छोटे बच्चों (0 से 12 महीने) के साथ खेलने के लिए बेस्ट गेम्स

छोटे बच्चों (0 से 12 महीने) के साथ खेलने के लिए बेस्ट गेम्स

जन्म के बाद बच्चे के शुरुआती 12 महीनों में, उसकी जिंदगी में विकास के कई पड़ाव आते हैं, जैसे बोलना, चलना, सामाजिक जागरूकता और भी बहुत कुछ। अगर शिशुओं के पोषण, आराम और भावनात्मक जुड़ाव की जरूरतें अच्छी तरह से पूरी होती रहें, तो वे प्राकृतिक रूप से एक स्वस्थ और संतुलित वयस्क के रूप में बढ़ते हैं। आगे चलकर, आप बच्चे को मानसिक और शारीरिक रूप से स्टिमुलेट करके उसके विकास को बढ़ावा दे सकती हैं, जिससे उसे अपने वातावरण को समझने और बेहतर तरीके से जानने में मदद मिलेगी।

रिसर्च यह दर्शाती हैं, कि इस प्रक्रिया में प्रमुख तत्व माता-पिता होते हैं, जो कि अलग-अलग तरीकों से बच्चों से इंटरैक्ट करने में अपना समय लगाते हैं। इस लेख में ऐसी कई मजेदार एक्टिविटीज बताई गई हैं, जो कि बच्चों के विकास में मदद कर सकती हैं। 

छोटे बच्चों के साथ कैसे खेलें? 

बच्चे के साथ पहला साल थोड़ा मुश्किल होता है। जिसके पीछे कई तरह के कारण होते हैं, जैसे कि असमय सोना-जागना, चिड़चिड़ापन, रोना, लगातार ध्यान देना और भी न जाने क्या क्या। जैसे-जैसे एक नवजात शिशु बड़ा होता जाता है, वह अपने वातावरण के संदर्भ में अपने शरीर को लेकर और भी जागरूक होता जाता है। अपने नए वातावरण को जानने के तरीकों में, जो एक सबसे आम तरीका है, वह है उसका मुंह ! बच्चे हर चीज को अपने मुंह में लेना चाहते हैं। इस दौरान हाथ और उंगलियां भी विकसित हो रही होती हैं, जिससे वे चीजों को मुट्ठी में भरने, चुटकी में पकड़ने, थामने और चीजों को उठाने में सक्षम होते जाते हैं। ऐसे कई खेल होते हैं, जो आप अपने बच्चे के साथ खेल सकती हैं, जिनसे उसे दुनिया का अनुभव लेने में मदद मिलती है। इसमें विजुअल कॉम्पोनेंट, सोशल बॉन्डिंग, हाथ और आंख का तालमेल, मोटर-स्किल और याददाश्त शामिल हैं। 

छोटे बच्चों के साथ कैसे खेलें? 

एक साल तक के छोटे बच्चों के साथ खेलने के लिए खेल

एक साल से कम उम्र के शिशु, एक चीज पर अधिक समय तक ध्यान केंद्रित नहीं कर पाते हैं। उनकी आयु, पर्सनालिटी और स्वभाव के कारण किसी एक चीज पर ध्यान को केंद्रित रखना उनके लिए मुश्किल हो सकता है। यही कारण है, कि एक ही खेल को बार-बार खेलने से उन्हें मदद मिलती है और वह उनके दिमाग में अच्छी तरह से बैठ जाता है। अगर आपका बच्चा इस एक्टिविटी को एंजॉय कर रहा है, तो वह हंसेगा या मुस्कुराएगा। वहीं, अगर वह इसमें दिलचस्पी लेता हुआ ना दिखे, तो खेल को बदल दें। 

जन्म से 3 महीने 

नवजात शिशु को अपने आसपास की ज्यादातर चीजों के बारे में जानकारी नहीं होती है, इसलिए उसे व्यस्त रखना आपको नामुमकिन या मुश्किल लग सकता है। पर असल में, एक छोटे से बच्चे के सेंसेस भी काम कर रहे होते हैं, जिन्हें स्टिमुलेट या शार्प किया जा सकता है। 

1. चीजों को ढूंढना

चीजों को ढूंढने से नजर का विकास होने में मदद मिलती है। इस एक्टिविटी के लिए आप चमकीले रंगों वाली चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं। जब आपका बच्चा अपनी पीठ के बल लेटा हो, तो किसी वस्तु को उसके चेहरे के सामने रखें, फिर धीरे से बाएं से दाएं तब तक घुमाएं, जब तक बच्चा अपनी आंखों से उसे फॉलो न करने लगे। 

2. नाचना-गाना

आप संगीत और मूवमेंट से उसका परिचय करा सकती हैं। एक रिलैक्स करने वाला गाना प्ले करें और बच्चे को अच्छी तरह से थाम कर गाने के साथ साथ कमरे में इधर-उधर घूमते हुए डांस करें। 

3. रिफ्लेक्शन को पहचानना

अपने बच्चे को आईने के सामने पकड़ें और उसकी छवि को दिखाएं। आप उससे पूछ सकती हैं, “यह कौन है?” इसी तरह अपनी, उसके भाई-बहन या किसी खिलौने आदि के रिफ्लेक्शन के साथ भी इस प्रक्रिया को दोहराएं। 

रिफ्लेक्शन को पहचानना

4 से 6 महीने

इस उम्र के बच्चे शारीरिक रूप से पहले से अधिक एक्टिव हो जाते हैं। वे करवट लेना, बैठना, अपने हाथों और मुंह में चीजों को पकड़ना शुरू कर देते हैं। अब आप कुछ और फिजिकल गेम्स उनके साथ खेल सकती हैं। 

1. बुलबुले बनाना

बुलबुलों के साथ खेलना काफी मजेदार होता है और अगर बच्चा चिड़चिड़ा हो रहा हो या रो रहा हो, तो उसके ध्यान को भटकाने के लिए यह एक मजेदार तरीका हो सकता है। आप पार्क में, नहाने के दौरान या फिर बच्चे को सुलाने के समय, कभी भी कहीं भी बुलबुले बना सकती हैं। 

2. हवाई उड़ान

चूंकि, अब आपका बेबी अपने सिर को उठा सकता है, आप उसे अपनी बाहों में उठा सकती हैं और उसे इस तरह से घुमा सकती हैं, जैसे कि वो उड़ रहा हो। 

3. खुशबुओं से परिचय कराना

घर में मौजूद तरह-तरह की खुशबुओं से उसका परिचय कराएं। यह एक्टिविटी उसके ध्यान को भटकाने के साथ-साथ अलग-अलग तरह की महक को जानना भी सिखाती है। इसके लिए आप दालचीनी, लौंग, जीरा जैसे हल्की खुशबू वाले मसालों के साथ-साथ, लोशन, क्रीम, साबुन और ऐसी ही अन्य चीजों का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। 

खुशबुओं से परिचय कराना

7 से 9 महीने

आपका बच्चा चीजों को पकड़ने और उन्हें एक हाथ से दूसरे हाथ में लेने के काबिल हो चुका होगा और उसने सारे घर में रेंगने की शुरुआत भी कर दी होगी। 

1. रास्ते में रुकावटें 

इसके लिए आप बच्चे के रेंगने के रास्ते में तकिए और रजाई जैसे बड़ी लेकिन मुलायम चीजों का इस्तेमाल कर सकती हैं, ताकि वह इनसे निपटना सीख सके। बच्चे की मोटर स्किल्स को बढ़ावा देने के लिए यह एक्टिविटी बहुत ही उपयोगी है। 

2. सेंसरी स्टिमुलेशन 

बच्चे बहुत शोर मचाते हैं, खासकर जब वे चीजों को उठाते हैं और फर्श या टेबल पर पटकते हैं। ऐसा वे आपको परेशान करने के लिए नहीं करते हैं, बल्कि वे इससे निकलने वाली आवाज को लेकर उत्सुक होते हैं। उन्हें चम्मच और घंटियों जैसी चीजें दें, जिससे अनोखी आवाजें आती हों। आप उन्हें एंब्रॉयडरी किया हुआ कपड़ा या दूसरी जटिल लेकिन नाजुक चीजें भी दे सकते हैं, ताकि महसूस करने की उनकी क्षमता और बेहतर हो सके। 

3. लुकाछिपी

लुकाछुपी या पीक-अ-बू एक ऐसा खेल है, जिसके माध्यम से बच्चे को किसी वस्तु के स्थायित्व के कांसेप्ट को समझने में मदद मिलती है। यानी कि, अगर कोई वस्तु नजर से ओझल हो जाए, तो भी वह कहीं ना कहीं मौजूद होती है। आप किसी दरवाजे या पर्दे के पीछे छुप सकते हैं और बच्चा आपको ढूंढ सकता है। आप एक कपड़े से अपना चेहरा ढक भी सकते हैं और जब बच्चा आप को पुकारने लगे तो अपना चेहरा बाहर निकाल सकते हैं। 

लुकाछिपी

10 से 12 महीने

इस उम्र में आपका बच्चा खड़ा होना, खुद को सीधा रखना, चढ़ना और ऐसी ही चीजें सीख रहा होता है। इस उम्र तक पन्ने पलटने जैसे फाइन मोटर स्किल्स का विकास भी होने लगता है। 

1. मूवमेंट को मस्ती में बदलना

जब बच्चा चलना सीखने लगता है, तो आप उसके पसंदीदा खिलौने को अलग-अलग जगह पर रख सकती हैं। वह उन्हें लेने के लिए जाएगा और इस तरह उसके चलने को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही उसे कमरे में चीजों को धकेलना भी सिखाएं, इससे उसमें संतुलन की एक भावना स्थापित होने में मदद मिलेगी। 

2. नकल का खेल

एक साल के बच्चे आवाज और हाव-भाव की नकल करना पसंद करते हैं। आप अजीब-अजीब आवाजें निकालकर और अजीब चेहरे बनाकर उन्हें प्रोत्साहित कर सकती हैं। बच्चा आपकी नकल करना शुरू कर देगा या अपनी तरह से आपको प्रतिक्रिया देगा। 

3. चीजों को व्यवस्थित रखना

आपका बेबी इस उम्र तक यह सीखना शुरू कर चुका होता है, कि उसके आसपास की दुनिया एक व्यवस्था से चलती है। इस व्यवस्था को मेंटेन कैसे करना है, यह सिखाने के लिए, आप उसे कुछ खिलौने और दूसरी चीजें दे सकती हैं और उन्हें आकार रंग और आकृति के अनुसार कैसे व्यवस्थित रखना है, यह दिखा सकती हैं। इससे वह यह भी समझ पाएगा, कि इस व्यवस्था को स्थापित करने का कोई एक सख्त तरीका नहीं है, बल्कि ऐसा कई तरह से किया जा सकता है। 

चीजों को व्यवस्थित रखना

पेरेंट्स के लिए टिप्स

बच्चों के शुरुआती विकास में एक्टिविटीज और खेल बहुत जरूरी होते हैं। शिशु के साथ खेलने के लिए यहां पर माता-पिता के लिए कुछ टिप्स दिए गए हैं, जिनकी मदद से यह अनुभव आपके बच्चे के लिए मजेदार के साथ-साथ शिक्षाप्रद भी बन जाएगा। 

  • बच्चे के साथ खेलने को एक फैमिली एक्टिविटी बनाएं। इससे बच्चे और परिवार के बीच करीबी रिश्ते में मजबूती और प्रगाढ़ता आएगी। 
  • अपने बच्चे के साथ खेलने के लिए समय निकालें। जैसा कि पहले बताया गया है, छोटे बच्चों के विकास के जरूरी तत्वों में से एक है, माता-पिता की एक सक्रिय मौजूदगी। इस लेख में उल्लेख की गई एक्टिविटीज बिल्कुल साधारण हैं और इनके लिए किसी खास कमरे या चीजों की जरूरत नहीं है। 
  • इस बात का ध्यान रखें, कि इन एक्टिविटी में आने वाली समस्याओं का समाधान बच्चा ही निकाले। आपकी भूमिका केवल एक सेटअप तैयार करने और किसी जरूरी चीज के लिए बच्चे की मदद करने तक ही है। 
  • जब बच्चे खेल रहे हों, तो उन पर निगरानी रखें। अगर आप उन्हें किसी तरह का रूखा व्यवहार करता हुआ देखें, जैसे कि शेयर करने से मना करना या हाथापाई करना, तो आपको उसमें दखलअंदाजी करनी चाहिए और उन्हें अच्छी तरह से खेलना सिखाना चाहिए। 
  • जरूरत पड़ने पर बच्चे को खेलने के लिए अलग-अलग तरह की चीजें देने से कतराएं नहीं। जब बच्चों को विभिन्न प्रकार के रंगों, आवाजों, महक और टेक्सचर का अनुभव मिलता है, तो वातावरण को समझने की क्षमता का विकास उनमें बेहतर तरीके से होता है। 
  • एक्टिविटी में इस्तेमाल की गई चीजें किस चीज से बनी हैं, इसके बारे में जानकारी रखें। उदाहरण के लिए 12 महीने से कम उम्र के बच्चों के लिए प्लास्टिसाइन और क्ले अच्छा नहीं है, क्योंकि वे उन्हें निगल सकते हैं। इसी तरह से प्लास्टिक के दूसरे खिलौनों में केमिकल वाले रंग हो सकते हैं और अगर बच्चा उन्हें लंबे समय तक मुंह में रखता है, तो वे उसके शरीर में जा सकते हैं। 
  • उनकी एक्टिविटीज के लिए किसी तरह के नियम न बनाएं। उन्हें अपनी क्रिएटिविटी और आइडिया का निर्माण करने दें। उनके साथ एक ऐसे वातावरण में खेलें, जिसमें ध्यान को भटकाने वाले तत्व न हों। किसी तरह की रुकावटों से दूर रहें, खासकर टीवी से। 

बढ़त और विकास एक बायोलॉजिकल शेड्यूल के अनुसार होते हैं। थोड़ा-बहुत अंतर होने के बावजूद, ज्यादातर बच्चे एक ही पैटर्न को फॉलो करते हैं, जिसमें करवट बदलने से लेने से लेकर बैठना, रेंगना, खड़े होना, चलना और इसके बाद बाकी की चीजें शामिल हैं। इस बात का भी ध्यान रखें, कि हर बच्चा अलग होता है और दूसरे बच्चों के साथ उसकी तुलना करने का कोई अर्थ नहीं है। कुछ बच्चों को चीजों को सीखने में अधिक समय लगता है, वहीं कुछ इसे जल्दी से सीख सकते हैं। पर अंत में वयस्क होने पर, इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता है। लेकिन अगर आपका बच्चा विकास के हर पड़ाव तक पहुंचने में बहुत अधिक समय लगाता है, तो इसके पीछे का कारण कोई छिपी हुई समस्या हो सकती है। ऐसे मामले में अपने पीडियाट्रिशियन से संपर्क करें। 

यह भी पढ़ें: 

क्या बहुत ज्यादा खिलौनों से बच्चे के विकास को नुकसान होता है?
बेबी एक्टिविटीज – बच्चों के लिए मनोरंजक खेल
शिशुओं के खेलने और मूवमेंट करने का महत्व