मेरे प्रिय शिक्षक पर निबंध (Essay On Teacher In Hindi)

मेरे प्रिय शिक्षक पर निबंध (Essay On Teacher In Hindi)

शिक्षक हमारे जीवन का दर्पण होते हैं, जिनकी एक अहम भूमिका होती है एक बेहतर समाज का निर्माण करने में और यही वजह की एक शिक्षक का दर्जा ईश्वर के बाद सबसे बड़ा बताया जाता है। हम सभी ने कबीर दास जी का यह दोहा सुना होगा कि “गुरु गोविन्द दोऊ खड़े, काके लागू पांय, बलिहारी गुरु आपने, गोविन्द दियो बताए” अर्थात अगर आपके सामने प्रभु और गुरु दोनों खड़े हो तो आपको पहले अपने गुरु के पैर छूने चाहिए, क्योंकि वो गुरु ही हैं जिन्होंने प्रभु से हमारा परिचय कराया है। एक बेहतर समाज के विकास और उन्नति के लिए हम सब के जीवन में किसी गुरु या शिक्षक का होना बेहद जरूरी है। शिक्षक, छात्रों को शिक्षा देने, नैतिक मूल्यों को समझाने और उन्हें सफलता की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। शिक्षकों को समाज में एक सम्मानित आदर्श के रूप में देखा जाता है। कहते है जिसके सर पर किसी अच्छे गुरु का हाथ हो उसका कल्याण होना तय है। माता-पिता के बाद शिक्षक ही है जो आपको जीवन का सही मार्ग चुनने में मदद करते हैं, उनकी दी गई शिक्षा के बल पर आप यह तय कर पाते हैं कि मुझे अपने इस जीवन को किस दिशा की ओर ले जाना है। सच यह है कि अगर इस संसार में गुरु न होते तो आज हम अंधकार का जीवन जी रहे होते।  इसलिए एक शिक्षक का जो स्थान है वो कभी कोई दूसरा नहीं ले सकता है। भारत में खास तौर पर अपने गुरु को सम्मानित करने के लिए और उनका हमारे जीवन में बड़ा योगदान देने के लिए हम सभी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाते हैं। यदि आप भी शिक्षक दिवस पर अपने प्यारे शिक्षक पर लेख लिखना चाहते हैं तो यह आर्टिकल पूरा पढ़ें।

शिक्षक पर 10 लाइन का निबंध (10 Lines On Teacher In Hindi)

शिक्षक से जुड़ी 10 लाइन लिखने की शुरुआत कैसे करनी है आपको नीचे दिया गया है, जिसकी मदद से आपका बच्चा शिक्षक पर एक अच्छा निबंध लिख सकता है।

  1. एक शिक्षक का दर्जा भगवान से भी ऊपर माना गया है।
  2. शिक्षक हमारे मार्गदर्शक होते हैं।
  3. वे छात्रों को हर दिन नई चीजें सीखने में मदद करते हैं।
  4. माता-पिता के बाद शिक्षक बच्चों के अभिवावक होते हैं।
  5. शिक्षक सिर्फ अपने छात्र का ही नहीं बल्कि पूरे समाज का कल्याण करते हैं।
  6. विषय के ज्ञान के अलावा वह हमें नैतिक मूल्यों की अहमियत समझाते हैं।
  7. शिक्षक ही छात्र को एक अच्छा इंसान बनाने के लिए जिम्मेदार होते हैं।
  8. शिक्षक सही और गलत के बीच के फर्क को हमेंं समझाते हैं।
  9. जीवन लक्ष्यों को हासिल करने में शिक्षक अहम भूमिका निभाते हैं।
  10. शिक्षकों का हमेशा सम्मान करना चाहिए।

शिक्षक पर निबंध 200-300 शब्दों मे (Short Essay on Teacher in Hindi 200-300 Words)

जिसने जीवन में सब दिया हो उनके बारे में जब लिखना हो वो भी शॉर्ट पैराग्राफ के रूप में तो आपके लिए एक चुनौती हो सकता है, इसलिए शिक्षक पर शार्ट एस्से कैसे लिखना है उसके लिए आप नीचे दिए गए निबंध की सहायता ले सकते हैं:

शिक्षक को ज्ञान का दीप कहा गया हैं। शिक्षक बच्चों के जीवन का वो उजाला होते हैं जो शिक्षा के माध्यम से पूरी दुनिया से हमें परिचित कराते हैं। गुरु न केवल उन्हें पढ़ाए गए विषयों के बारें में जानकारी देते हैं, बल्कि उन सभी अहम बातों जैसे जीवन के मूल्यों, नैतिकता, देश की संस्कृति आदि का भी ज्ञान देते हैं। शिक्षक बच्चों को हमेशा सही दिशा दिखाने की कोशिश करते हैं ताकि वे अपने लक्ष्यों और सपनो की तरफ बढ़ते रहें। इतना ही नहीं शिक्षक अपने छात्रों को सामाजिक जिम्मेदारियों, उनके व्यक्तिगत विकास और समय का सही उपयोग करना सिखाते हैं। शिक्षक अपने छात्रों में भेदभाव नहीं करते हैं, यदि कोई बच्चा पढ़ाई में कमजोर होता है तो उसे अनदेखा नहीं करते बल्कि उसकी मदद करते हैं और उसकी परेशानी को हल करते हैं। शिक्षक, छात्रों में जीवन में कई अहम भूमिका निभाते हैं, कभी वे उन्हें माता-पिता की तरह समझाते और डांटते हैं तो कभी एक दोस्त की तरह स्थिति को संभालते हैं। सारे बच्चे उनके लिए एक समान होते हैं, शिक्षक छात्रों को सही और गलत के बीच के फर्क को समझाने की कोशिश करते हैं। घर से निकलने के बाद बच्चे शिक्षकों की जिम्मेदारी बन जाते हैं  और इस जिम्मेदारी को वे दिल से निभाते भी हैं। शिक्षक के रहते बच्चे स्कूल में खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं और उन्हें अच्छा माहौल मिलता है। यदि शिक्षक आपके सही कार्यों में आपकी तारीफ करते हैं तो उन्हें आपकी गलती करने पर डांटने का हक भी होता है। छात्रों के प्रति शिक्षकों ये प्यार निस्वार्थ होता है क्योंकि उन्हें छात्रों से बदलने में कुछ नहीं मिलता है। अपने वे अपने पास मौजूद सभी ज्ञान छात्रों को देने की कोशिश करते हैं ताकि जीवन के किसी मोड़ पर उनको इसकी जरूरत पड़ सकती है। शिक्षक हमेशा से बच्चों के जीवन में एक प्रभावशाली व्यक्ति के रूप में काम करते हैं।

टीचर को गिफ्ट करती लड़की

शिक्षक पर निबंध 400-600 शब्दों में (Essay on Teacher in Hindi 400-600 Words)

माता-पिता को बच्चों का पहला शिक्षक कहा जाता है लेकिन विद्यालय में उनको पढ़ाने वाले शिक्षक की भूमिका बहुत ही अहम होती है। वह बच्चों को बेहतर भविष्य और अपने सपनों को पूरा करने के लिए हमेशा प्रेरित करते रहते हैं। यदि आपका बच्चा शिक्षकों की उसके जीवन में क्या भूमिका है इस विषय पर लिखना चाहता है तो वे नीचे दिए गए निबंध की सहायता ले सकता है।

शिक्षक कौन होता है? (Who Is a Teacher?)

शिक्षक अपने छात्रों के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति होते हैं। शिक्षक वह है जो बच्चों को सही राह पर चलना सिखाते हैं। छात्रों को पढ़ाई में मदद करने के अलावा शिक्षक उन्हें एक बेहतर इंसान बनने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। माता-पिता के बाद शिक्षक ही छात्रों का खयाल रखते हैं, उनकी परेशानी में दोस्त बनकर उनकी मदद करते हैं। लोगों का मानना है कि जीवन को जीने के लिए जैसे हवा की जरूरत होती है वैसे ही किसी भी लक्ष्य तक पहुंचने और उसे हासिल करने के लिए शिक्षक की सलाह की जरूरत होती है। शिक्षक द्वारा की गई छात्रों पर मेहनत का कर्ज कभी भी उतारा नहीं जा सकता है। छात्रों को अपना लक्ष्य हासिल करने के बाद और एक बेहतर इंसान बन जाने पर अपने शिक्षक का जिंदगी भर शुक्रगुजार रहना चाहिए।

बच्चों में जीवन में शिक्षक की भूमिका (Role of a Teacher In Student’s Life)

कई अहम तरीके हैं जिनसे शिक्षक अपने छात्रों के जीवन में बड़ा बदलाव लाते हैं। एक शिक्षक बच्चों को पढ़ाते हैं, उन्हें सही और गलत के बीच का फर्क समझाते हैं और साथ ही नैतिक मूल्यों से के बारें में जानकारी प्रदान करते हैं जो बच्चों को बेहतर इंसान बनने में मदद करते हैं। जब भी कोई छात्र गलती करता है, तो शिक्षक उसे उसकी गलती दिखाने की कोशिश करते हैं कि उसने कहाँ गलत किया है और उसके लिए उसको सजा भी दी जाती है। एक शिक्षक ही बच्चे को भविष्य में बेहतर और महान कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। बेहतर शिक्षक बच्चे के जीवन में अहम भूमिका निभाते हैं क्योंकि उनसे बच्चे को अच्छी शिक्षा, अच्छी आदतें और अच्छा इंसान बनने की सीख मिलती है। बच्चे भविष्य में क्या है और क्या कर रहे हैं, उसमे सबसे ज्यादा योगदान शिक्षक का ही रहता है।

शिक्षक के गुण (Qualities Of Teacher)

एक अच्छे शिक्षक में कई तरह के गुण पाए जाते हैं। शिक्षक अपने छात्रों के भविष्य को उज्जवल बनाने में बहुत मदद करते हैं। एक अच्छा शिक्षक वही है जो अपने छात्रों को नई चीजें सीखने के लिए प्रोत्साहित करे और उनके सवालों के सही जवाब देकर उनकी शंका दूर करें। शिक्षक हमेशा बच्चों के साथ सख्ती से पेश नहीं आने चाहिए बल्कि उन्हें उनकी मन की बात जानने के लिए दोस्ती वाला व्यवहार करना चाहिए। शिक्षक, छात्रों के अच्छे मित्र बन सकते हैं ताकि बच्चा उनसे अपनी सभी परेशानियां सांझा कर सके। एक अच्छे शिक्षक का सबसे महत्वपूर्ण गुण उसका बात करने का तरीका होता है। बच्चे इसी के आधार पर किसी एक शिक्षक को अपना पसंदीदा शिक्षक मानते हैं। शिक्षक सिर्फ यही नहीं चाहते हैं कि बच्चा स्कूल में बेहतर करे और अच्छे अंक हासिल करे बल्कि उन्हें ये भी देखना है कि उनका छात्र जीवन में कैसे विकसित हो रहा है और कैसा इंसान बन रहा है। एक अच्छा शिक्षक दयावान जरूर होना चाहिए। वो शिक्षक बेहद गुणी होते हैं जो एक बोरिंग विषय को भी रोमांचक बना दें और छात्रों का भी उसमे मन लग जाए। बच्चों को वास्तिक दुनिया से एक शिक्षक ही परिचित करवाता है।

शिक्षक की अहमियत (Importance Of Teacher)

एक छात्र के जीवन में शिक्षक का बहुत महत्व होता है। शिक्षक, छात्रों के जीवन में कई तरह के बड़े बदलाव लाते हैं और उनके सच्चे मार्गदर्शक बनते हैं। माता-पिता के बाद बच्चे अपने जीवन के कई अहम फैसलों के लिए अपने शिक्षक पर निर्भर होते हैं। शिक्षक ज्ञान का भंडार होते हैं और छात्र जितना चाहे उतना ज्ञान उनसे हासिल कर सकते हैं। जैसे एक बच्चे और उसके माँ-बाप के बीच के बंधन की तुलना नहीं की जा सकती है वैसे ही एक छात्र और शिक्षक का रिश्ता भी अतुलनीय है। शिक्षक के बिना छात्रों का जीवन अधूरा है और वह अपने मार्ग से भी भटक सकते हैं।

शिक्षक के बारे मेंं रोचक तथ्य (Interesting Facts About Teacher in Hindi)

  • शिक्षक हर साल लगभग 400 घंटे से अधिक ओवरटाइम काम करते हैं।
  • ऐसा माना गया है कि लगभग 18% शिक्षकों को ही 8 घंटे की रात की नींद मिल पाती है।
  • ज्यादातर शिक्षक सप्ताह में औसतन 50 घंटे काम करते हैं।
  • भारत में शिक्षकों की रिटायरमेंट की उम्र 60-62 साल है।
  • शिक्षकों का पेशा दुनिया में सबसे प्रशंसित पेशों में से एक है।
  • दुनिया के सबसे पुराने विद्यालय तक्षशिला में शिक्षकों का बहुत महत्व था।

शिक्षक के इस निबंध से हमें क्या सीख मिलती है? (What Will Your Child Learn From a Teacher’s Essay?)

इस निबंध से आपके बच्चे को अपने शिक्षकों की अहमियत का पता चलेगा। वो जानेगा कि उनके बड़े अपने गुरु का सम्मान करने पर अधिक जोर देते हैं। एक शिक्षक उनके बेहतर भविष्य के लिए उनके साथ परिश्रम करते हैं और बदले में उसका कोई लाभ नहीं होता है सिवाए इसके कि जब उसका पढ़ाया गया छात्र शिखर पर पहुंचता है, तो खुद पर वो गर्व महसूस करते हैं। स्कूल में माता-पिता की कमी को शिक्षक ही पूरा करते हैं और जरूरत पड़ने पर वह दोस्त भी बन जाते हैं। एक अच्छे शिक्षक का होना बच्चे के बेहतर भविष्य के लिए कितना जरूरी है वो भी छात्रों को इस निबंध के द्वारा समझ में आएगा। ऐसे में अपने बच्चे को शिक्षक को सम्मान देने और उनके योगदानों के लिए हमेशा आभारी रहने के लिए प्रेरित करें।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

1. शिक्षक दिवस क्यों मनाया जाता है?

शिक्षक दिवस समाज में शिक्षक द्वारा किए गए अमूल्य योगदानों को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है।

2. भारत में सबसे अच्छा शिक्षक कौन है?

भारत में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक माना जाता है और उनके जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है।

3. गुरुकुल किसे कहते है?

भारत में पुराने समय में छात्र शिक्षा हासिल करने के लिए गुरुओं के पास रहते थे, इस शिक्षा प्रणाली को गुरुकुल कहा था।

यह भी पढ़ें:

शिक्षक दिवस पर निबंध (Essay On Teacher’s Day In Hindi)
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन पर निबंध (Dr. Sarvepalli Radhakrishnan Essay in Hindi)