In this Article
नव वर्ष का समय पूरी दुनिया भर में खुशियों और मौज-मस्ती से भरा एक रोमांचक समय होता है! नए साल का जश्न मनाने के लिए ज्यादातर जगहों पर लोग अपने दोस्तों और परिवार के साथ दिसंबर के महीने की आखिरी रात को एक साथ मनाते हैं। बच्चों को अक्सर स्कूल में त्योहारों और इसी तरह के अन्य विषयों पर निबंध लिखने के लिए कहा जाता है। नव वर्ष भी एक ऐसा ही विषय है जिसके बारे में बच्चे लिख सकते हैं। इस दौरान लगभग सभी परिवार या तो छुट्टियां मनाते हैं या फिर कहीं न कहीं पार्टी आदि करते हैं। इसलिए हमेशा ही यह एक ऐसा मौका होता है जिस पर बच्चा सोच और लिख सकता है। इस आर्टिकल में, हमने बच्चों के लिए नए साल पर निबंध कैसे लिखा जा सकता है, इसके लिए छोटी और बड़ी दोनों प्रकार की निबंध शैलियों के तरीके दिए हैं। अधिक जानने के लिए इस पूरा पढ़ें।
मुख्य बिंदु: प्राइमरी क्लास के बच्चों के लिए नव वर्ष पर निबंध
नए साल पर निबंध लिखते समय इन बातों का ध्यान रखना चाहिए:
- नया साल एक क्रिएटिव टॉपिक है, इसलिए लेखन को समृद्ध बनाने के लिए बच्चा अपनी कल्पना से बहुत सारे विचारों का उपयोग कर सकता है।
- नए साल के बारे में कुछ पंक्तियों में लिखा जाने वाला निबंध सामान्य तथ्यों और इसे मनाने के विभिन्न तरीकों तक सीमित हो सकता है।
- नए साल पर एक छोटा पैराग्राफ लिखना हो तो यह इस पर केंद्रित किया जा सकता है कि हम इसे अपने परिवार और दोस्तों के साथ कैसे मनाते हैं।
- इस विषय पर एक लंबा निबंध बहुत विस्तृत हुए बिना नए साल के बारे में महत्वपूर्ण बिंदुओं के बारे में थोड़ा-थोड़ा बताते हुए लिखा जा सकता है।
हिंदी में नए साल पर 10 पंक्तियाँ
कुछ लाइन में निबंध लिखना आसान होता है। इस विषय के बारे में लिखते समय बच्चे को बताएं कि वह बुनियादी तथ्यों पर टिका रहे और जितना हो सके उतना अलग-अलग बातें लिखे। कक्षा 1 और 2 के लिए नववर्ष पर 10 पंक्तियों का निबंध इस प्रकार लिखा जा सकता है:
- अंग्रेजी या ग्रेगोरियन कैलेंडर, जिसे लगभग पूरी दुनिया में अपनाया जाता है, उसके अनुसार 1 जनवरी नए साल का पहला दिन होता है। कैलेंडर के अनुसार एक वर्ष में 12 महीने होते हैं।
- नए साल का जश्न 31 दिसंबर को मनाया जाता है, जो साल का आखिरी दिन होता है।
- नए साल की पूर्व संध्या को लोग बहुत उत्साह के साथ मनाते हैं।
- ज्यादातर लोग साल के आखिरी दिन को एक परिवार के रूप में साथ मिलकर बिताते हैं और एक दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं देते हैं!
- रात को 12 बजे, जब अगला दिन यानी 1 जनवरी शुरू होता है, हम नए साल में प्रवेश करते हैं।
- दुनिया भर के लोग इस दिन को पार्टी करते हुए और आतिशबाजी के साथ मनाते हैं।
- हमारे देश में स्कूलों में क्रिसमस की छुट्टी होती है और ठंड का मौसम होने के कारण सर्दी की छुट्टियां होती हैं जो ज्यादातर 1 जनवरी तक रहती हैं।
- नए साल पर कई लोग नए संकल्प लेते हैं।
- नया साल सभी लोगों के लिए एक नई शुरुआत की तरह होता है, जहां वे भविष्य में कुछ बेहतर की उम्मीद कर सकते हैं।
- नया साल मेरा पसंदीदा समय है क्योंकि मेरा परिवार हर साल छुट्टियों में घूमने जाता है!
नए साल पर छोटा पैराग्राफ
एक लघु या छोटा निबंध आमतौर पर 100 से 150 शब्दों का होता है। इसमें संक्षिप्त रूप में नए साल के अलग-अलग पहलुओं के बारे में बताया जा सकता है। यहाँ नए साल पर एक लघु निबंध के लिए एक उदाहरण दिया गया है:
ग्रेगोरियन, जिसे अंग्रेजी कैलेंडर कहा जाता है, उसके अनुसार नव वर्ष हर साल की पहली जनवरी को शुरू होता है। यह कोई शुरुआत करने, नए संकल्प लेने और आगे एक बेहतर भविष्य की आशा करने का समय है। नया साल सभी लोगों के लिए एक विशेष समय होता है क्योंकि वे अपने जीवन में जिम्मेदारी की एक नई भावना महसूस करते हैं। हालांकि, नए साल के पहले दिन कई लोग थोड़ी धीमी शुरुआत करते हैं क्योंकि वे पिछले साल के आखिरी दिन की पार्टी से थके हुए होते हैं। दूसरी ओर, बच्चे खुशी से क्रिसमस से शुरू हुओ छुट्टियों के बाद स्कूल के फिर से खुलने का इंतजार कर रहे होते हैं। हम कह सकते हैं कि हर नया साल उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य की दिशा में एक कदम बढ़ाने जैसा होता है।
क्लास 3 के लिए हिंदी में नए साल पर निबंध – लंबा निबंध
नए साल के विषय पर कक्षा 3 के लिए एक लंबा निबंध लिखते समय रचनात्मक होने के साथ-साथ विभिन्न विचारों को एक साथ प्रकट किया जाना चाहिए है। इसे सुसंगत रखने के लिए निरंतरता बनाए रखना जरूरी है। यहाँ नए साल पर एक लंबे निबंध का उदाहरण दिया गया है:
ग्रेगोरियन यानी अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार नया साल हर साल की पहली जनवरी को शुरू होता है। हालांकि, नए साल का जश्न 31 दिसंबर से शुरू होता है यानी पिछले साल के आखिरी दिन। नए साल की पूर्व संध्या पर ज्यादातर लोग पार्टियों में शामिल होते हैं। कुछ लोग अपने ऑफिस में जश्न मानते हैं जबकि कुछ लोग शाम को अलग-अलग तरीके से सेलिब्रेशन में शामिल होने के लिए छुट्टी लेते हैं। वहीं अधिकांश परिवार जश्न मनाने के लिए इकट्ठा होते हैं। जैसे ही घड़ी में आधी रात के 12 बजते हैं और डायल एक नई तारीख आती है, लोग चीयर करते हुए और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए नए साल का स्वागत करते हैं। पार्टियों में शामिल होने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए कई जगहों पर अद्भुत आतिशबाजी के प्रदर्शन भी होते हैं।
नव वर्ष को जो खास बनाता है वह है वह कायाकल्प करने वाली ताजगी जो हर किसी के जीवन में आती है। नया कैलेंडर आता है और हर किसी को अपनी पढ़ाई, नौकरी और असाइनमेंट की योजना बनाने के लिए पूरा एक साल देता है। लोगों को ऐसा लगता है कि वे अतीत को छोड़ सकते हैं और उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ सकते हैं। नया साल लोगों के लिए संकल्प लेने का भी समय होता है। चाहे एक्जाम में सबसे ज्यादा मार्क्स लाने हों या नियमित रूप से एक्सरसाइज करना हो और सेहत बनाए रखना हो, नया साल ऐसा मौका होता है जब हर कोई प्रेरित महसूस करता है।
हालांकि अलग-अलग संस्कृतियों के अलग-अलग कैलेंडर होते हैं, लेकिन अंग्रेजी कैलेंडर का नया साल दुनिया भर में मनाया जाता है। विभिन्न संस्कृतियों का भी अपना नव वर्ष होता है। जैसे भारत में हिंदू धर्म के लोग इसे चैत्र माह की प्रतिपदा यानी पहले दिन से मनाते हैं, जो मार्च महीने या अप्रैल में आता है। वहीं चीन में नया साल फरवरी में मनाया जाता है। जबकि अलग-अलग संस्कृतियों में नए साल की तारीख अलग-अलग हो सकती है, लेकिन इसका उद्देश्य एक ही रहता है – नवीनीकरण यानी एक नई शुरुआत।
नए साल पर, हमारे परिवार का गेट टुगेदर होता है। मैं अपने चचेरे भाई-बहनों से मिलता हूं और हम क्रिसमस की छुट्टियों और आने वाले साल की सभी मौज-मस्ती का प्लान करते हैं। हम नए साल का स्वागत करने के लिए नए कपड़े खरीदते हैं और पूरे परिवार के लिए एक बड़ा केक भी लाते हैं। आधी रात के बाद जब नया साल शुरू होता है तो केक काटा जाता है।
नया साल हमारे लिए अपने जीवन में बदलाव लाने और अवसरों का सर्वोत्तम उपयोग करने का एक मौका होता है। हर नए साल पर मेरा लक्ष्य अपनी पढ़ाई और दूसरी एक्टिविटीज पर अधिक ध्यान केंद्रित करने और पहले से बेहतर बनने की ओर होता है।
आपका बच्चा ‘नव वर्ष’ निबंध से क्या सीखेगा?
जब जनवरी के पहले सप्ताह में स्कूल फिर से खुलते हैं तो लगभग हमेशा बच्चों को क्लास में असाइनमेंट या लिखने की एक्टिविटी के रूप में नए साल पर निबंध लिखने को कहा जाता है। यहाँ दिए गए सैंपल आपके बच्चे को नव वर्ष पर निबंध लिखने में मदद करेंगे। उसे ऊपर बताए गए निबंध के तीनों फॉर्मेट से बहुत सारे आइडिया और अलग-अलग तरीके से निबंध लिखने के उदाहरण मिलेंगे।
नए साल पर एक निबंध एक ऐसा विषय है जिसे लिखने में बच्चों को मजा आएगा। चूंकि निबंध लेखन एक महत्वपूर्ण स्किल है, इसलिए शुरुआत करने के लिए यह सही विषय है। एक बढ़िया निबंध लिखने के लिए आप बच्चे को ऊपर दिए गए उदाहरणों में प्रस्तुत कुछ विचारों का उपयोग करते हुए खुद से कुछ और विचार जोड़कर लिखने के लिए मार्गदर्शन कर सकते हैं।