बच्चों के लिए होली पर निबंध

बच्चों के लिए होली पर निबंध

हम सभी जानते हैं कि होली देशभर में धूमधाम से मनाया जाने वाला रंगों का त्यौहार है। यह हिन्दू धर्म का एक मुख्य त्योहार है और इस दिन सभी लोग एक दूसरे को रंग लगाकर होली का त्योहार मनाते हैं। हिंदी कैलेंडर के अनुसार यह फागुन महीने का सबसे विशेष पर्व है और कई विशेषताओं के कारण यह दिन सबसे अधिक लोकप्रिय माना जाता है। इस अवसर पर स्कूल में बच्चों को होली पर निबंध या अनुच्छेद लिखने के लिए भी कहा जाता है। सिर्फ घरों में ही खुशियां मनाकर नहीं बल्कि स्कूल में टीचर्स भी बच्चों के उत्साह को जाहिर करने के लिए उनसे होली पर निबंध लिखने के लिए कहते हैं। यदि आपके बच्चे को भी होली पर निबंध लिखने के लिए कहा गया है तो यहाँ पर 10 पंक्तियों, 100 शब्दों, 200 शब्दों और 400 से 500 शब्दों में विभिन्न निबंध दिए हुए हैं, जानने के लिए आगे पढ़ें। 

बच्चों के लिए होली पर 10 पंक्तियां

होली एक विशेष त्योहार है और इसे लोग बड़ी धूमधाम व उत्साह से मनाते हैं। इस बड़े व मुख्य त्योहार को लोग किस प्रकार से मनाते हैं और इसकी विशेषता को निम्नलिखित 10 वाक्य में संक्षिप्त रूप में बताया गया है, आइए जानें;

  1. होली हिंदू धर्म का एक प्रसिद्ध और मुख्य त्योहार है। 
  2. इस त्योहार को फाल्गुन यानी मार्च के महीने में मनाते हैं। 
  3. इसे रंगों का त्योहार भी कहा जाता है। 
  4. होली प्यार और दोस्ती का प्रतीक भी माना जाता है। 
  5. ऐसा माना जाता है कि इस दिन भगवान विष्णु के भक्त प्रहलाद को अग्नि भी नहीं जला पाई थी। 
  6. इस दिन बच्चे एक दूसरे को रंग लगाकर और बड़ों का आशीर्वाद लेकर इस त्योहार को मनाते हैं। 
  7. होली के दिन सभी लोग अपनी लड़ाइयां भुलकर एक दूसरे के साथ खुशियां मनाते हैं। 
  8. होली में रंग खेलने से एक दिन पहले होलिका दहन होता है।  
  9. इस पर्व में नाच गाना होता है और होली विशेष ‘फगुआ’ गीत भी गए जाते हैं। 
  10. होली विशेष रूप से बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है इसलिए यह त्योहार सभी को मिलजुल कर मनाना चाहिए। 

होली पर निबंध (100 शब्दों में)

होली एक ऐसा त्योहार है जिस दिन लोग अपने सभी कलेश और लड़ाइयां भूलकर एक साथ खुशियां मनाते हैं। यह कहावत है कि होली के दिन सभी अपने कष्ट भूलकर गले मिलते हैं व एक दूसरे को रंग लगाते हैं। होली से एक दिन पहले होलिका दहन मनाया जाता है। इस दिन आसपास के सभी लोग मिलकर लकड़ियां, गोबर के कंडे, घास आदि इकट्ठा करते हैं। होलिका जलाने से पहले घर की महिलाएं इसकी पूजा करती हैं और मिठाइयां व गुजिया चढ़ाती हैं। फिर मुहूर्त देखकर इसे जलाया जाता है और घर के बड़े पहली फसल के गन्ने, हरे चने की झंगरी इसमें पकाते हैं। ऐसा माना जाता है कि होलिका दहन में सभी लोगों के दुःख जलकर नष्ट हो जाते हैं। इस दिन को राक्षशी शक्ति पर भक्ति की जीत का प्रतीक भी माना गया है। 

अगले दिन रंगों की होली मनाई जाती है। इस दिन को नन्द लाल व राधा के प्रेम का प्रतीक भी माना जाता है। उन्हीं दिनों की याद में आज भी सभी लोग अबीर, गुलाल से होली खेलते हैं, एक दूसरे को रंग लगाते हैं। दिन के अंत में सभी लोग नए कपड़े पहनते हैं, एक दूसरे को गुजिया खिलाते हैं और होली की बधाइयां देते हैं। 

होली पर निबंध हिंदी में

होली पर निबंध (200 शब्दों में)

प्रस्तावना: वैसे तो होली हिन्दू धर्म में सबसे विशेष त्योहार माना जाता है और इसे पूरे देश में इसे धूम-धाम से मनाते हैं। पर उत्तर भारत में इस त्योहार की बात ही कुछ और है। यहाँ पर इस पर्व के लिए लोग पहले से ही जोरो शोरो से तैयारियां शुरू कर देते हैं। जहाँ घरों में माताएं-बहनें गुजिया, पापड़, कचरी, पकोड़े और विभिन्न प्रकार के पकवान बनाती हैं वहीं दूसरी ओर पिता व बाकि अन्य सदस्य घर की सफाई और खरीददारी में व्यस्त हो जाते हैं। 

होली का महत्व: ऐसा माना जाता है कि होली का त्योहार बुराई पर भक्ति की जीत का प्रतीक है। इस जीत को वर्षों से लोग पूरे विश्वास व धूमधाम से मनाते हैं। होली को फागुन, धुलेंडी और अन्य कई नामों से जाना जाता है। 

होलिका दहन की प्रथा: रंगों की होली मनाने से एक दिन पहले लोग होलिका दहन करते हैं। इसके पीछे भी एक विशेष कारण है जिसे हिन्दू धर्म के लोगों ने एक प्रथा के रूप में स्वीकारा है और इसका पालन भी करते हैं। ऐसा माना जाता है कि होलिका असुर हिरण्यकशिपु की बहन थी जिसे न जलने का वरदान था पर वह भगवान विष्णु की भक्ति न मानते हुए उनके भक्त प्रह्लाद को जलाने के प्रयास में खुद जल गई। तब से ही होलिका दहन की प्रथा चली आ रही है। 

उत्सव: ऐसा माना जाता है कि हर साल होलिका में सभी कष्ट और नकारात्मकता जलकर नष्ट हो जाती हैं। फिर अगले दिन सभी लोग मिलजुल कर रंग लगाते हैं और होली मनाते हैं। इस दिन लोग नाचते हैं, गाते हैं और मिठाइयां खाते हैं। शाम को सभी लोग नए कपड़े पहनकर एक दूसरे से मिलने भी जाते हैं। 

निष्कर्ष: होली का त्योहार एकता का प्रतीक है और इसे सभी को एक साथ मिलजुल कर मनाना चाहिए। 

होली पर निबंध (400-500 शब्दों में) |

प्रस्तावना: भारत देश में कई त्योहारों को मान्यता दी गई है और यहाँ पर हर एक दिन में त्योहारों जैसी खुशियां होती हैं। सभी त्योहारों में होली भी एक ऐसा पर्व है जिसे लोग धूमधाम से मनाते हैं और यह एक मुख्य त्योहार भी है। इस दिन सभी लोग एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाते हैं और गुजिया खाते हैं। आज कल लोग गाढ़े रंगों का भी उपयोग करते हैं पर वास्तव में हमें किसी को भी गाढ़े रंग नहीं लगाने चाहिए और इस दिन भी सभी का सम्मान करना चाहिए। यह त्योहार भारत के साथ-साथ बांग्लादेश, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, नेपाल और अन्य कई देशों में भी मनाया जाता है। वसंत ऋतु के अंतिम दिनों में इस त्योहार को पूरे उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन नाचने गाने की भी बड़ी धूम रहती है और होली का यह धमाल कई दिनों खुशियां बिखेरता है। 

इस दिन होली के जोगीरा टोली में एक दूसरे के घर जाकर रंग लगाते हैं और नाचते गाते हैं। घर में सभी एक दूसरे को गुजिया खिलाते हैं और पूरी मौज मस्ती में दिन को व्यतीत करते हैं। 

होली कब मनाई जाती है: होली हर साल फाल्गुन यानि मार्च के महीने में मनाई जाती है और इस साल भी होली 27 मार्च 2021 को मनाई जाएगी। यह त्योहार दो दिनों का होता है जिसमें पहले दिन होलिका की पूजा करके होलिका दहन किया जाता है। दूसरे दिन को धुलेंडी के नाम से जाना जाता है और इस दिन विशेष रंगों से होली खेली जाती है और लोग एक दूसरे को रंग लगाते हैं। इस दिन बच्चे, बूढ़े सभी मिलकर एक दूसरे को गुलाल लगाते हैं। लोकप्रिय गीतों में नाच गाना होता है और सभी मिलकर गुजियां-पापड़ खाते हैं। इस दिन की धूम को कई दिनों तक याद करके लोग मुस्कुराते हैं। यह त्योहार लोगों के जीवन में एक नई ऊर्जा व उमंग लेकर आता है। 

होली का महत्व: होली को अच्छाई पर बुराई की जीत का प्रतीक माना जाता है। इसका भी एक इतिहास है जिसमें बताया गया है कि एक बार हिरण्यकशिपु ने अपने ही पुत्र को जलाने के लिए होलिका को आदेश दिया था। होलिका को न जलने का वरदान था इसलिए वह श्री विष्णु भक्त प्रहलाद को लेकर जलती हुई अग्नि पर बैठ गयी। चूंकि प्रहलाद एक सच्चे और धर्म पर चलने वाले इंसान थे इसलिए भगवान ने उनकी सहायता की और उस अग्नि में होलिका जलकर भस्म हो गई। बस तब से ही इसे अच्छाई पर बुराई की जीत के रूप में मनाया जाता है और यह प्रथा कई वर्षों से चली आ रही है। 

होली दोस्ती, प्रेम और एकता का प्रतीक है। इस दिन सभी लोग मिलकर रंगों से होली खेलते हैं और अपनी लड़ाइयों को भुलाकर एक साथ त्योहार मनाते हैं। माना जाता है कि इस दिन जाति-पाति, उंच-नीच को न मानते हुए सभी लोग एक दूसरे से गले मिलते हैं और रंगों के इस त्योहार का आनंद लेते हैं। यही कारण है कि इस त्योहार का ऐतिहासिक के साथ सामाजिक महत्व भी है। 

उपसंहार: होली को बुराइयों पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन सभी लोग अपने दुःख व लड़ाइयां भुलाकर एक दूसरे के साथ खुशियां मनाते व नाचते गाते हैं। सभी अपने अहंकार को भुलाकर जीवन को नए नजरिये से देखना शुरू करते हैं। यह  त्योहार दोस्ती व प्रेम का प्रतीक भी माना जाता है और विशेषकर बच्चे अपने सभी दोस्तों के साथ इस त्योहार को पूरी उत्सुकता के साथ मनाना पसंद करते हैं। इस दिन हम सभी को सभी दुःख भुलाकर खुशियों के साथ होली मनानी चाहिए और सबके साथ प्रेम का आदान-प्रदान करना चाहिए। 

होली प्यार, दोस्ती, हँसी, खुशी और प्रेम को दर्शाता है। इस दिन लोगों में नई ऊर्जा होती है और पूरा परिवार मिलकर इस बेहतरीन पर्व को मनाता है। भारत में लोग इस त्योहार का साल भर इंतजार करते हैं और होली के दिन रंगों की बौछार व होली के लोकप्रिय गीतों में खुशियां मनाते हैं। यदि गीतों की बात की जाए तो होली के छत्तीसगढ़ी गीत, मैथिली के होली गीत, होली खेले रघुवीरा अवध में, रंग बरसे भीगे चुनरवाली जैसे कई गीत लोकप्रिय हैं। इस दिन बच्चे, बुजुर्ग व अन्य सभी लोग एक दूसरे को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। 

यदि आप भी  बच्चे के लिए होली पर विशेष और बेहतरीन निबंध तैयार करना चाहती हैं तो ऊपर बताए हुए निबंधों में से एक निबंध जरूर चुनें। हमारी ओर से आप सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं। 

यह भी पढ़ें: 

बच्चों को बताएं होली क्यों मनाते हैं
बच्चों के लिए होली खेलने के सेफ्टी टिप्स
होली में बच्चों के बाल, त्वचा और नाखुन की देखभाल के हैक्स