क्या पहली तिमाही में यौन संबंध बनाने से गर्भपात हो सकता है

क्या पहली तिमाही में यौन संबंध बनाने से गर्भपात हो सकता है

गर्भावस्था एक अद्भुत अनुभव है और यदि आप पहली बार गर्भवती हुई हैं तो आपके लिए यह समय ढेर सारी उत्सुकता, थोड़े डर और कुछ चिंताओं का हो सकता है। इस समय कुछ भी करने से पहले आपको डर लगता होगा और आप हर चीज का फैसला बहुत सोच-समझ कर लेती होंगी। गर्भावस्था की पहली तिमाही के दौरान आपके मन में बहुत सी बातें चल रही होंगी और आपके पास बहुत से सवाल भी होंगे। ऐसे में आपको इस बात का संदेह भी हो सकता है कि गर्भावस्था की पहली तिमाही में यौन संबंध बनाना सुरक्षित है या नहीं।

कई गर्भवती महिलाओं को लगता है कि गर्भावधि में यौन संबंध बनाने से गर्भपात हो सकता है। गर्भावस्था के दौरान किसी कारणवश गर्भ का अंत या गर्भ में पल रहे भ्रूण की मृत्यु हो जाने को गर्भपात कहा जाता है और गर्भधारण करने के लगभग 20 सप्ताह अर्थात पहली तिमाही में गर्भपात होने की संभावना अधिक होती है। लगभग 15 से 20% गर्भावस्था का अंत गर्भपात के कारण ही होता है। इस अवधि में बहुत सी महिलाओं को तो गर्भधारण और गर्भपात होने का एहसास भी नहीं होता।

क्या गर्भावस्था के शुरुआती दिनों में यौन संबंध बनाने से गर्भपात हो सकता है

आंकड़ों के अनुसार, गर्भधारण के पहले 13 सप्ताह के भीतर अधिकांश गर्भपात होते हैं। यदि इस दौरान एक गर्भवती महिला अपने साथी के साथ यौन संबंध बनाने का सोचती भी है, तो उसे इस बात का संदेह हो सकता है कि कहीं संभोग के कारण उसका गर्भपात न हो जाए परंतु यह बिलकुल भी सत्य नहीं है। यौन संबंध बनाने से गर्भपात होने की संभावना बहुत कम होती है। आमतौर पर किसी गुणसूत्र (क्रोमोसोम) संबंधी असामान्यता या समस्या के कारण ही गर्भपात होता है।

यदि गर्भावस्था में कोई भी समस्या नहीं है तो पहली तिमाही में यौन संबंध बनाना सुरक्षित है। डॉक्टरों के अनुसार वास्तव में गर्भावस्था की पूरी अवधि यौन संबंध बनाने के लिए सुरक्षित है। यदि आपकी गर्भावस्था स्वस्थ है, तो आप अपने साथी के साथ यौन संबंध बना सकती हैं, लेकिन आपकी यौन संबंध बनाने की अवस्थाएं सुरक्षित और आरामदायक होनी चाहिए। संभोग के दौरान गर्भाशय का एम्नियोटिक द्रव गर्भस्थ शिशु की रक्षा करता है। इसलिए आप चिंता न करें – अपने साथी के साथ यौन संबंध रखने से आपके बच्चे को कोई नुकसान नहीं होगा। लेकिन अगर आपको प्लेसेंटा प्रिविया (गर्भनाल नीचे की ओर होना) जैसी कोई समस्या है, तो आपको यौन संबंध बनाने से बचना चाहिए।

गर्भपात से कैसे बचें

हालांकि अधिकांश गर्भपात भ्रूण में गुणसूत्र संबंधी असामान्यताओं के कारण होते हैं, गर्भावस्था के दौरान जीवनशैली में कुछ बदलाव गर्भपात से बचने में मदद कर सकते हैं। गर्भावस्था में एक महिला को धूम्रपान, शराब पीने और नशा करने से बचना चाहिए। इस समय महिलाओं को कैफीन का सेवन भी कम से कम करना चाहिए क्योंकि कैफीन गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे बढ़ते शिशु के लिए लाभदायक नहीं होता है।

गर्भावस्था के दौरान संभोग करना अद्भुत हो सकता है। यदि आप अपने साथी के साथ यौन संबंध बनाती हैं तो आपके शरीर में खुशी देने वाले हार्मोन स्रावित होते हैं और इससे आप तनाव-मुक्त महसूस करती हैं और आपका मूड भी अच्छा रहता है। संभोग के माध्यम से आपका थोड़ा-बहुत शारीरिक व्यायाम भी हो जाता है। गर्भावस्था के दौरान यौन संबंध बिलकुल भी न बनाना सही विकल्प नहीं है। इसमें आपको थोड़ी हिचकिचाहट महसूस हो सकती है लेकिन यौन संबंध बनाने से आपकी गर्भावस्था को कोई खतरा नहीं होगा।

गर्भावस्था के दौरान यौन संबंध बनाने से कब बचना चाहिए

डॉक्टर के अनुसार यदि कुछ महिलाओं को निम्नलिखित शारीरिक समस्याएं हैं तो उन्हें गर्भावस्था के दौरान संभोग नहीं करना चाहिए।

प्लेसेंटा प्रिविया

  • प्लेसेंटा प्रिविया: प्लेसेंटा प्रिविया एक ऐसी समस्या है जिसमें अपरा या गर्भनाल गर्भाशय में नीचे की ओर स्थित होती है। यह गर्भाशय ग्रीवा को या तो आंशिक रूप से या पूरी तरह से ढक लेती है। इसका निदान अल्ट्रासाउंड स्कैन के माध्यम से किया जा सकता है। गर्भाशय में गर्भनाल निचले स्तर पर स्थित होने का सबसे आम लक्षण है, गर्भावस्था की तीसरी तिमाही में दर्द-रहित रक्तस्राव होना। इसके कुछ अन्य लक्षण हैं, गर्भ में पल रहे शिशु की अवस्था आड़ी या तिरछी होना। यह अवस्था बच्चे के विकास को बाधित कर सकती है और ऐसी स्थिति में आमतौर पर महिलाओं को पूरा आराम करने की सलाह दी जाती है। यह समस्या लगभग 200 महिलाओं में से 1 को होने की संभावना होती है।
  • गर्भाशय ग्रीवा अपर्याप्तता (सर्वाइकल इंसफिशिएंसी): जब गर्भवती महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा छोटी होती है और गर्भावस्था के दौरान इसका विस्तार अत्यधिक तेजी से होने लगता है। ऐसे मामले में गर्भपात या समय से पूर्व प्रसव की संभावना अधिक होती है। इस स्थति में गर्भवती महिलाओं को अधिक श्रम वाली गतिविधियां और संभोग करने से बचने के लिए कहा जाता है।यह समस्या 100 में से किसी 1 गर्भवती महिला को हो सकती है।

डॉक्टर से परामर्श कब करें

यदि आपको प्लेसेंटा प्रिविया जैसी समस्या है, तो निस्संदेह आपको अपने साथी के साथ यौन संबंध बनाने के बारे में सोचने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। इसके अलावा, यदि आप दर्दनाक ऐंठन या भारी रक्तस्राव का अनुभव करती हैं या यदि संभोग के बाद एम्नियोटिक द्रव का स्राव होने लगता है तो आपको डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

1. क्या गर्भावस्था की पहली तिमाही में यौन संबंध बनाना सुरक्षित है?

गर्भावस्था की पहली तिमाही और साथ ही पूरी गर्भावस्था में यौन संबंंध बनाना पूरी तरह से सुरक्षित है बशर्ते आपकी गर्भावस्था स्वस्थ होनी चाहिए। गर्भपात ज्यादातर पहली तिमाही में या गर्भावस्था के पहले 13 सप्ताह के दौरान अधिक होता है। जब आपकी गर्भावस्था की दूसरी तिमाही शुरू होगी तो गर्भपात की संभावना कम हो सकती है इसलिए आपको चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

2. गर्भावस्था के दौरान यौन संबंध बनाने की सर्वश्रेष्ठ मुद्राएं कौन सी हैं?

जब तक आप सहज महसूस करती हैं, ज्यादातर यौन मुद्राएं ठीक हो सकती हैं। जब तक आपको असुविधा महसूस नहीं होती है तब तक आपके लिए ओरल सेक्स भी सुरक्षित है। इस दौरान आप अपने साथी के साथ संभोग या यौन संबंध बिना किसी चिंता के बना सकती हैं।

संभोग करना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है और गर्भावस्था के दौरान यौन संबंध बनाने से आप तनाव-मुक्त और खुश रह सकती हैं।संभोग के कारण आपका गर्भपात नहीं होता है बशर्ते आपको कोई मुख्य चिकित्सीय या स्वास्थ्य समस्या न हो।यदि फिर भी आपके मन में कोई संदेह है तो डॉक्टर से परामर्श करें और उनकी सलाह अनुसार ही आगे बढ़ें।

यह भी पढ़ें:

पहली तिमाही के दौरान संभोग
गर्भावस्था की दूसरी तिमाही में संभोग