके अलावा उसे शारीरिक गतिविधियों में भी शामिल करें ताकि वह स्वस्थ और एक्टिव रह सके।

इसके अलावा, अपने बच्चे को एक वन्यजीव अभ्यारण्य (वाइल्डलाइफ सेंचुरी) या चिड़ियाघर में ले जाएं। यह न केवल आपके बच्चे के लिए मनोरंजक होगा, बल्कि उसे प्रकृति का आनंद लेने और पृथ्वी व उस पर रहनेवालों से संबंधित तथ्यों को जानने में भी मदद करेगा।

माता-पिता के लिए सुझाव

यहाँ 22 महीने के बच्चे की देखभाल को ध्यान में रखते हुए माता-पिता के लिए कुछ सुझाव दिए गए हैं;

  • मौखिक शिक्षण के साथ दृश्य शिक्षण को भी प्राथमिकता दें। इसका यह मतलब है कि, जब आप अपने बच्चे को कविता या अक्षर सिखाते हैं, तो मौखिक शिक्षण के साथ उसे दृश्य भी दिखाएं।इस तरह से उसे यह जानकारी लंबे समय के लिए ध्यान रहेगी।

माता-पिता के लिए सुझाव

  • आपका बच्चा जब भी किसी वस्तु को पकड़े या समीप की किसी वस्तु को इंगित करे तो उसे नाम से बताएं कि वह क्या है। इस तरह वह चीजों को तेजी से पहचानना सीख जाएगा।
  • खेलते समय अपने बच्चे के साथ बातचीत करें। इससे उसे पता चलेगा कि आपको उसकी चिंता है और इसके अलावा, वह बोलना भी सीखेगा और यदि 22 महीने के बच्चे में न बोलने जैसी कोई समस्या है तो वह उससे भी उबार सकता है।
  • 22 माह के शिशु को पार्क या आसपास के बगीचे में ले जाएं। इस तरह वह स्वतंत्र रूप से दौड़ सकता है और कुछ शारीरिक गतिविधियों में लिप्त हो सकता है।
  • अपने बच्चे को शब्दों में उसकी मांगों को स्पष्ट करने के लिए कहें।यहाँ तक कि अगर आप समझ जाएं कि वह क्या कहने की कोशिश कर रहा है, तो भी आप प्रदर्शित करें कि आप नहीं समझ पा रही हैं । इस तरीके से आपका बच्चा बात करने का प्रयास करेगा और अपनी बात को अधिक स्पष्ट रूप से व्यक्त करेगा।

यह एक व्यापक मार्गदर्शिका है जो आपको 22 महीने के अपने बच्चे के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने में मदद करेगी। हालांकि, यदि आपके शिशु में चलने, बात करने या खाने की क्षमता की कमी दिख रही है, तो उचित सहायता के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करना बेहतर है।