गर्भावस्था में पेट दिखना कब शुरू होता है

गर्भावस्था में पेट दिखना कब शुरू होता है

प्रेग्नेंसी के कई लक्षण होते हैं जैसे खूबसूरत त्वचा, बालों का चमकदार होना और वजन बढ़ना। हालांकि, जो चीज सबसे ज्यादा इस बात की पुष्टि करती है वो है एक महिला का बढ़ता हुआ पेट या बेबी बंप है। आपके बेबी बंप के दिखने के बाद ही आपके आस-पास के लोगों को पता चलता है कि आप गर्भवती हैं।

बेबी बंप कब दिखना शुरू होता है? 

एक बार जब आपको यह पता लग जाता है कि आप गर्भवती हैं, तो सबसे पहली बात जो आप जानना चाहती हैं, वह यह है कि, “मैं गर्भवती कब दिखूंगी?” अगर आप अपने डॉक्टर से अपने बेबी बंप के बारे में पूछें, तो वह सिर्फ इतना ही कहेंगे कि कोई निश्चितता नहीं है। कुछ महिलाओं में बेबी बंप जल्दी दिखाई दे सकता है और कुछ में बाद में। कुछ महिलाओं में, यह तब भी स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता है जब वे अपनी दूसरी तिमाही की आखिरी स्टेज में होती हैं। वैसे देखा जाए, तो यह आपके 12वें सप्ताह को पार करने के बाद दिखना शुरू हो जाना चाहिए। इस समय के दौरान फैलते हुए गर्भाशय और पेल्विक गर्डल से परे इसकी वृद्धि गर्भावस्था के दौरान आपके पेट को बड़ा करती है। इस समय के आसपास एमनियोटिक फ्लूइड भी बढ़ जाता है, जिससे आपका पेट बड़ा दिखने लगता है। तो, आइए समझते हैं कि गर्भावस्था के दौरान आपका बेबी बंप कब दिखाई देगा और वे कारण क्या हो सकते हैं जिनसे बेबी बंप जल्दी या देर से दिखाई देने लगता है।

वो कारण जो बेबी बंप के दिखने का समय निर्धारित करते हैं

ऐसे कई फैक्टर हैं जो यह निर्धारित करते हैं कि बेबी बंप कब दिखना शुरू होता है और आपके गर्भवती होने के बारे में आसपास के लोगों को पता चलता है। उनमें से कुछ नीचे दिए गए हैं।

1. माँ की आयु

एक माँ की उम्र यह निर्धारित करने के लिए सबसे बड़े कारकों में से एक है कि उसका पेट कब दिखना शुरू होगा। ज्यादा उम्र की महिलाओं में पेट जल्दी दिखना शुरू हो जाता है, क्योंकि कम उम्र की महिलाओं में पेट के आसपास के मस्कुलर टिशू अधिक मजबूत होते हैं।

2. पिछली गर्भावस्था

जब आप पहली बार गर्भवती होती हैं, तो आपका पेट थोड़ा देर में दिखाई देना शुरू होता है। पहली प्रेगनेंसी के बाद जब आप दोबारा गर्भधारण करती हैं तो आपका पेट जल्दी दिखने लगता है। इसका कारण यह है कि फासिका (फाइब्रस टिश्यू से बना एक बैंड) आपकी पिछली प्रेगनेंसी के समय पहले से ही फैला हुआ है। इस प्रकार, बाद के गर्भधारण के दौरान यह अधिक लोचदार होगा। इसके अलावा, गर्भाशय भी बड़ा हो जाता है, क्योंकि यह आपकी पहली गर्भावस्था के दौरान पहले ही काफी खिंचने के कारण अब फैला हुआ है।

3. आनुवांशिक कारण

यदि होने वाली माँ के परिवार की महिलाओं में बेबी बंप जल्दी या देर से दिखाई देने का इतिहास रहा हो तो वह भी उसी पैटर्न का पालन कर सकती है।

4. माँ का वजन

यदि गर्भवती महिला का वजन अधिक है और उसके पेट के चारों ओर एक्स्ट्रा लेयर है, तो उसका बेबी बंप सामान्य वजन वाली माँ की तुलना में हफ्तों बाद दिखाई दे सकता है। पेट के आसपास की चर्बी बंप को छुपा देती है। हालांकि, यह 18 सप्ताह के आसपास दिखाई देने लगता है जब बच्चा बड़ा होने लगता है।

5. एकाधिक गर्भावस्था

जुड़वां या इससे अधिक बच्चों के साथ गर्भवती महिला के लिए यह स्पष्ट है कि गर्भावस्था से जुड़ी हर चीज सामान्य से पहले हो जाती है। एक की तुलना में कई बच्चों को एडजस्ट करने के लिए गर्भ में अधिक जगह की आवश्यकता होती है। इसलिए, होने वाली माँ के गर्भ में कई बच्चे होने के कारण पहली तिमाही में ही बेबी बंप दिखना शुरू हो जाता है।

वो कारण जो बेबी बंप के दिखने का समय निर्धारित करते हैं

6. माँ के शरीर की बनावट

एक महिला का शरीर एक अहम फैक्टर है जो यह बताता है कि बेबी बंप कब दिखाई देगा। लंबाई में छोटी व पतली महिलाओं की तुलना में लंबी है और सेहतमंद महिलाओं का पेट 34 सप्ताह बाद दिखाई देने लगता है।

7. यूट्रस की स्थिति

रेट्रोवर्टेड यूट्रस (कूल्हे के पीछे की ओर झुका हुआ गर्भाशय) वाली महिलाओं में, सामान्य गर्भाशय वाली महिलाओं की तुलना में बाद में बेबी बंप दिखाई देता है। उसी तरह, एक एंटेवर्टेड यूट्रस (गर्भाशय आगे झुका हुआ) वाली महिलाओं में, यह सामान्य गर्भाशय वाली महिलाओं की तुलना में जल्दी, यानी पहली तिमाही में ही दिखाई दे सकता है।

8. गैस या कब्ज के कारण पेट फूलना

पेट में गैस होने पर (गर्भावस्था के दौरान काफी आम है) पेट बड़ा दिखाई दे सकता है, जिसे कभी-कभी लोग बेबी बंप समझने लगते हैं ।

9. ड्यू डेट का गलत होना 

क्या आप दूसरी बार गर्भवती हुई हैं और अपने 1415वें सप्ताह को पार कर चुकी हैं, और आपका बेबी बंप अभी तक दिखाई देना शुरू नहीं हुआ है? डॉक्टर से बात करें कि क्या आपको सही ड्यू डेट दी गई है। गलत ड्यू डेट के परिणामस्वरूप आपको कन्फ्यूजन हो सकता है, जिसके आधार पर आप बेबी बंप जल्दी या देर से दिखाई देने की अपेक्षा कर सकती हैं।

10. बच्चे का आकार

ज्यादातर मामलों में, गर्भ में पल रहे बच्चे का आकार बेबी बंप के जल्दी या देर से आने को प्रभावित करता है। यदि बच्चा आकार में छोटा है, तो बेबी बंप देर से दिखाई देगा और बड़े आकार के बच्चे के मामले में, यह जल्दी दिखाई दे सकता है।

11. वॉटर रिटेंशन 

कुछ महिलाओं को हाथ, पैर और चेहरे के साथ-साथ पेट के निचले हिस्से में वॉटर रिटेंशन का अनुभव हो सकता है। इससे पेट बड़ा दिख सकता है।

12. कपड़े

टाइट-फिटिंग कपड़े पहनना, खासकर पेट के आसपास, गर्भावस्था के दौरान, उभार को और अधिक दर्शाता है। दूसरी ओर, ढीले-ढाले कपड़े पहनने वाली गर्भवती महिलाओं में बेबी बंप आसानी से नहीं देखा जा सकता है।

आप गर्भवती हैं यह सबको पता चल रहा होगा या नहीं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। आज या कल, आपका बेबी बंप दिखाई देने ही लगेगा। जो बात सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है वह यह है कि आप बच्चे की अच्छी सेहत के लिए हेल्दी खाना खाएं, अच्छी नींद लें, आराम करें और जितना हो सके तनाव से बचें। गर्भावस्था के दौरान एक स्वस्थ बच्चे को जन्म देना आपका लक्ष्य होना चाहिए और इसके अलावा और कुछ भी मायने नहीं रखता।

यह भी पढ़ें:

गर्भावस्था के दौरान शारीरिक परिवर्तन – सप्ताह दर सप्ताह
गर्भावस्था के दौरान पेट का आकार – सप्ताह दर सप्ताह चार्ट
अपनी प्रेगनेंसी की गणना करें- महीने, हफ्ते और तिमाही के रूप में