गर्भावस्था के दौरान पेट का आकार – सप्ताह दर सप्ताह चार्ट

प्रेगनेंसी के दौरान बेबी बंप: पेट के आकार का सप्ताह दर सप्ताह चार्ट

यदि आप गर्भवती हैं, तो आप शायद अपने बच्चे के बारे में हर छोटी से छोटी बात जानना चाहती होंगी। आपके शरीर में गर्भावस्था के दौरान बहुत से बदलाव होंगे और जब आप अपनी गर्भावस्था की दूसरी तिमाही में पहुँचेंगी, तो आप अपने पेट में महत्वपूर्ण बदलावों को देखना शुरू कर देंगी। आपके पेट का आकार बढ़ने लगेगा और यही वह समय है जब आपको अपने वजन या अपने बढ़ते पेट के बारे में चिंता नहीं होगी। हालांकि, आपको पता होना चाहिए कि सही मायने में गर्भावस्था के दौरान पेट का आकार कितना होना चाहिए। यह लेख आपको उसी के बारे में जानकारी देगा।

क्या पेट का आकार वास्तव में गर्भावस्था के दौरान मायने रखता है?

यदि आप गर्भवती हैं, तो आपके बहुत सारे दोस्त और रिश्तेदार अपने अनुभव आपके साथ साझा करना चाहेंगे। वजन, पेट के आकार आदि के बारे में उनकी अपनी राय होगी और वे अपने अनुभव के अनुसार जानकारी साझा करेंगे, लेकिन सच्चाई यह है कि गर्भावस्था के दौरान पेट का आकार कोई मायने नहीं रखता है । जब तक आप गर्भावस्था के दौरान बहुत ज्यादा वजन या मोटापे से ग्रस्त नहीं हैं, चिंता की कोई बात नहीं है। आपके पेट का आकार आपके लिए चिंता का विषय नहीं होना चाहिए। अपने डॉक्टर से रूटीन चेकअप के लिए मिलना न भूलें और नियमित अंतराल पर जांच करवाएं, आपका डॉक्टर आपको समय समय पर जानकारी देता रहेगा!

क्या पेट का आकार गर्भावस्था के आपके चरण का सटीक संकेत दे सकता है?

आपके पेट का आकार आपकी गर्भावस्था के समय का सटीक संकेत नहीं दे सकता है। चाहे आपका पेट छोटा हो या बड़ा, आप अपनी गर्भावस्था की अवधि का सही निर्धारण नहीं कर सकती हैं। सभी महिलाओं के गर्भधारण की अवस्थाएं अलग अलग होती है। अगर आपकी  सहेली का गर्भावस्था के छठे महीने में पेट काफी बड़ा था, तो इसका मतलब यह नहीं है कि आपकी गर्भावस्था के छठे महीने में आपका पेट भी उसी आकार का होगा। यदि आपका पेट उस समय तक छोटा है और आपका डॉक्टर आपको विश्वास दिलाता है कि आपकी गर्भावस्था ठीक चल रही है, तो आपको इस बात से परेशान होने की जरुरत नहीं है।

क्या पेट का आकार आपके गर्भ में पल रहे बच्चे के लिंग की जानकारी दे सकता है?

एक पुरानी मान्यता के अनुसार, पेट के आकार से भी इस बात का पता लगाया जा सकता है कि होने वाला बच्चा लड़का है या लड़की। यदि यह एक लड़का है, तो आपका बच्चा नीचे की ओर रहेगा और पेट सामने की ओर निकला होगा। यदि यह एक लड़की है, तो उसके वजन से आपके कमर का हिस्सा अधिक फैला होगा और वह पेट के ऊपरी भाग में रहेगी। लेकिन जैसा कि पहले बताया गया है, यह सिर्फ एक पुरानी मान्यता है और इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।

गर्भावस्था के दौरान आपके पेट में बच्चा किस स्थिति में रहता है, इससे उसके लिंग का निर्धारण नहीं हो सकता है। आप अपने बच्चे को गर्भावस्था मे किस स्थिति में रखती हैं, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि गर्भवती होने से पहले आपके पेट की माँसपेशियां कितनी चुस्त थीं।

आपका बेबी बंप आपके बच्चे के आकार के बराबर क्यों नहीं होगा

गर्भावस्था के दौरान आपका पेट कितना भी बड़ा या छोटा क्यों न हो, यह शिशु के आकार के बराबर नहीं होगा। निम्नलिखित कारण आपके पेट के आकार को निर्धारित करेंगे।

1. आपकी लंबाई

यदि आप लंबी हैं और पेट लंबा है, तो आपका पेट शायद बाहर की तरफ नहीं बढ़ेगा और आपके पेट का आकार छोटा दिखाई देगा। आपका पेट लंबा होने के कारण उसमें बच्चे के बढ़ने के लिए बहुत जगह होगी। नतीजन, आपका शिशु बाहर की बजाय ऊपर की ओर बड़ा होगा। दूसरी ओर, यदि आपका कद छोटा है, तो आपके कूल्हे और आपकी निचली पसलियों के बीच में ऊपर की तरफ कम जगह होगी। इसलिए गर्भाशय बाहर की ओर बढ़ेगा और आपका पेट बड़ा दिखाई देगा!

2. आपके बच्चे की स्थिति

आपको इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि आपका बच्चा गर्भ में बहुत घूमेगा और यदि यह गर्भावस्था का अंतिम चरण है तो आप इस बात से पूरी तरह परिचित होंगी। गर्भाशय में आपके शिशु की गतिविधियां उसकी स्थिति को एक हद तक बदल सकती हैं। आमतौर पर, गर्भावस्था के अंत तक, शिशु का सिर नीचे की स्थिति में होना चाहिए, लेकिन उसकी गतिविधियों के कारण यह स्थिति बदल सकती है। आपके बच्चे की स्थिति में बदलाव आपके पेट के आकार को बदल सकता है।

Your Baby's Position

3. जगह की कमी

जैसे-जैसे गर्भाशय आपके बच्चे के बढ़ने के साथ फैलेगा, आपके शरीर के कुछ अन्य अंग जैसे प्लेसेंटा और आंत की स्थिति प्रभावित होगी। गर्भाशय के फैलने के साथ ये आगे की ओर धकेले जाएंगे। इससे आपका पेट बड़ा या बच्चे के आकार जैसा दिखाई दे सकता है। साथ ही, यदि आंतों को गर्भाशय के किनारों के पास जगह मिल जाती है, तो पेट बाजु से बाहर की ओर उभरा हुआ दिख सकता है।

4. आपकी पहली गर्भावस्था

यदि आप पहली बार गर्भवती हैं, तो यह पहली बार होगा जब आपका शरीर बड़ा होगा या फैलेगा। इसका अर्थ है कि आपकी माँसपेशियां कठोर होंगी जो आपके गर्भाशय को कम फैलने देंगी। साथ ही, आपके पेट की माँसपेशियां जो अब तक खिंची हुई नहीं थीं, अब खिंच जाएंगी। इसलिए, हो सकता है कि आपका पेट तुलना में उम्मीद से छोटा दिखेगा।

5. पहले की गर्भावस्था

पेट की माँसपेशियां सामान्यतः पहली गर्भावस्था के दौरान कठोर होती हैं। यदि आप दूसरी बार गर्भवती हुई हैं, तो आपके पेट की माँसपेशियां ढीली होंगी और आसानी से फैलेंगीं जिसके कारण आपके बच्चे को पेट के अंदर बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी। इस मामले में, आपका पेट समय से पहले ही बड़ा दिख सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आपके बच्चे का आकार बड़ा होगा। बल्कि यह इंगित करेगा कि आपका पेट फैलने के लिए पर्याप्त लचीला है।

6. एमनियोटिक द्रव की मात्रा

गर्भावस्था के दौरान बच्चे के आसपास के एमनियोटिक द्रव की मात्रा में उतार-चढ़ाव हो सकता है। बहुत अधिक और बहुत कम एमनियोटिक द्रव आपके बच्चे के लिए समस्या पैदा कर सकता है। गर्भावस्था के पहले 20 हफ्तों में, महिला का शरीर एमनियोटिक द्रव बनाता है, उसके बाद गर्भ में पल रहा बच्चा फेफड़ों से तरल पदार्थ का स्राव करने लायक विकसित हो जाता है । इस प्रकार, पेट के एमनियोटिक द्रव की मात्रा भी पेट के आकार को प्रभावित कर सकती है।

7. बच्चे का आकार

आनुवंशिकी आपके बच्चे के आकार को परिभाषित करने में एक प्रमुख भूमिका निभाएगी। यदि आप और आपके पति लंबे हैं, तो आपके बच्चे में यह लक्षण हो सकते हैं। इसके अलावा, जन्म का क्रम आपके बच्चे के वजन को निर्धारित कर सकता है। पहला बच्चा दूसरे बच्चे की तुलना में आकार में उतना बड़ा नहीं होगा। आपका पोषण भी आपके बच्चे के वजन को तय करेगा। यदि आपको पर्याप्त पोषण नहीं मिलता है, तो आपका बच्चा कम विकसित हो सकता है और उसी तरह इसके उलट भी हो सकता है ।

गर्भावस्था के समय पेट की वृद्धि को स्पष्ट करने के लिए साइज चार्ट

आपकी गर्भावस्था के विभिन्न चरणों के दौरान आपके बच्चे की वृद्धि को समझने में मदद करने के लिए यहाँ एक साइज चार्ट दिया गया है। पता करें कि आपके बच्चे के बढ़ते जाने के साथ आपका पेट कैसा दिखेगा और आप कैसा महसूस करेंगी।

गर्भावस्था का सप्ताह पेट का आकार
सप्ताह 1 – सप्ताह 4
  • ओवुलेशन होता है।
  • स्पर्म द्वारा अंडे का निषेचन होता है।
  • पेट के आकर में कोई ध्यान देने योग्य अंतर नहीं होता क्योंकि इस समय के दौरान बच्चे की लंबाई लगभग 2 मिमी होती है।
सप्ताह 4 – सप्ताह 8
  • बच्चा एक इंच तक बढ़ता है, लेकिन कोई बड़ा अंतर होने की संभावना नहीं है।
  • आप अपने पेट में कुछ टाइटनेस का अनुभव कर सकती हैं।
सप्ताह 8 – सप्ताह 12
  • बच्चा लगभग 2.5 से 3 इंच लंबा होगा। आप अपनी कमर में वृद्धि देख सकती हैं और आपकी पैन्ट्स टाइट हो सकती है।
सप्ताह 12 – सप्ताह 18
  • आपका बच्चा अब लगभग 5 इंच का हो जाएगा।
  • आपके पेट का उभार दिखने लगेगा और लोगों को गुड न्यूज देने का यह सही समय है।
सप्ताह 18 – सप्ताह 22
  • आपका बच्चा अब 7 इंच का हो जाएगा।
  • आपका बेबी बंप दोस्तों और रिश्तेदारों का ध्यान आकर्षित कर सकता है जो आपकी गर्भावस्था की स्थिति के बारे में पूछताछ कर सकते हैं।
सप्ताह 22 – सप्ताह 26
  • इस दौरान तेजी से विकास होगा, और आपका बच्चा 15 इंच तक लंबा हो जाएगा।
  • आपके पेट का आकार काफी बढ़ जाएगा।
सप्ताह 26 – सप्ताह 30
  • आपके बच्चे की वृद्धि अब स्थिर होगी और वह अब लगभग 18 इंच का होगा।
  • पेट के आकार में वृद्धि आपके बच्चे के विकास पर निर्भर करेगी।
सप्ताह 30 – सप्ताह 32
  • जबकि बच्चा अभी भी बढ़ रहा है, पेट के विकास की दर थोड़ी कम हो जाएगी।
  • हो सकता है कि आपका पेट उतना न बढ़े लेकिन निश्चित रूप से ऐसा लगेगा जैसे कि वह बाहर निकल रहा हो।
सप्ताह 32 – सप्ताह 36
  • आपका शिशु अब लगभग 19-22 इंच का होगा।
  • गर्भावस्था के दौरान आपका पेट अभी सबसे ज्यादा बढ़ेगा। यह एकदम भरा हुआ महसूस होगा लेकिन अब आपका वजन बहुत अधिक नहीं बढेगा।
  • पेट बड़ा और गोल दिखाई देगा।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

1. गर्भावस्था के दौरान मेरा पेट इतना बड़ा क्यों हो गया है?

विभिन्न कारणों से आपका पेट बड़ा हो सकता है जैसे कि सूजन, जो गर्भावस्था के दौरान एक आम समस्या है। यदि आप गर्भवती होने से पहले से ही ज्यादा मोटी हैं तो भी आपका पेट बड़ा हो सकता है। हालांकि, कभी-कभी यह जेस्टेशनल डायबिटीज का संकेत हो सकता है। यदि आपको गर्भावस्था के दौरान जेस्टेशनल डायबिटीज है, तो आपके बच्चे को बहुत अधिक मात्रा में शुगर मिलती है, जो उसे सामान्य की तुलना में बड़ा बना देगी। इससे आपके शरीर में अतिरिक्त एमनियोटिक द्रव भी हो सकता है, जो आपके पेट के आकार को फिर से बढ़ा सकता है।

अब आप गर्भावस्था के दौरान पेट के आकार और बच्चे के विकास के बारे में सब कुछ जानती हैं। अपने पेट में होने वाले परिवर्तनों का ध्यान रखने के लिए ऊपर दिए गए चार्ट की मदद लें। लेकिन ध्यान रखें कि ऊपर दिए गए माप रेफेरेंस के लिए हैं – वे आपके लिए पूर्णतः लागू हों यह जरूरी नहीं हैं।

संसाधन और संदर्भ:

स्रोत १
स्रोत २

यह भी पढ़ें:

प्रेगनेंसी कैलकुलेट करना: हफ्ते, महीने और तिमाही में
सरी प्रेगनेंसी: पहली से अलग कैसे है, संकेत, लक्षण, तैयारी और कॉम्प्लीकेशन्स